Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

झारखंड विधानसभा: रघुबर की विदाई लगभग तय, रूझानों में जेएमएम-कांग्रेस सरकार के आसार

झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों की तस्वीर अब साफ होने लगी है। रुझानों में यहां से सत्ताधारी भाजपा की विदाई तय दिख रही है। अभी बीजेपी 28 सीटों पर आगे है तो महागठबंधन में शामिल जेएमएम 24, कांग्रेस 13  और आरजेडी 5 सीटों पर आगे है।
jharkhand election

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को मतगणना जारी है और अब तक मिले रुझानों के अनुसार, राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर भाजपा आगे चल रही है वहीं विपक्षी झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन 42 सीटों पर आगे है। विपक्षी झामुमो 24 विधानसभा सीटों पर, कांग्रेस 13 विधानसभा सीटों पर, राजद पांच विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है।

वहीं जेवीएम (पी) चार सीटों पर, आजसू तीन विधानसभा सीटों पर आगे चल रही हैं। राज्य में पांच चरणों में विधानसभा चुनाव हुए थे।

जिन विधानसभा सीटों पर भाजपा आगे है वह सीटें बाघमारा, बरही, बिष्णुपुर, दुमका, जमशेदपुर (पश्चिम),चंदनकियारी, पाकुड़, पनकी, पोटका, सिमडेगा, तोरपा, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, डाल्टनगंज, धनबाद, गिरिडीह और भावनाथपुर हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास जमशेदपुर (पूर्व) सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी निर्दलीय उम्मीदवार सरयू राय से 139 मतों से आगे चल रहे हैं।

शहरी विकास मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार सीपी सिंह रांची पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी झामुमो के महुआ मांझी से 1,616 से आगे चल रहे हैं। श्रम मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार राज पालीवाल मधुपुर सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी झामुमो के हाजी हुसैन अंसारी से 1,593 मतों से आगे हैं।

झारखंड विधानसभा अध्यक्ष दिनेश ओरांव सिसई सीट पर 6,000 मतों से पीछे चल रहे हैं। झामुमो शिकारीपारा, गुमला, सिसई, चाइबासा, बोरियो, चक्रधरपुर, डुमरी, घाटशिला, गढ़वा, लिट्टीपाड़ा और महेशपुर सीट पर आगे है।

झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा सीट पर भाजपा के सिमोन माल्टो से 1,672 मतों से आगे चल रहे हैं लेकिन दुमका सीट पर वह भाजपा उम्मीदवार लुईस मरांडी से 7,858 मतों से पीछे चल रहे हैं।

कांग्रेस बेरमो, जगन्नाथपुर, बोकारो, बरकागांव, बरही सीट पर आगे चल रही है। राजद चतरा, छतरपुर, गोड्डा और देवगढ़ विधानसभा सीट पर आगे है।

बसपा बिश्रामपुर और हुसैनाबाद विधानसभा सीट पर आगे है जबकि आजसू गोमिया और जुगसलाई विधानसभा सीट पर आगे चल रही है। आजसू के उमा कांत रजक चंदनकियारी सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राज्य के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार अमर कुमार बाउरी से 1,260 से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री और जेवीएम (पी) के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी धनवार सीट पर सीपीआई (एमएल-लिबरेशन) के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राज कुमार यादव से 2,841 मतों से आगे हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो सिल्ली सीट पर झामुमो उम्मीदवार सीमा देवी से 284 मतों से पीछे हैं।

तस्वीर साफ होने के साथ ही कांग्रेस दफ्तर में हुई आतिशबाजी

झारखंड विधानसभा चुनाव के अब तक मिले रुझानों में कांग्रेस-झामुमो-राजद गठबंधन को बहुमत मिलने के स्पष्ट संकेत के बाद सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। पार्टी मुख्यालय के बाहर आतिशबाजी के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रणव झा ने कहा, 'यह तय था क्योंकि भाजपा सरकार ने झारखंड और वहां की जनता के साथ अन्याय किया था।

आदिवासियों की जमीन छीन ली गयी। लोगों ने पहले ही मन बना लिया था कि इस सरकार को हटाना है।' झारखंड में गठबंधन की जीत प्रबल संभावना नजर आने के साथ ही कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां भी बांटी।

(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

इसे भी पढ़े: झारखंड विधानसभा चुनाव: शुरुआती रूझानों में भाजपा को झटका, महागठबंधन को बढ़त

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest