Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

महाराष्ट्र: कांग्रेस सांसद बालू धानोरकर का निधन

धानोरकर के पार्थिव शरीर को मंगलवार दोपहर उनके गृहनगर वरोरा ले जाया जाएगा और अंतिम संस्कार बुधवार सुबह किया जाएगा।
Suresh Narayan Dhanorkar

नयी दिल्ली/मुंबई: महाराष्ट्र से कांग्रेस के एकमात्र लोकसभा सदस्य बालू धानोरकर का मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।

धानोरकर 47 साल के थे। उनके परिवार में पत्नी प्रतिभा धानोरकर और दो बेटे हैं। प्रतिभा धानोरकर वरोरा-भद्रावती विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।

कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा, ‘‘ गुर्दे में पथरी के इलाज के लिए उन्हें पिछले सप्ताह नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें इलाज के लिए नई दिल्ली ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।’’

चंद्रपुर से लोकसभा सदस्य धानोरकर का 26 मई को नागपुर के एक अस्पताल में गुर्दे में पथरी का इलाज किया गया था लेकिन कुछ जटिलताओं के कारण रविवार को उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

धानोरकर के पार्थिव शरीर को मंगलवार दोपहर उनके गृहनगर वरोरा ले जाया जाएगा और अंतिम संस्कार बुधवार सुबह किया जाएगा।

धानोरकर के पिता नारायण धानोरकर (80) का लंबी बीमारी के बाद नागपुर में शनिवार शाम निधन हो गया था और रविवार को उनका अंतिम संस्कर किया गया ,लेकिन सांसद अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।

कांग्रेस नेता एवं सांसद शशि थरूर ने धानोरकर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

थरूर ने ट्वीट किया, ‘‘ यह जानकर दुख हुआ कि हमारे कांग्रेस के संसदीय सहयोगी सुरेश नारायण धानोरकर (महाराष्ट्र के चंद्रपुर निर्वाचन क्षेत्र से सांसद) का निधन हो गया...वह केवल 47 वर्ष के थे। उनके करीबियों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।’’

धानोकर ने चंद्रपुर जिले में बालासाहेब ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और 2014 में विधानसभा चुनाव जीता। वह चंद्रपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक थे, जिसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हंसराज अहीर का गढ़ माना जाता था। धानोरकर कांग्रेस में शामिल हो गए और उन्होंने अहीर को चुनाव में शिकस्त दी।

खरगे ने कांग्रेस सांसद धानोरकर के निधन पर शोक व्यक्त किया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के कुछ अन्य नेताओं ने महाराष्ट्र के चंद्रपुर से लोकसभा सदस्य सुरेश नारायण धानोरकर उर्फ बालूभाऊ धानोरकर के निधन पर मंगलवार को शोक व्यक्त किया।

महाराष्ट्र से कांग्रेस के एकमात्र लोकसभा सदस्य धानोरकर का मंगलवार सुबह दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। धानोरकर 48 साल के थे।

खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘सुरेश नारायण धानोरकर के असामयिक निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। वह जमीन से जुड़े नेता थे।"

उन्होंने धानोरकर के परिवार, उनके मित्रों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने ट्वीट किया, ‘‘बालूभाऊ धानोरकर का दो दिन के भीतर बीमार होना, उनकी हालत गंभीर होना और फिर उनका निधन हो जाना अकल्पनीय है... वह एक कुशल, ऊर्जावान और संवेदनशील नेता थे। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति भी है। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।"

पार्टी के कुछ अन्य नेताओं ने भी कांग्रेस सांसद के निधन पर दुख जताया है।

(न्यूज़ एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest