Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

महाराष्ट्र महापड़ाव: मुंबई के आज़ाद मैदान पहुंचा हज़ारों किसानों का जत्था, आंदोलन जारी

कृषि क़ानूनों के खिलाफ महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों से निकल कर हजारों किसानों का जत्था रविवार को मुंबई पहुंच गया। ये किसान महाराष्ट्र के गवर्नर से मिलकर इन क़ानूनों को रद्द करने की मांग करेंगे। 
महाराष्ट्र महापड़ाव

मुंबई: महाराष्ट्र में महापड़ाव आंदोलन के दूसरे दिन यानी रविवार को बेहद सुबह हजारों किसान और श्रमिक कसारा घाट पहुंच गए। राज्यों के कोने-कोने से आए किसानों और श्रमिकों के विशाल जत्थे ने शाम को मुंबई पहुंच कर यहां के आजाद मैदान में डेरा डाल दिया। राजधानी तक की यात्रा के दौरान रास्ते में उन्हें अपार जन समर्थन हासिल हो रहा है।

कृषि कानूनों के खिलाफ महाराष्ट्र में जबरदस्त आंदोलन चल रहा है। इन कानूनों के खिलाफ यहां के किसानों के सफल मार्च और आंदोलन की वजह से मुंबई दिल्ली के बाद किसान आंदोलन का दूसरा बड़ा केंद्र बन कर उभरा है। दिल्ली के बॉर्डर पर किसान कृषि कानून खत्म करवाने के लिए अब तक डटे हुए हैं।

किसानों के जत्थे में हर उम्र के लोग शामिल हैं। पालघर से वाहन जत्थे में शामिल होने आईं तिरू 70 साल की हैं। दहानू तहसील के अपने गांव से वह एक साथी किसान के साथ कसारा आई हैं ताकि वाहन जत्थे में शामिल हो सकें। तिरु ने कहा, “मेरे साथ गांव की 20 महिलाएं हैं। कुछ पुरुष भी आए हैं। दिल्ली सरकार किसानों की नहीं सुन रही है। अब हम सरकार को अपनी बात सुना कर रहेंगे।”

रविवार सुबह तक जत्थे में शामिल होने के लिए 20 हजार किसान पहुंच चुके थे। किसानों में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ काफी रोष है। कृषि कानूनों पर मोदी सरकार के अड़ियल रवैये पर वे खासे खफा हैं। नासिक में वानी से आए 75 साल के किसान देवराम भीखा यादव मोदी के बारे में कहते हैं, “हमने आपको सत्ता दी। हमने आपको कंधे पर उठाया। आपको नेता बनाया और जब आपको सत्ता मिल गई तो आप हमारी ही नहीं सुन रहे हैं। और तो और आप हमारे ही खिलाफ कानून बना रहे हैं। आपको हमारी बात सुननी होगी। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो आपको पद छोड़ना होगा। आपको सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। ”

किसानों और श्रमिकों के इस जत्थे का हर जगह स्वागत हो रहा है। जत्थे का खरड़ी, शाहापुर, ठाणे, बिखरोली कन्नमवार नगर में जोरदार अभिनंदन हुआ। कांग्रेस, एनसीपी, शिवसेना, लोक भारती, पिजेंट एंड वर्कर्स पार्टी ने भी सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जत्थे का स्वागत किया गया।

इस बीच, मुंबई के गुरु सिंह गुरुद्वारा में लंगर की तैयारी चल रही थी। सैकड़ों लोग राशन लाने और भोजन बनाने में मदद कर रहे थे। जत्थे में शामिल किसान आजाद मैदान के फोर्ट एरिया में धरना देंगे। रविवार की शाम तक महापड़ाव में शामिल होने के लिए 35 हजार किसान मुंबई पहुंच सकते हैं। 

हिंद मजदूर संघ के एन के धूमल ने कहा, “ ये किसान हमारे रोज के अन्नदाता हैं। आज वे सड़कों पर उतर कर लड़ाई लड़ रहे हैं। इसलिए उनकी मदद करना और उनकी जरूरतों पर ध्यान देना हमारा कर्तव्य है।”

महाराष्ट्र के 100 से ज्यादा संगठनों ने इस महापड़ाव का आयोजन किया है। इस महापड़ाव को इन संगठनों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। सोमवार तक इस महापड़ाव में और भी किसानों और श्रमिकों के शामिल होने की उम्मीद है। पुणे और आसपास के औद्योगिक शहरों से साइकिल पर सवार होकर इस आंदोलन में शामिल होने के लिए लोग आ रहे हैं। ये उद्योगों में काम करने वाले कामगार हैं, जो इस महापड़ाव में शामिल होकर मौजूदा श्रम कानूनों के खिलाफ आवाज उठाएंगे।

रविवार को जालना जिले से नासिक आकर जत्थे में शामिल हुए 39 साल के प्रभाकर चोरमारे ने ‘न्यूजक्लिक’ से कहा, “सरकार ने इन कानूनों को बनाने से पहले हम लोगों से कोई मशवरा नहीं किया। वे हमें इनके अच्छे पहलुओं को दिखाते रहे। लेकिन हमारे फसलों की बिक्री पर रेट की गारंटी कौन लेगा? पहले रेट तय थे। अब क्या होगा। अगर फसल न बिके तो क्या होगा? ये सवाल बड़े अहम हैं। इन कानूनों में इन सवालों का कोई जवाब नहीं है। यही वजह है कि हम इन कानूनों का विरोध करने आए हैं।

इस लेख को अंग्रेजी में पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें। 

Maharashtra Mahapadav: Farmers’ March Reaches Azad Maidan in Mumbai, Agitation Continues

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest