Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

कितनी निर्भया, कब तक निर्भया : ख़ूब लड़ी लेकिन अंत में ज़िंदगी की जंग हार गई हाथरस की बेटी

यूपी के हाथरस में हैवानियत का शिकार हुई दलित लड़की की दिल्ली के सफ़दरजंग अस्पताल में मौत हो गई है। इस घटना के सामने आने के बाद यूपी की कानून व्यवस्था एक बार फिर कठघरे में है।
हाथरस में हैवानियत

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में 14 सितंबर को गैंगरेप का शिकार बनी 19 वर्षीय एक दलित लड़की ने आज, मंगलवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हैवानों ने गैंगरेप के बाद उसकी जीभ भी काट दी थी। इसके अलावा उसकी रीढ़ की हड्डी तोड़ दी गई थी।

पुलिस का यह भी कहना था कि आरोपियों द्वारा जान से मारने की नीयत से पीड़िता का गला भी दबाया गया था। पीड़िता को शुरुआत में हाथरस जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित किया गया था। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्ली लाया गया था।

क्या है मामला?

हाथरस के पुलिस अधीक्षक विक्रांतवीर के मुताबिक यह घटना 14 सितंबर को चंदपा पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। उन्होंने बताया कि पीड़िता ने मजिस्ट्रेट को दिये अपने बयान में कहा था कि चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसका गला घोंटने की कोशिश की, जिसमें उसकी (पीड़िता की) जीभ कट गई।

उन्होंने बताया कि पीड़िता ने चारों आरोपियों की पहचान संदीप, रामू, लवकुश और रवि के रूप में की थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संदीप को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में, रामू और लवकुश को गिरफ्तार किया गया और गत शनिवार को चौथे आरोपी रवि को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार, हत्या के प्रयास के अलावा अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति (SC-ST) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मुकदमा त्वरित अदालत में चलाया जाएगा।

हालांकि इस मामले में शुरुआत में पुलिस पर गंभीरता नहीं दिखाने के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय अखबारों में आई खबरों के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने लापरवाही भरा रवैया अपनाया। शुरुआत में रेप की धाराओं में केस ना दर्ज करते हुए छेड़खानी के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया।

घटना के 9 दिन बीत जाने के बाद पीड़िता होश में आई तो अपने साथ हुई आपबीती अपने परिजनों को बताई। जब पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण हुआ तो इसमें गैंगरेप की पुष्टि होने के बाद हाथरस पुलिस ने तीन और युवकों को गिरफ्तार किया।

परिवार ने लगाया आरोप

इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में पीड़िता की मां ने बताया, ‘चारा इकट्ठा करने के दौरान ही सुबह लगभग 9:45 बजे मेरी बेटी गायब थी। मैंने सोचा कि वह घर चली गई होगी, लेकिन मैंने वहां उसकी चप्पलें देखीं। हमने कुछ देर उसकी तलाश की और फिर हमें वह एक पेड़ के पास मिली।’

उनके अनुसार, उनकी बेटी पूरी तरह से खून में लथपथ थी। उसके मुंह, गर्दन और आंख से खून बह रहा था। परिवार का कहना है कि उसका दुपट्टा उसकी गर्दन के चारों ओर लिपटा था।

पीड़िता के परिवार वालों ने गांव के ही संदीप (20) और परिवार के अन्य लोगों पर बलात्कार का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है, ‘वे हमेशा इलाके में दलितों को प्रताड़ित करते रहे हैं। लगभग दो दशक पहले संदीप के दादा को मामूली बात पर कथित तौर पर पिटाई करने के लिए अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति एक्ट के तहत तीन महीने के लिए जेल भेजा गया था।’

यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल

इस घटना के सामने आने के बाद यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर यूपी में महिलाओं पर अत्याचार का मुद्दा उठाया है।

बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने कहा कि हाथरस में एक दलित बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म बेहद घृणित कृत्य है। अब पीड़िता की मौत के मामले में योगी आदित्यनाथ सरकार त्वरित न्याय करने के साथ ही पीड़ित परिवार की मदद करे।

मायावती ने इससे पहले रविवार को भी इस घटना को लेकर ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, ' यूपी के जिला हाथरस में एक दलित लड़की को पहले बुरी तरह से पीटा गया, फिर उसके साथ गैंगरेप किया गया, जो अति-शर्मनाक व अति-निन्दनीय जबकि अन्य समाज की बहन-बेटियाँ भी अब यहाँ प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं। सरकार इस ओर जरूर ध्यान दे, बी.एस.पी. की यह माँग है।'

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि हाथरस की सामूहिक दुष्कर्म एवं दरिंदगी की शिकार एक बेबस दलित बेटी ने आखिरकार दम तोड़ दिया। नम आंखों से पुष्पांजलि! आज की असंवेदनशील सत्ता से अब कोई उम्मीद नहीं बची।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मांग की है कि युवती के कातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है।'

उन्होंने आगे लिखा, 'यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के क़ातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। @myogiadityanath उप्र की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं।'

आपको बता दें कि गत रविवार को भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने पुलिस को चकमा देकर अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज पहुंच गए थे। जहां पर बलात्कार की शिकार हुई दलित लड़की भर्ती थी।

इस बीच शव के गांव पहुंचने पर बाल्मीकि समाज के आंदोलित होने की आशंका को देखते हुए पीएसी की तैनाती कर दी गई है।

समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ 

इसे भी पढ़ें : लखीमपुर खीरी में फिर दुष्कर्म के बाद हत्या, कितना सच है योगी सरकार का ‘न्यूनतम अपराध’ का दावा!

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest