Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

किसान आंदोलन : महाराष्ट्र से किसानों का दिल्ली कूच का दूसरा दिन

"मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं एक दिन इस तरह दिल्ली जाऊंगा। लेकिन इस सरकार ने हमारे लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं छोड़ा है। इसने हमें अपने भविष्य के लिए लड़ने के लिए मजबूर कर दिया है।"
किसान आंदोलन

महाराष्ट्र से हज़ारों किसानों का व्हीकल (गाड़ियों) का जत्था दिल्ली के लिए सोमवार को नासिक से रवाना हो चुका है। आज उसका दूसरा दिन और देर शाम तक मध्य प्रदेश बॉर्डर पहुंचने की उम्मीद है। ये किसान भी देश के बाकी राज्यों पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश आदि की तरह नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली प्रदर्शन करने आ रहे हैं।

यह जत्था अखिल भरतीय किसान सभा के नेतृत्व में दिल्ली कूच कर रहा है। जगह जगह पर किसान और आम जनता इन जत्थों को रोककर उनका स्वागत कर रहे हैं।

image

किसान नेताओं ने दिल्ली रवाना होने से पहले शिवाजी महाराज, महात्मा फुले और डॉ. अम्बेडकर की मूर्तियों को नमन कर मोदी सरकार और किसान विरोधी कानून के खिलाफ लड़ने की शपथ ली।

किसान पिछले कई दिनों से दिल्ली में राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को किसान सभा के नेतृत्व में महाराष्ट्र से हजारों किसान और मज़दूर, दिल्ली में किसान आंदोलन में भाग लेने के लिए रवाना हुए।

महाराष्ट्र के किसानों में भी उत्साह और जोश भरपूर है। दिल्ली रवाना हो रहे महाराष्ट्र के सतारा के किसान मानिक अघड़े ने कहा "हम दिल्ली में ठंड से डरते नहीं हैं। मोदी सरकार द्वारा शुरू किए गए कानून अधिक खतरनाक हैं (सर्दियों की तुलना में)। हम सड़क पर बैठेंगे और सड़क पर भोजन करेंगे लेकिन, हम इन कानूनों के वापस लिए जाने तक वापस नहीं आएंगे।"

उन्होंने न्यूज़क्लिक को बताया "यह केवल पंजाब और हरियाणा के किसानों का संघर्ष नहीं है। यह सभी भारत के किसानों के लिए है। आज (सोमवार) हम यहां से अपना मार्च शुरू कर रहे हैं। इसके बाद में, देशभर के हजारों अन्य किसान दिल्ली के द्वार पर पहुंचेंगे।"

महाराष्ट्र के 21 जिलों के हजारों किसान सोमवार सुबह नासिक में अपने वाहन, और राशन के साथ गोल्फ क्लब मैदान एकत्र हुए थे। वहां अडानी, अंबानी, कॉर्पोरेट कंपनियों और मोदी के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद किसान आंदोलन में शहीद किसानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद किसान सभा के नेतृत्व में जनसभा हुई।

image

इस जनसभा में कई जन संगठन और राजनीतिक दलों के कई नेताओं ने किसानों को संबोधित किया। अखिल भारतीय किसान सभा के नेता डॉ. अशोक धवले, जेपी गावित, किशन गुज्जर, डॉ. अजीत नवले, सुनील मालुसारे, केरल के सांसद व अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उप सचिव के. के. रागेश व अन्य ने भाषण दिए। जबकि अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राष्ट्रीय महासचिव मरियम धवले, सीटू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. डी एल कराड, सीटू विधायक विनोद सहित कई सम्मानित किसान नेताओ ने हार्दिक शुभकामनाएं दी। इसके बाद आंदोलनकारी किसान और किसान नेता दिल्ली की ओर रवाना हुए।

image

गोल्फ़ क्लब ग्राउंड से शाम 5:30 बजे सैकड़ों वाहनों के साथ वाहन मार्च रात 8 बजे मुंबई-आगरा हाईवे पर ओज़र, पिम्पलगांव बसवंत, शिरवाडे (वाणी) से होते हुए चंदवाड में प्रवास पर पहुंचा।

image

यहाँ किसानों ने खुद अपनी गाड़ियों में लकड़ी और गैस चूल्हे, राशन निकलकर भोजन बनाया और खेतों में खाना खाकर रात आराम किया और फिर मंलवार सुबह दिल्ली की ओर कूच शुरू कर दिया। किसानों का यह पूरा समूह 23 दिसंबर की सुबह महाराष्ट्र की सीमा को पार कर जाएगा और 24 दिसंबर की शाम को राष्ट्रीय राजधानी की सीमा तक पहुंचने की उम्मीद है।

अखिल भारतीय किसान सभा के अध्यक्ष अशोक धवले ने कहा कि "यह भारत के बहुमत की आर्थिक स्वतंत्रता के लिए लड़ाई है। देश में लगभग 65% आबादी कृषि पर निर्भर है और मोदी सरकार उनकी आय का एकमात्र स्रोत अपने पूंजीवादी दोस्तों को सौंपने की कोशिश कर रही है। ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है।" उन्होंने आगे कहा कि जब तक कानून वापस नहीं लिया जाता, तब तक किसानों ने विरोध करने का फैसला किया है।

image

अपने साथी किसानों के साथ मार्च करते हुए, 38 साल के पालघर के संतोष कामदी पहली बार दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने न्यूजक्लिक से कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं एक दिन इस तरह दिल्ली जाऊंगा। लेकिन इस सरकार ने हमारे लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं छोड़ा है। इसने हमें अपने भविष्य के लिए लड़ने के लिए मजबूर कर दिया है। "

(न्यूज़क्लिक संवादाता अमय तिरोदकर के इनपुट के साथ )

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest