Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

कमलनाथ का इस्तीफ़ा, पूछा-‘मेरा क्या कसूर’; भाजपा पर षड्यंत्र का आरोप

मध्यप्रदेश में 15 महीने से सत्ता पर काबिज़ कांग्रेस आज सत्ता से बाहर हो गई। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आज, शुक्रवार को कांग्रेस को सदन में बहुमत साबित करना था, लेकिन इसके पहले ही मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया।
कमलनाथ का इस्तीफ़ा

पिछले 10 दिनों से कांग्रेस पार्टी मध्यप्रदेश में अपनी सरकार बचाने का पुरजोर कोशिश कर रही थी, लेकिन अपने बागी विधायकों से संपर्क नहीं कर पाने और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार आज, शुक्रवार, 20 मार्च को ही विधानसभा में बहुमत साबित करने के आदेश के बाद सरकार बचा पाने में नाकाम रही। आज मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विधानसभा में बहुमत साबित करने से पहले एक पत्रकार वार्ता में भाजपा पर तीखे प्रहार करते हुए यह घोषणा की कि वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा देने जा रहे हैं। उनकी इस घोषणा के बाद मध्यप्रदेश में 15 महीने पुरानी कांग्रेस सरकार सत्ता से बाहर हो गई।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस्तीफा देने से पहले यह कहा, ‘‘मेरा क्या कसूर, मेरी क्या गलती।’’ उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को 5 साल का मौका दिया था, लेकिन भाजपा पहले ही दिन से सरकार को अपदस्थ करने की निरंतर साजिश रचती रही। भाजपा हर 15 दिन पर कहती थी कि कांग्रेस की सरकार 15 दिनों की है, गणतंत्र दिवस पर झंडा भाजपा फहराएगी। लेकिन कांग्रेस ने सदन में तीन बार अपना बहुमत सिद्ध किया। भाजपा को कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विकास कार्य और माफिया के खिलाफ अभियान रास नहीं आ रहा था। कांग्रेस सरकार पर एक भी घोटाले के आरोप नहीं लगे।

Resignation to Governer by Kamalnath.jpg

इस बीच कमलनाथ ने सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि किसानों की कर्ज माफी, माफिया राज का खात्मा, मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान, युवाओं को रोजगार, आदिवासियों को साहूकारों के कर्ज से मुक्ति, सभी को 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली जैसे काम भाजपा को रास नहीं आया।

उन्होंने कहा कि भाजपा को डर था कि कांग्रेस के इन कामों की बदौलत प्रदेश की बागडोर उसे कभी नहीं मिलेगी, इसलिए उसने पहले महत्वकांक्षी सिंधिया को अपने पाले में किया और फिर होली के दिन कांग्रेस के विधायकों को प्रलोभन देकर बंधक बना लिया। करोड़ों रुपये खर्च करके खेल खेला गया। एक महाराज (ज्योतिरादित्य सिंधिया) और 22 लोभियों को प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि कमलनाथ को भाजपा का प्रमाण-पत्र नहीं चाहिए, बल्कि जनता का प्रमाण-पत्र चाहिए। उन्होंने कहा कि वे सौदेबाजी एवं नीलामी की राजनीति में कभी नहीं पड़े। भाजपा उनके हौसले को नहीं डिगा सकती। भाजपा का यह षड्यंत्र सफल नहीं हो पाएगा। उन्हें यह याद रखना होगा कि आज के बाद कल आता है और कल के बाद परसो भी आता है। कल के बाद परसो आएगा।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने त्यागपत्र में लिखा है, ‘‘मैंने अपने 40 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में हमेशा से शुचिता की राजनीति की है और प्रजातांत्रिक मूल्यों को सदैव तरजीह दिया है। मध्यप्रदेश में पिछले 2 हफ्ते में जो कुछ हुआ, वह प्रजातांत्रिक मूल्यों के अवमूल्यन का एक नया अध्याय है। मैं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के पद से अपना त्यागपत्र दे रहा हूं। साथ ही नए बनने वाले मुख्यमंत्री को मेरी शुभकामनाएं। मध्यप्रदेश के विकास में उन्हें मेरा सहयोग सदैव रहेगा।’’

इस बीच यह खबर है कि मध्यप्रदेश कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल ने भाजपा को अपना समर्थन देने की बात की है।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest