हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष सुभाष बराला ने इस्तीफा दिया
हरियाणा में 'अबकी बार 75 पार' का नारा देनी वाली भाजपा 90 विधानसभा सीटों के रूझान में पूर्ण बहुमत से दूर दिख रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला खुद अपनी सीट हार रहे हैं। इसी सबके चलते उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उधर, भाजपा आलाकमान ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को दिल्ली तलब किया है।
गौरतलब है कि सभी 90 सीटों के रूझान आ चुके हैं और किसी भी दल को पूर्ण बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है। यहां सत्तारूढ़ दल भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला दिख रहा है।
रूझानों में टोहाना सीट से उम्मीदवार बराला जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार देवेंद्र सिंह बबली से 25,090 मतों से पीछे चल रहे हैं।
टोहाना में हार के अंदेशे से बराला मतगणना के बीच में ही मतदान केंद्र छोड़कर चले गए।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि बराला ने प्रदेश पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।
मतदान से पहले हरियाणा में 75 सीटें जीतने का दावा करने वाली भाजपा 35 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस भी 35 सीटों पर आगे है। जजपा 10 सीटों पर आगे चल रही है।
यही रूझान कायम रहते हैं तो जजपा किंगमेकर की भूमिका में आ सकती है।
आलाकमान ने खट्टर को दिल्ली तलब किया
उधर, भाजपा आलाकमान ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को दिल्ली तलब किया है।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि आलाकमान ने खट्टर को दिल्ली बुलाया है।
हरियाणा में यदि यही रुझान परिणाम में बदलते हैं तो किसी भी दल को सरकार गठन के लिए साधारण बहुमत नहीं मिलेगा।
उधर, कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि उनकी पार्टी के आलाकमान ने भी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दिल्ली बुलाया है।
पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला ऐसी स्थिति में राज्य में ‘किंगमेकर’ की भूमिका अदा कर सकते हैं।
उनकी जननायक जनता पार्टी (जजपा) विधानसभा चुनाव में पहली बार उतरी हे और 10 सीटों पर आगे है।
चौटाला उचाना कलां सीट से अपनी प्रतिद्वंद्वी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की पत्नी प्रेमलता से काफी आगे चल रहे हैं।
पूर्व सांसद ने कहा, ‘‘अब तक, हमें किसी भी पार्टी से समर्थन का आग्रह नहीं मिला है...हमने कल शुक्रवार को पार्टी की कार्य समिति की बैठक बुलाई है।’’
इस बीच, जजपा समर्थक और कार्यकर्ता जींद में पार्टी कार्यालय के सामने जश्न मनाते देखे गए। उन्होंने मिठाइयां बांटीं और विश्वास जताया कि दुष्यंत चौटाला अगले मुख्यमंत्री होंगे।
(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।