Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के नये मुख्यमंत्री होंगे

फडणवीस ने कहा कि शिंदे बृहस्पतिवार को शाम साढ़े सात बजे राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
eknath

मुंबई: शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के नये मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

फडणवीस और शिंदे की राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद यह घोषणा की गई। हालांकि, अब तक कयास लगाये जा रहे थे कि एकनाथ के नेतृत्व वाले बागी शिवसेना विधायकों के समर्थन से फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

फडणवीस ने कहा कि शिंदे बृहस्पतिवार को शाम साढ़े सात बजे राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि महाराष्ट्र में हुये विधानसभा चुनाव में लोगों ने भाजपा-शिवसेना गठबंधन को जनादेश दिया था, लेकिन इसका अपमान करते हुये महा विकास आघाड़ी सरकार का गठन किया गया।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार रात यहां राजभवन में राज्य के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

राजभवन के सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल ने ठाकरे का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था होने तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने को कहा।

ठाकरे मर्सिडीज कार चलाते हुए राजभवन पहुंचे। ठाकरे के साथ उनके बेटे आदित्य और तेजस के साथ-साथ शिवसेना नेता नीलम गोरहे तथा अरविंद सावंत और अन्य लोग भी थे। ठाकरे रात 11 बजकर 44 मिनट पर राजभवन में राज्यपाल कोश्यारी से मिले।

ठाकरे के साथ पहुंचे शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले के राजभवन पहुंचने पर नारेबाजी की। बाद में ठाकरे उपनगरीय बांद्रा स्थित अपने आवास 'मातोश्री' लौट गए।

ठाकरे ने बुधवार को कहा कि उनकी रुचि ‘संख्याबल के खेल’ में नहीं है और इसलिए वह अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest