Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

उपचुनाव: चार राज्यों की चार विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर मतदान संपन्न

उत्तर प्रदेश की स्वार विधानसभा सीट और पंजाब की एक लोकसभा सीट के साथ दो अन्य राज्यों में भी उपचुनाव हुए, जिनके नतीजे कर्नाटक चुनाव के नतीजों के साथ 13 मई को आएंगे।
election

कर्नाटक के विधानसभा चुनाव के साथ साथ देश की बेहद महत्वपूर्ण चार विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हुए। इसमें लोकसभा सीट की बात करें तो पंजाब की जालंधर और विधानसभा सीट की बात करें तो उत्तर प्रदेश की स्वार और छानबे में उपचुनाव हुए। इसके अलावा ओडिशा की झारसुगड़ा और मेघालय की सोहियोंग विधानसभा सीट पर वोट डाले गए।

चर्चा सबसे पहले पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट की
यहां शाम 5 बजे तक 50.27 प्रतिशत मतदान किया गया है। ये सीट कांग्रेस के संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद खाली हो गई थी। कांग्रेस ने यहां से संतोख चौधरी की पत्नी कर्मजीत कौर को उम्मीदवार बनाया है। वहीं भाजपा ने इंदर इकबाल सिंह अटवाल को मैदान में उतारा है। जबकि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने यहां से पूर्व विधायक सुशील कुमार रिंकू को टिकट दिया है। तो, शिरोमणि अकाली दल से डॉ. सुखविंदर सिंह सुक्खी मैदान में हैं। ऐसे में यहां मुकाबला चतुष्कोणीय हो गया है।
बात अगर यहां प्रचार की करें तो भाजपा के लिए प्रचार की कमान दिल्ली वालों ने संभाल रखी थी, जबकि मुख्य ज़िम्मेदारी गुजरात के विजय रुपाणी को दी गई थी। वहीं कांग्रेस की ओर से दिल्ली का कोई लीडर इस चुनाव में प्रचार के लिए नहीं गया। वहीं आम आदमी पार्टी पहली बार कोई चुनाव बग़ैर दिल्ली से राजनीति का ठप्पा लिए लड़ रही है। यहां आपको बताते चलें कि मार्च 2022 में प्रचंड बहुमत से पंजाब की सत्ता में आई ‘आप’ को तीन महीने बाद ही संगरूर लोकसभा उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा था इसलिए उसके लिए यह चुनाव और अहम हो गया है।
बता दें कि जालंधर लोकसभा सीट के अंतर्गत 9 विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जबकि यहां 16 लाख 21 हज़ार 800 मतदाता हैं। जिनमें 41 ट्रांसजेंडर वोट भी शामिल हैं। इस बार चुनाव मैदान में कुल 19 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें चार महिलाएं हैं।
 

अब बात उत्तर प्रदेश की स्वार विधानसभा सीट की
इस सीट पर शाम 5 बजे तक 44.95 फीसदी मतदान हो चुके हैं। ये सीट आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम की विधानसभा सदस्यता जाने के बाद खाली हुई थी। पूरे प्रदेश की नजर रामपुर की इसी विधानसभा सीट पर है, क्योंकि यहां आजम खान की प्रतिष्ठा दांव पर है। अब्दुल्ला आजम की विधायकी 15 साल पुराने मामले में दोषी ठहराए जाने और 2 साल कैद की सजा सुनाए जाने के बाद रद्द कर दी गई थी। बड़ी बात ये है कि इस बार आजम खान के परिवार का कोई भी सदस्य चुनावी मैदान में नहीं है। खुद आजम सपा की हिंदू प्रत्याशी अनुराधा चौहान के लिए ताकत लगाते रहे। ऐसा करीब 21 साल बाद हुआ है जब इस सीट से कोई हिंदू प्रत्याशी मैदान में है। इस सीट पर सीधा मुकाबला भाजपा और सपा के बीच है। करीब एक साल पहले बसपा से निष्कासित जिला पंचायत सदस्य अनुराधा चौहान सपा की मजबूत और दमदार उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रही हैं। उनके ख़िलाफ भाजपा और अपना दल के गठबंधन में शफीक अहमद अंसारी को प्रत्याशी बनाया गया। बात बसपा की करें तो उपचुनावों से दूरी बना ली है। जबकि कांग्रेस ने यहां अपना प्रतायाशी नहीं उतारा।

उत्तर प्रदेश की छानबे विधानसभा का सियासी गणित
प्रदेश की ये विधानसभा सीट मिर्ज़ापुर ज़िले में आती है। शाम 5 बजे तक यहां 39.51 फीसदी मतदान हो चुके हैं। इस सीट पर भाजपा की सहयोगी अपना दल(एस) की प्रत्याशी और दिवंगत विधायक राहुल कोल की पत्नी रिंकी कोल मैदान में हैं। उनका मुकाबला सपा की कीर्ति कोल से है। प्रचार के आखिरी दिन 8 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिंकी कोल के लिए जनसभा कर प्रचार किया था। फरवरी, 2023 में राहुल प्रकाश कोल के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। भाजपा के साथ निषाद पार्टी के नेताओं ने भी जोर-शोर प्रचार किया। फिलहाल ऐसा माना जा रहा है कि रिंकी कोल को सहानुभूति वाले वोट मिल सकते हैं। वहीं सपा की ओर से कीर्ति कोल प्रताशी हैं। फिलहाल सपा और अपना दल के बीच यहां भी कांटे की टक्कर है।

ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट
ओडिशा की झारसुगुड़ा सीट पर शाम 5 बजे तक 68.12 फीसदी वोट पड़ चुके हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,21,070 वोटर हैं। इनमें 1,10,320 पुरुष, 1,10,687 महिलाएं और 63 ट्रांसजेंडर हैं। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी अबोली सुनील नरवणे ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि सभी 253 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जा रही है। आपको बता दें कि ये सीट स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास की 29 जनवरी को हुई हत्या के बाद से खाली है। मुकाबला मुख्य रूप से बीजद, भाजपा और कांग्रेस के बीच है। बीजद ने दास की बेटी दीपाली दास को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने तंकाधर त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने दिवंगत विधायक बिरेन पांडेय के बेटे तरुण पांडेय को मैदान में उतारा है। तीनों नए कैंडिडेट्स हैं।

मेघालय की सोहियोंग विधानसभा सीट
मेघालय की सोहियोंग विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 3 बजे तक 87.39 फीसदी वोटिंग हुई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एफआर खारकोंगोर ने कहा कि उपचुनाव में 34,000 से अधिक मतदाता वोट डाल रहे हैं। इनमें 16000 से ज्यादा पुरुष हैं। वोटिंग 63 बूथ पर हो रही है। जहां 300 से अधिक मतदान अधिकारी ड्यूटी कर रहे हैं। आपको बता दें कि फरवरी-मार्च में हुए विधानसभा चुनाव से पहले यूपीडी के एचडीआर लिंगदोह का निधन हो गया था। वे सोहियोंग सीट से विधायक थे। इसके चलते ही इस सीट पर उप-चुनाव कराया जा रहा है।
आपको बता दें कि मतदान के ये फाइनल आंकड़े नहीं है, अभी वक्त के साथ आंकड़ों में फेरबदल हो सकता है।
ख़ैर... तीन राज्यों की चार विधानसभा और पंजाब की एक लोकसभा सीट के नतीजे 13 मई को कर्नाटक चुनावों के नतीजों के साथ ही घोषित किए जाएंगे। कर्नाटक चुनाव जहां दक्षिण भारत की दृष्टि में आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, तो उपचुनावों में भी कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। हालांकि कौन बाज़ी मारता है, 13 मई तक इंतज़ार करना होगा।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest