Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

महाभारत का युद्ध, बलात्कार का ही परिणाम है

वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप कुमार के कविता संग्रह 'बिन जिया जीवन ' के 'महाभारत व्यथा' अध्याय की तीसरी कविता 'गांधारी'।
gandhari
प्रतीकात्मक फोटो, साभार : पृथ्वी थियेटर

गांधारी
 

वन में आए दो वर्ष हो गए
कब मरेंगे हम सब
कोई जंगली जानवर भी तो
नहीं खाता हमें

कुंती भी है यहाँ विदुर भी
और मेरा हर समय बड़बड़ाने वाला
अंधा पति तो है ही

एक अनवरत रुदन चलता रहता है
मन के भीतर
जब भी इस पृथा की आवाज़ सुनती हूँ
एक अकथ-सी  ज्वाला में जलने लगती हूँ
सौ पुत्रों की माता का एक भी पुत्र जीवित नहीं
और इसके पाँचों जीवित हैं

भीम ने तो दु:शासन का सीना फाड़कर
उसका रुधिर पिया था और
द्रौपदी के बालों का उष्ण रक्त से श्रृंगार किया था
उसी ने दुर्योधन की जंघा तोड़ कर
गदा-युद्ध के नियमों को तोड़ा था

लेकिन तब तक कोई नियम बचा ही कहाँ था?
कौन था इस महाविनाश का दोषी?

शान्तनु
जो कभी स्वयं पर संयम नहीं रख पाया
या
भीष्म
जिसने संयम का ऐसा भीषण आदर्श रखा
कि
उस पर चलने के लिए
अन्य सभी मर्यादाएँ तोड़ दीं

इस महायुद्ध के लिए
कोई एक व्यक्ति दोषी नहीं है
शान्तनु से लेकर दुर्योधन तक
सभी दोषी हैं

स्वयं मैं भी

और भीष्म?
वह तो सबसे अधिक दोषी हैं

धृतराष्ट्र तो जन्म से ही अंधा था
लेकिन वह तो अपनी पितृभक्ति और
प्रतिज्ञा के गर्व में
इतने अंधे हो गए थे
और अपनी ही दृष्टि में
इतना ऊँचा उठ गए थे
कि कोई भी नियम उन पर
लागू नहीं होता था

कुरुओं के साम्राज्य के
वही एकमात्र वास्तविक उत्तराधिकारी थे
चित्रांगद और विचित्रवीर्य की मृत्यु के बाद
सत्यवती के आग्रह के बावजूद
वह
सिंहासन पर क्यों नहीं बैठे
जबकि उसके कारण ही उन्होंने
अविवाहित रहने और सिंहासन पर अधिकार न जताने की
प्रतिज्ञा की थी

कितना विडम्बनापूर्ण था यह यथार्थ!

कुरुओं का एक मात्र उत्तराधिकारी
सिंहासन पर नहीं बैठा
लेकिन  
जीवन भर सिंहासन का
सबसे सुदृढ़ पाया बना रहा
सेवा करता रहा उन नक़ली कौरवों की  
जिनकी शिराओं में
कुरुओं के रक्त की एक बूँद भी नहीं थी

सभी नियोग की संतति थे
सिंहासन पर सभी का दावा मिथ्या था

अत्यधिक संयम और  इंद्रिय दमन से
व्यक्ति कितना निर्मम और क्रूर बन सकता है
इसके सबसे बड़े उदाहरण
भीष्म थे

क्षत्रिय राजा राजकुमारियों का अपहरण
स्वयं उनसे विवाह करने के लिए करते थे
लेकिन भीष्म ने नियम तोड़ कर
अम्बा, अम्बिका और अम्बालिका का अपहरण
किया
विचित्रवीर्य के विवाह के लिए
और बदले में
कुरूवंश को अम्बा का शाप मिला

जन्मान्ध धृतराष्ट्र के साथ मेरा विवाह भी तो
ज़बरदस्ती भीष्म ने ही कराया
कितना हास्यास्पद था
जिसने स्वयं विवाह नहीं किया
वह जीवन भर दूसरों के विवाह कराता रहा
नियोग कराता रहा
बलपूर्वक

महाभारत का युद्ध
बलात्कार का ही परिणाम है

अगर मैं अपनी आँखों पर पट्टी
न बाँध लेती
तो क्या हर माँ की तरह
मैं भी अपने बच्चों की अच्छी परवरिश न करती
उन्हें बिगड़ने से न बचाती
लेकिन मैंने धृतराष्ट्र के प्रति क्रोध और प्रतिहिंसा में अंधी होकर
सारा जीवन आँखें मूँद कर  बिताने का निर्णय किया

अंधी माँ के बच्चे
दुर्योधन और दु:शासन जैसे न निकलते
तो और कैसे निकलते?

इस मामले में कुंती बहुत बुद्धिमान थी

फिर कुंती का ध्यान आ गया
कभी देखा नहीं उसे
न जाने कैसी लगती है
बातें मीठी-मीठी करती है
जो मेरे जी को और भी अधिक जलाती हैं

कब तक रहेंगे हम सब
एक साथ इस वन में
जहाँ कोई किसी के साथ नहीं है

मेरे पति के साथ मेरा कभी कोई स्नेह-सम्बन्ध बना ही नहीं
विदुर हमेशा विवेक की निरर्थक बातें करता रहा
आज्ञाकारी देवरनुमा सेवक बना रहा
कुंती से तो मैं बात ही क्या करूँ

इस वन में वैसा दावानल क्यों नहीं भड़कता
जैसा मेरे मन में है?

शायद मेरे मन की पूरी होने वाली है
पशु-पक्षियों में भगदड़ मच गयी है
आकाश धूम्राच्छादित हो रहा है
चलो अच्छा ही होगा अगर
आज हम सब
इस दावानल की गोद में शरण
ले सकें

अंत समय में मुझे
आँखों पर बंधी पट्टी के बावजूद
सब कुछ साफ़-साफ़ दिख रहा है


इसे भी पढ़ें : 'बिन जिया जीवन' की महाभारत व्यथा...

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest