Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

उपचुनाव:  यूपी की मैनपुरी में सपा लगातार आगे... बिहार में कांटे की टक्कर

एक लोकसभा और छह विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के बाद वोटों की गिनती जारी है, कई सीटों पर कांटे की टक्कर देखी जा रही है।
up

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनावों के बाद वोटों की गिनती जारी है। इस सीट पर सपा की ओर से उम्मीदवार बनाई गईं डिंपल यादव लगातार लंबी बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि कभी मुलायम सिंह के शिष्य रहे भाजपा के उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य शुरुआत से ही पीछे बने हुए हैं।

वहीं इसके अलावा उत्तर प्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव हो रहे हैं, जिसमें मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट और रामपुर विधानसभा सीट शामिल हैं। इनमें आज़म खान के गढ़ वाली रामपुर सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार मोहम्मद असीम रजा भाजपा के आकाश सक्सेना से आगे चल  रहे हैं, जबकि मुज़फ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट पर सपा के साथ गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय लोकदल के मदन भैया भाजपा उम्मीदवार राजकुमारी से आगे चल रहे हैं।  

इसके अलावा बिहार की कुढ़नी सीट पर विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आने वाले हैं, जहां वोटों गिनती में भाजपा और जेडीयू के बीच कड़ी टक्कर देखी जा रही है। यहां भाजपा की ओर से कादर प्रसाद गुप्ता और जेडीयू के उम्मीदवार मनोज कुमार सिंह मैदान में हैं।

कांग्रेस के शासन वाले छत्तीसगढ़ में भी भानुप्रतापुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए थे, यहां भी वोटों की गिनती जारी है, और कांग्रेस की सावित्री मनोज मांडवी लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। जबकि भाजपा के ब्रह्मानंद नेतम पीछे चल रहे हैं।

वहीं बात राजस्थान की करें तो चुरू ज़िले की सरदारशहर सीट पर उपचुनाव हुए थे, और वोटों की गिनती जारी है, यहां कांग्रेस के उम्मीदवार अनिल कुमार शर्मा बहुत ज्यादा अंतर से आगे चल रहे हैं, जबकि भाजपा के अशोक कुमार बहुत पीछे हैं।

ओडिशा की विधानसभा सीट पदमपुर में भी वोटों की गिनती जारी है, यहां बीजू जनता दल की बरसा सिंह बरीहा आगे चल रही हैं। जबकि भाजपा के प्रदीप पुरोहित लंबे मार्जिन से पीछे हैं।

इन सभी उपचुनावों में वोटों की गिनती अभी जारी है, अभी नतीजों में फेरबदल पूरी तरह से संभव है। 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest