Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

सरकार जी, लव तो है ही जिहाद!

सरकार जी, आप गफलत में हैं कि जिहाद तभी होता है जब मुसलमान लड़का हिन्दू लड़की से लव करता है, विवाह करता है। अजी साहब, जिहाद तो तब भी होता है जब हिन्दू लड़का हिन्दू लड़की से लव करता है, विवाह करता है। यकीन न हो तो खाप पंचायतों से पूछ लो। देश में होने वाली आनर किलिंग के आंकड़े देख लो। 
लव
प्रतीकात्मक तस्वीर। साभार: Economic Times

देश के विभिन्न राज्यों में लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाया जा रहा है यह बात बहुत ही शानदार है। रिपोर्ट है कि इस कानून को बनाने के मामले में मध्यप्रदेश अन्य सभी राज्यों से बाजी मारने की फिराक में है। मध्यप्रदेश आने वाले सत्र में ही लव जिहाद के खिलाफ कानून लाने वाला है। इस रेस में उत्तर प्रदेश और कर्नाटक भी शामिल हैं।

वैसे तो सरकार और कोर्ट बताते हैं कि लव जिहाद जैसी कोई चीज नहीं होती है। केरल के मामले में सरकार संसद तक में बयान दे चुकी है कि कहीं कोई लव जिहाद नहीं है। सुप्रीम कोर्ट और अन्य कोर्ट भी लव जिहाद की मौजूदगी से इंकार कर चुके हैं। पर भाजपा और आरएसएस की पर्सनल रिसर्च बताती है कि लव जिहाद मौजूद है और मोदी जी के शासन काल में तो यह बहुत ही बढ़ गया है। 

सरकार जी, यह जो लव, प्यार, इश्क है न, जिहाद ही होता है। सरकार में शामिल लोगों को पता हो न हो, जिन्होंने लव किया है उन्हें यह बखूबी पता है। लेकिन सभी अच्छे संस्कारी लोगों का काम है कि वे किसी भी जिहाद का विरोध करें। इसीलिए बजरंग दल, श्रीराम सेना जैसे संस्कारी संगठन  प्यार करने वालों को जहाँ मर्जी जब मर्जी पकड़ कर पीट देते हैं। ऐसा चौदह फरवरी को तो सरेआम होता है जब भाई-बहन, पति-पत्नी तक को भी पीट दिया जाता है। 

सरकार जी, आप गफलत में हैं कि जिहाद तभी होता है जब मुसलमान लड़का हिन्दू लड़की से लव करता है, विवाह करता है। अजी साहब, जिहाद तो तब भी होता है जब हिन्दू लड़का हिन्दू लड़की से लव करता है, विवाह करता है। यकीन न हो तो खाप पंचायतों से पूछ लो। देश में होने वाली आनर किलिंग के आंकड़े देख लो। 

वैसे देखा जाए तो यह जो लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाने की योजना है वह लव के खिलाफ है भी नहीं। यह तो विवाह के खिलाफ है। लव तो कोई भी किसी को भी करे। लव करने वाले का यह जो नया बनने वाला कानून है न, कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। इस कानून के अनुसार मुसलमान लड़का हिन्दू लड़की से इश्क तो कर सकता है पर शादी नहीं। कितना प्रगतिशील कानून है। भाई लोग बेकार ही इसका विरोध कर रहे हैं। 

लेकिन इस कानून में एक बहुत बड़ी गड़बड़ है। यह उन हिन्दू लड़कों के मनसूबों पर भी पानी फेर देगा जो मुसलमान लड़की से विवाह कर उसकी घर वापसी का सपना देख रहे हैं। और फिर उनका क्या होगा जो हिन्दू लड़के, धारा 370 हटने के बाद कश्मीर घाटी की लड़कियों से विवाह रचाने की सोच कर ही खुश हो रहे हैं और कश्मीर घाटी में तो पिचानवें प्रतिशत मुसलमान ही हैं। तो सरकार जी, जरा देख लीजियेगा कि जब लव जिहाद पर कानून बने तो वह सिर्फ, और सिर्फ मुसलमान लड़कों पर ही लागू हो, और ईसाई लड़कों पर भी, पर हिन्दू लड़कों पर लागू न हो। सर जी, प्लीज। 

इस कानून को बनाने के बारे में बात करने की टाइमिंग बहुत ही अच्छी है। बंगाल में चुनाव होने वाले हैं। वहाँ पर हिन्दू-मुस्लिम करने के लिए उपयुक्त समय आने ही वाला है। वहाँ पर भाजपा लव जिहाद के खिलाफ कानून लाने का चुनावी वायदा कर हिन्दू माता-पिता और भाईयों को समझा सकती है कि भाजपा के शासन में आने पर उनकी बेटियां-बहनें मुसलमान लड़कों से बची रहेंगी। यह बात अलग है कि उनकी बेटियों-बहनों के साथ बलात्कार करने और जलाये जाने की घटनाएं उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों की तरह बदस्तूर जारी रहेंगी। 

(लेखक पेशे से चिकित्सक हैं।)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest