Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

राहुल की टिप्पणी और कुछ अन्य विषयों को लेकर संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित 

राहुल गांधी की टिप्पणी और कुछ अन्य विषयों को लेकर संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई। 
parliament
फ़ोटो साभार: PTI

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा भारतीय लोकतंत्र को लेकर लंदन में की गई टिप्पणी, अडानी समूह के मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग और कुछ अन्य विषयों को लेकर सोमवार को लोकसभा में भारी हंगामा हुआ जिसके कारण कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न करीब दो बजकर 10 मिनट पर मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

लोकसभा की कार्यवाही जब एक बार के स्थगन के बाद दिन में दो बजे फिर से शुरू हुई तो सदन में व्यवधान बना रहा। सत्तापक्ष के सदस्य ‘राहुल गांधी माफी मांगो’ और विपक्षी सदस्य ‘वी वांट जेपीसी’ के नारे लगाते सुने गए।

सदन में शोर-शराबे के बीच ही सभापति राजेंद्र अग्रवाल ने पटल पर आवश्यक कागजात रखवाए। अग्रवाल ने विपक्षी सदस्यों से सदन चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘सभी विषयों पर चर्चा होगी। कृपया बैठ जाइए।’’

हंगामा नहीं थमने पर अग्रवाल ने अपराह्न करीब दो बजकर 10 मिनट पर सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। 

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार को शुरू हुआ। पूर्वाह्न 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष ओम बिरला ने चार पूर्व सदस्यों ब्रजेन्द्र पाल सिंह, आनंद रत्न मौर्या, सिद्धेश्वर प्रसाद और जे जमुना के निधन का उल्लेख किया और सदस्यों ने कुछ पल मौन रहकर दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी।
 
इसके बाद, भाजपा सांसद अपने स्थान से ही ‘राहुल गांधी माफी मांगो’ के नारे लगाने लगे। वहीं, कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों के सदस्य आसन के समीप आकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
      
इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शोर शराबा कर रहे सदस्यों से अपने स्थान पर जाने को कहा । उन्होंने कहा कि सभी को अपनी बात रखने का पर्याप्त मौका दिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि भारत के लोगों की लोकतंत्र के प्रति पूरी आस्था है और पूरी दुनिया मानती है कि भारत में लोकतंत्र सशक्त है।

हालांकि, कांग्रेस सहित कुछ विपक्षी दलों का शोर शराबा जारी रहा। हंगामा थमता नहीं देख लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही शुरू होने के करीब 10 मिनट बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

उधर संसद के उच्च सदन राज्यसभा की कार्यवाही भी हंगामा होने के चलते कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

ज्ञात हो कि हाल ही में लंदन में एक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भारतीय लोकतंत्र के ढांचे पर ‘‘बर्बर हमला’’ हो रहा है। उन्होंने अफसोस जताया कि अमेरिका और यूरोप समेत दुनिया के लोकतांत्रिक हिस्से इस पर ध्यान देने में नाकाम रहे हैं।

राहुल ने व्याख्यान में यह आरोप भी लगाया था कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को नष्ट कर रहे हैं।

वहीं कांग्रेस ने राहुल गांधी द्वारा ब्रिटेन में दिए गए एक बयान को लेकर सत्तापक्ष के प्रहार पर पलटवार करते हुए सोमवार को कहा कि जो लोग भारतीय लोकतंत्र को कुचल रहे हैं वह इसे बचाने की बात कर रहे हैं।

पार्टी अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारतीय जनता पार्टी और सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ की कहावत इन पर फिट बैठती है।

उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष एकजुट है और अडानी समूह के मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) गठित करने की उनकी मांग जारी रहेगी।

खरगे ने राज्यसभा में हुए हंगामे का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘राहुल गांधी दूसरे सदन के सदस्य हैं और पीयूष गोयल जी (सदन के नेता) ने उनके भाषण को अपने ढंग से पेश किया। सदन में आज पीयूष गोयल जी ने जिस अभद्र भाषा का इस्तेमाल दूसरे सदन के एक सदस्य के लिये किया, वह अनुचित है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा देश के लोकतंत्र को अपमानित करने का प्रयत्न कर रही है। भाजपा के शासन में लोकतंत्र व संविधान की कोई जगह नहीं बची है। ये लोकतंत्र को कुचल रहे हैं। मोदी जी के राज में लोकतंत्र और संविधान के लिए कोई जगह नहीं है, जबकि ये लोग देश के मान-सम्मान की बात करते हैं।’’

खरगे ने प्रधानमंत्री के विदेशी धरती पर कुछ बयानों का हवाला देते हुए कहा, ‘‘देश के मान-सम्मान की बात करने वाले प्रधानमंत्री मोदी कई बार विदेशी धरती पर देश को शर्मसार कर चुके हैं।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘आप (प्रधानमंत्री) संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं, लोकतंत्र खत्म कर रहे हैं, फिर लोकतंत्र को बचाने की बात कर रहे हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री देश में एक ‘तानाशाह’ की तरह सरकार चला रहे हैं

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी द्वारा भारतीय लोकतंत्र को लेकर लंदन में की गई टिप्पणी के सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी ने संसद के दोनों सदनों में कांग्रेस पर निशाना साधा और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष से माफी की मांग की। इसको लेकर दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित हुई।

लोकसभा में रक्षा मंत्री एवं सदन के उपनेता राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने लंदन में जाकर भारत को बदनाम करने की कोशिश की है।

राज्यसभा में सदन के नेता और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यह विषय उठाया और राहुल गांधी पर निशाना साधा।

(न्यूज़ एजेंसी भाषा इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest