Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

#विज्ञानकांग्रेस : हम तो विमान उड़ाते थे, अरब तो कालीन भी उड़ा लिया करते थे

आपकी कृपा से पिछले चार साल आठ महीने में मेरी वैज्ञानिक जानकारी में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।
सांकेतिक तस्वीर
Image Courtesy : Down To Earth

अभी हाल ही में भारतीय विज्ञान कांग्रेस संपन्न हुई है। इसलिए कुछ बात विज्ञान पर भी।

पिछले चार साल आठ महीने में मेरी वैज्ञानिक जानकारी में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। ज्ञात हुआ है कि हमारे देश में हज़ारो साल पहले से ही विमान उड़ा करते थे। बताया गया कि रावण के पास आठ प्रकार के विमान थे। वे विमान दूसरे देशों में तो जाते ही थे, दूसरे ग्रहों पर भी जाते रहे होंगे। संभव है राकेट भी रहे हों उस जमाने में हमारे पास। 

Teerchi-nazar 2 (1).jpg

चिकित्सा विज्ञान तो इतना उन्नत था कि जितना अभी तक नहीं हुआ है। हेड ट्रांसप्लांटेशन तक संभव था। वो भी इतना उन्नत कि आदमी के धड़ पर हाथी या सिंह का सिर लगा दिया जाता था। पहले से कोई तैयारी नहीं, न कोई खून टेस्ट या न रक्त समूह (ब्लड ग्रुप) का मिलान। किसी मानव का सिर कटा नहीं कि आस-पास जो भी जानवर खड़ा हो उसका सिर काट कर लगा दिया। जानवर आदमी से दूर-दूर भागते थे कि क्या पता किस आदमी का सिर कट जाये और नौबत उस जानवर की आ जाये। अनुवांशिकी इतनी उन्नत थी कि घड़े में टेस्ट-ट्यूब बेबी पैदा कर दिया जाये और वो भी एक ही डिम्ब से सौ-सौ। यह बात मुझे आदरणीय श्री मोदी जी और उनके अन्य मंत्रीगणों ने समझाई।

संचार क्रांति आज से अधिक हो चुकी थी। रेडियो टीवी तो क्या, महाभारत के काल में हमारे देश में इंटरनेट भी उपलब्ध था। हां वो किस किस को उपलब्ध था यह अभी ज्ञात नहीं है। राजाओं, मंत्रियों और ऋषियों को ही उपलब्ध था अथवा आम जनता को भी उपलब्ध था? यह भी नहीं पता है कि जियो से कम रेट में उपलब्ध था या उससे महंगा था।

आयुद्ध विज्ञान के क्षेत्र में देश की उन्नति हमारी सोच से भी आगे थी। ऐसी ऐसी मिसाइल थी जो अपना लक्ष्य भेद वापिस आ जाती थी। मिसाइल को छोडऩे के लिए मिसाइल लांचर जैसे कठिन उपकरण की बजाय उंगली से भी काम चल जाता था। कृष्ण जी का सुदर्शन चक्र एक ऐसी ही मिसाइल थी। कृष्ण जी अपनी सुदर्शन चक्र नामक मिसाइल को बार बार इस्तेमाल कर सकते थे और हर बार वह वार कर कृष्ण जी की उंगली में वापस आ जाती थी। शब्द भेदी मिसाइल, नेपाम बम (अग्नि बाण), और न जाने क्या क्या। महाभारत में वर्णन मिलता है कि उस समय ऐसी मिसाइलें (बाण) भी मौजूद थीं कि चाहे तो आंधी या बारिश तूफान ला सकती थीं। ऐसी मिसाइल या बम अभी कल्पना ही हैं। ऐंटी मिसाइल भी थीं। कर्ण का कवच कुंडल और दुर्योधन का जंघाओं के अतिरिक्त सारे शरीर पर विशेष कवच व्यक्तिगत एंटी मिसाइल के उदाहरण हैं।

मुझे लगा कि जब भारत में इतनी उन्नति थी तो कुछ न कुछ उन्नति तो और जगह भी रही होगी या फिर दूसरे देशों में अनपढ़, जाहिल, गंवार ही रहते थे। मैंने सोचा, समझा और जाना कि और जगह भी विज्ञान काफी उन्नति कर चुका था। अंग प्रत्यारोपण के मामले में मिस्र और यूनान तो हमारे से भी आगे थे। हम तो स्तनधारी धड़ से स्तनधारी सिर ही जोड़ा करते थे जैसे आदमी के धड़ पर हाथी का या फिर सिंह का सिर पर उनके यहाँ तो मत्सय के धड़ (पूँछ) से मनुष्य (आम तौर पर नारी) का सिर भी जोड़ देते थे। इतना उन्नत था मिस्र और यूनान वासियों का चिकित्साशास्त्र। हमारे यहाँ तो विमान ही आकाश में उड़ा करते थे पर मुझे ज्ञात हुआ है कि अरबों ने वैमानिकी में इतनी उन्नति कर ली थी कि उनके यहाँ कालीन भी आकाश में उड़ा करते थे। और तो और कालीन आकाश में इतनी कुशलता से उड़ते थे कि कभी-कभी उन पर योद्धा तलवारबाजी भी करते रहते थे। अरबों का रसायन/चिकित्सा ज्ञान तो अद्भुत था। उनके पास तो इस तरह के रसायन तक मौजूद थे कि अगर उन्हें किसी मनुष्य पर छिड़क दिया जाये तो वह गधा या बकरी कुछ भी बन सकता था और फिर उस पर कोई दूसरा रसायन छिड़क कर वापस मनुष्य भी बनाया जा सकता था।

भारत, मिस्र-यूनान और अरबों के प्राचीन कल के उन्नत विज्ञान के बारे में पता करने के बाद मैं हैरी पॉटर सीरीज की कालावधि के बारे में पता कर रहा हूँ ताकि मैं प्राचीन यूरोप में भी वैज्ञानिक उन्नति के बारे में निष्कर्ष निकल सकूँ।

प्रसंगवश : क्या यहाँ यह उल्लेख करना उचित हो सकता है कि ईसाई धर्म का जन्म मिस्र यूनान के इलाके में तथा इस्लाम का जन्म अरब इलाके में हुआ था।

(लेखक पेशे से चिकित्सक हैं।)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest