Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

विपक्षी एकता की पहल और कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा

देश में भाजपा के विजयी रथ को यदि रोकना है तो कांग्रेस को अभी से जनता के बीच आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपना रुख स्पष्ट करने की ज़रूरत है। पार्टी नेताओं के भीतर भी यह संदेश जाना चाहिए कि वक़्त देश जोड़ने का है कांग्रेस तोड़ने का नहीं।
Bharat jodo yatra

स्वराज इंडिया पार्टी के नेता और किसान नेता योगेंद्र यादव ने बहुत दुखी होकर एक बार कहा था कि कांग्रेस का मर जाना ही बेहतर होगा। आज वही योगेंद्र यादव कांग्रेस द्वारा आयोजित भारत जोड़ो यात्रा में बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। उनका मानना है कि इस यात्रा से देश को जोड़ने में मदद मिलेगी। आखिर उनका मत कांग्रेस के प्रति क्यों बदला यह वे ही बता सकते हैं, लेकिन उनके इस निर्णय के पीछे जो बात हो सकती वह यह कि आज पूरा देश घनघोर सत्तावादी निज़ाम के तहत है जो न किसी भी किस्म की आलोचना को बर्दाश्त करने को तैयार है और न ही किसी जन-प्रतिरोध को बर्दाश्त करने को तैयार है।

यह उनका ही नहीं बल्कि देश के करोड़ों लोगों का मानना है कि मोदी सरकार देश के आर्थिक और राजनीतिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसलिए ऐसे बहुत से लोग हैं जो चाहते हैं कि देश की बड़ी विपक्षी पार्टी होने के नाते कांग्रेस अपनी भूमिका को बेहतरीन ढंग से निभाए ताकि सत्तावादी, कॉर्पोरेट-उन्मुख और सांप्रदायिक मोदी निज़ाम को आने वाले चुनावों में सत्ता से दूर किया जा सके।

विपक्षी एकता की नई पहल

हाल ही में नीतीश कुमार के महागठबंधन में शामिल होने से इस तरह के लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं और एक बार फिर नए सिरे से विपक्षी एकता को मजबूत करने की पहल होने लगी है। नीतीश कुमार और लालू यादव ने हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके निवास पर मुलाक़ात की। मुलाक़ात के बाद मीडिया से बात करते हुए लालू प्रसाद यादव ने कहा कि सोनिया गांधी ने उनसे कहा है इस पर चर्चा कांग्रेस के नए अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद ही होगी। विपक्षी एकता की पहल को आगे बढ़ाते हुए कई पार्टियों के नेता जिसमें, जद-यू से नीतीश कुमार, माकपा से सीताराम येचुरी, आरजेडी से तेजस्वी यादव, अकाली दल से सुखबीर सिंह बादल, रांकपा से शरद पवार जैसे नेता चौधरी देवीलाल के जन्मदिन के मौके पर हरियाणा के फतेहाबाद में आयोजित जनसभा में मिले और विपक्षी एकता मजबूत करने तथा मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

उत्तर से दक्षिण तक और पूर्व से लेकर पश्चिम तक सभी विपक्षी पार्टियां विपक्षी एकता पर ज़ोर दे रही हैं ताकि 2024 में भाजपा के विजय रथ को रोका जा सके, क्योंकि मोदी सरकार की नीतियों की वजह से देश में एक तरफ अनियंत्रित महंगाई बढ़ रही है और दूसरी तरफ सबसे भयंकर बेरोजगारी बढ़ रही है। आज़ादी के बाद इतने बड़े स्तर की बेरोजगारी कभी नहीं देखी गई है। एक अनुमान के अनुसार मोदी के कार्यकाल में करीब 2 करोड़ लोग रोजगार से बाहर हुए हैं। महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी के चलते परिवार गंभीर आर्थिक संकट का समाना कर रहे हैं और करोड़ों लोग भूख और तंगहाली का शिकार हो रहे हैं।

क्या कांग्रेस इस चुनौती के लिए तैयार है

अब सवाल यह उठता है कि क्या कांग्रेस इस चुनौती के लिए तैयार है? क्या वह भाजपा को शिकस्त देने के लिए एक मुख्य विपक्षी पार्टी की भूमिका निभा पाएगी? यही वह सवाल है जो सब की जुबां है। लेकिन लोग कांग्रेस में रोज़मर्रा के ड्रामे को देखते हुए थोड़े आशंकित हैं।

इसमें कोई शक नहीं कि भारत जोड़ो यात्रा बड़े जोश के साथ शुरू हुई और लोग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। यहाँ यात्रा के रूट की बात करना उचित नहीं होगा क्योंकि वह एक विवाद का मुद्दा है। लेकिन फिर भी इस यात्रा से भाजपा के भीतर चिंता दिखी। राहुल गांधी जो इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं, वह यात्रा कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक 150 दिनों तक चलेगी। यात्रा का उद्देश्य समाज के भीतर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को रोकने पर ध्यान केंद्रित करना तो है साथ ही कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना भी है।

भारत जोड़ो यात्रा को सोशल मीडिया में भारी समर्थन मिल रहा है। यात्रा में स्थानीय भीड़ शामिल हो रही हैं और राहुल गांधी जितना हो सके आम लोगों के साथ फोटो खिंचवा रहे हैं। खासकर जब भी महिलाएं और बच्चे उनके पास जाते हैं, वे उन्हे गले लगाते हैं और मुस्कुराते है। कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम इन वीडियो और फोटो को दूर-दूर तक फैलाने का काम कर रही है क्योंकि मुख्यधारा का मीडिया यात्रा को कोई तवज्जो नहीं दे रहा है।

हालांकि, शासक पार्टी के आईटी-सेल या भाजपा के नेताओं की सभी किस्म के नकारात्मक प्रचार के बाद भी यात्रा सफलतापूर्वक चल रही है। लेकिन भारत जोड़ो यात्रा के मक़सद को कांग्रेस ही विफल करती नज़र आ रही है। पहले की बात छोड़ दें, यात्रा के दौरान ही कांग्रेस के भीतर जो घमासान मचा है वह यात्रा के लाभ को कम कर देता है। यहाँ विडम्बना यह है कि जैसे-जैसे यात्रा गति पकड़ रही है, कांग्रेस राजस्थान में बड़े संकट में फंसती जा रही है, जिसे यदि समय रहते संभाला नहीं गया, तो एकमात्र बड़े राज्य में कांग्रेस का पतन हो सकता है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थकों ने, जो हाल तक कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव में उम्मीदवार थे, ने स्पष्ट कर दिया है कि मुख्यमंत्री के पद पर उसी व्यक्ति को लाना चाहिए जो भाजपा के खिलाफ मजबूती से खड़ा रहा हो, नहीं तो सभी विधायक सामूहिक रूप से इस्तीफा दे देंगे। यह एक स्पष्ट संकेत है कि सचिन पायलट - जिसे 'हाईकमान' मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं वे विधायकों को स्वीकार नहीं है।

उनका कहना है कि, “पायलट वही हैं जिन्होंने पार्टी के खिलाफ विद्रोह किया था, और अपने समर्थकों के साथ एक रिसॉर्ट में छिप गए थे, अंततः गांधी उन्हे शांत करने में कामयाब रहे थे। पायलट और गहलोत के बीच तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और लगता है न कभी होगा क्योंकि अधिकांश विधायक मुख्यमंत्री गहलोत के साथ हैं। गहलोत अब कांग्रेस पार्टी के चुनाव से हट गए हैं, इसलिए अब राजस्थान में यथास्थिति बनी रहेगी। लेकिन आगे यह क्या गुल खिलाएगा अभी देखना बाकी है।

कांग्रेस ने जितने भी राज्यों में चुनाव जीते हैं, जिसमें कर्नाटक और मध्य प्रदेश शामिल हैं वह उनमें सत्ता बरकारार नहीं रख पाई, क्योंकि उनके विधायक दल-बदल कर भाजपा में चले गए। यही नहीं कई राज्यों के क़द्दावर नेता कांग्रेस छोड़ भाजपा में चले गए हैं। यानी यदि आप 2014 से इसका लेखा-जोखा लें तो आपको पता चलेगा कि कोई प्रदेश ऐसा नहीं है जहां कांग्रेस के बड़े नेता भाजपा में न शामिल हुए हों। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही हिमाचल के कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष भाजपा में शामिल हो गए। गोवा में बहुमत विधायक भाजपा में शामिल हो गए। 

इन हालात में हर कोई इस बात को सोचने पर मजबूर हो जाता है और खासकर वह जनता जो अपना मत देकर राजनीतिक पार्टियों को सत्ता में भेजती है, यदि कांग्रेस के नुमाइंदों को चुनकर भेज भी दे तो इस बात की क्या गारंटी है कि कांग्रेस के टिकट पर जीतकर सत्ता और धन के लालच में या ईडी, सीबीआई के डर से भाजपा में नहीं जाएंगे? तो फिर लोग सोचने लगते हैं कि ऐसी पार्टी को वोट देने से क्या फायदा। आम जनता में यह मानसिकता बहुत तेजी से काम करती है। और भाजपा ने इस मानसिकता बेज़ा फ़ायदा उठाया है। इसलिए कुल-मिलाकर आज कांग्रेस पार्टी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

भारत जोड़ो यात्रा का संदेश

भारत जोड़ो यात्रा का कोई भी संदेश स्पष्ट नहीं है। सिर्फ इस बात पर ज़ोर है कि यात्रा देश को जोड़ने के लिए है और नफ़रत पर मोहब्बत की जीत के लिए है। कांग्रेस पार्टी या उसके नेता यात्रा के माध्यम से कोई भी ऐसा कार्यक्रम बताने में विफल हैं कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो वह जनता के लिए क्या काम करेगी। क्या वह मोदी सरकार की नव-उदारवादी नीतियों को उलटेगी? क्या वह जन-हितैषी नीतियों को लागू करेगी? कैसे वह बेरोज़गारी पर क़ाबू पाएगी और महंगाई पर रोक लगाएगी? क्या वह कॉर्पोरेट लूट को रोक पाएगी और क्या वह सार्वजनिक उद्योगों के निजीकरण को बंद करेगी। सवाल बड़े हैं लेकिन इनका कांग्रेस के पास अभी तक कोई जवाब नहीं है।

देश में भाजपा के विजयी रथ को यदि रोकना है तो कांग्रेस को अभी से जनता के बीच आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपना रुख स्पष्ट करने की जरूरत है। क्योंकि जनता को रोजगार चाहिए, महंगाई से मुक्ति चाहिए, मुफ्त शिक्षा और स्वस्थ्य सुविधाएं चाहिए। किसानों को सही दाम चाहिए, मजदूरों को जीने लायक वेतन और नौकरियों की सुरक्षा चाहिए।  

इसलिए यह निहायत जरूरी है कि देश में विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए कांग्रेस को खुद को व्यवस्थित करने की जरूरत है। पार्टी चुनाव के लिए किसी खास उम्मीदवार को आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं है बल्कि हर उम्मीदवार का स्वागत किया जाना चाहिए ताकि पार्टी के भीतर की लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत हो सके। नए नेताओं को संगठन के पुनर्निर्माण का काम शुरू करने का मौका देना चाहिए। लेकिन यह तभी संभव होगा जब पार्टी ने भीतर 'हाईकमान' की संस्कृति को खत्म कर दिया जाएगा। पार्टी नेताओं के भीतर भी यह संदेश जाना चाहिए कि वक़्त देश जोड़ने का है कांग्रेस तोड़ने का नहीं।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest