Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

हिमाचल प्रदेश नतीजे:  40 सीटें जीतकर वापसी को तैयार कांग्रेस

पहाड़ों में कांग्रेस ने भाजपा को हराकर अपनी सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। हालांकि पार्टी के भीतर अब भी मुख्यमंत्री के नाम को लेकर खींचतान जारी है।
congress
फ़ोटो साभार: पीटीआई

हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में जब सियासी हवाएं तेज़ हुईं, तब भाजपा की ओर से आवाज़ें आनी शुरु हो गईं कि राज नहीं रिवाज़ बदल कर दिखाएंगे, इस रिवाज को कायम रखने के लिए प्रधानमंत्री से लेकर केंद्रीय कैबिनेट के मंत्री तक पहाड़ों के चक्कर काटने लगे। इस दौरान महंगाई, बेरोज़गारी, ओल्ड पेंशन और किसानों की हालतों पर बात करने के बजाए आतंकवाद और राम मंदिर जैसे मुद्दे घसीट लाए।

लेकिन भाजपा के लिए पहाड़ की जनता को भ्रमित करना इतना आसान नहीं रहा, जिसका कारण है कि प्रदेश में जनता ने कांग्रेस को बहुमत देकर सत्ता में वापसी कराई है और काम करने का मौका दिया है।

जब वोटों की गिनती शुरु हुई तब भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही थी, लेकिन समय बीतने के साथ कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर लिया और सत्ता में वापसी कर ली।

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को 40 सीटें हासिल हुईं जबकि भाजपा के खाते में महज़ 25 सीटें आई,, वहीं 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी भी जीतने पर कामयाब रहे।

मुख्यमंत्री को लेकर मंथन शुरू

जीत के बाद कांग्रेस में मुख्यमंत्री  चेहरे को लेकर मंथन शुरू हो गया है। इसके लिए पार्टी के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा शिमला जाने की तैयारी में हैं। मुख्यमंत्री के लिए हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर विचार किया जा रहा है। प्रतिभा सिंह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं और मंडी लोकसभा सीट से सांसद भी हैं।

दूसरी ओर कांग्रेस ने अपने विधायकों को सेफ ज़ोन में शिफ्ट करने की योजना बनाई है, क्योंकि कांग्रेस अब भी डर है कि भाजपा उनके विधायकों को तोड़कर सरकार बना सकती है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रिकॉर्ड जीते

सेराज सीट से मुख्यमंत्री  जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के चेतराम ठाकुर को रिकॉर्ड वोटों से हरा दिया है। वे रिकॉर्ड सातवीं बार जीते हैं।

वहीं दूसरी ओर मंडी जिले की सुंदरनगर सीट पर भाजपा के राकेश जमवाल ने कांग्रेस के सोहन लाल ठाकुर को 8 हजार 125 वोटों से हरा दिया।

दूसरी ओर चुनावी नतीजे की तस्वीर साफ होने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल के आवास से बाहर निकलने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कि लोगों के विकास के लिए काम करना कभी बंद नहीं करेंगे। हमें चीजों का विश्लेषण करने की जरूरत है। कुछ मुद्दे ऐसे थे जिन्होंने नतीजों की दिशा बदल दी, अगर वे हमें बुलाएंगे तो मैं दिल्ली जाऊंगा।

फिलहाल हिमाचल प्रदेश में जीत के बाद कांग्रेस के शासन वाले राज्यों की संख्या तीन हो गई है, ऐसे में देखना ये होगा कि अब यहां कांग्रेस की ओर से नया मुख्यमंत्री कौन होता है।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest