Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

प्रयागराज: सामूहिक दुष्कर्म को हादसा बताने की कोशिश, पुलिस पर फिर लगे गंभीर आरोप

यमुनापार इलाके में एक नाबालिग लड़की का कथित तौर पर गैंगरेप हुआ है। परिवारवालों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में हादसे का मुकदमा लिख केस को रफा दफा करने की कोशिश की है।
stop
Image courtesy : Feminism in India

'रामराज' वाले उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक बार फिर शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, यहां एक नाबालिग लड़की का कथित तौर पर गैंगरेप हुआ है। जिसे आरोपी सड़क पर फेंककर फरार हो गए थे। इस मामले को पहले सड़क दुर्घटना का नाम दिया जा रहा था। लेकिन अब परिवार वालों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में हादसे का मुकदमा लिख केस को रफा दफा करने की कोशिश की है। फिलहाल पीड़िता गंभीर रूप से घायल है और पिछले 14 दिनों से उसका इलाज चल रहा है।

बता दें कि ‘सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा' मोटो के साथ यूपी पुलिस अक्सर सवालों के घेरे में रहती है। आम जनता के इन 'रक्षकों' पर कभी पीड़ित को प्रताड़ित करने का आरोप लगता है, तो कभी मामले को दबाने को लेकर सवाल उठते हैं। पुलिस खुद कभी शोषक के रूप में नज़र आती है तो कभी आरोपियों की मदद करती। अपराध, विवाद में कानून का सही ढंग से पालन हो रहा है या नहीं इससे यूपी पुलिस को शायद कोई फर्क नहीं पड़ता। तभी तो इलाहाबाद हाईकोर्ट की कई बार फटकार के बाद दिल्ली हाईकोर्ट भी इनकी तगड़ी झाड़ लगा चुका है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मामला यमुनापार कौंधियारा इलाके का है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार बीते 10 अगस्त को एक युवक ने लड़की के मोबाइल पर कॉल करके मिलने के लिए बुलाया था। जब वो मुलाकात करने गई तो उसने कथित तौर पर अपने दोस्तों के साथ मिलकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि इसके बाद वो पीड़िता को कौंधियारा थाने से एक किलोमीटर दूर फेंक कर भाग गए थे। लड़की के पूरे शरीर पर चोट के निशान हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक आधी रात को गश्त के दौरान पुलिस की नजर लड़की पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने पीड़िता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। लेकिन लड़की की स्थिति में सुधार नहीं आया, जिसके चलते उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस बीच पीड़िता के घर वालों को भी सूचना दी गई।

इस मामले में पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगया है कि कौंधियारा पुलिस आरोपियों को बचा रही है। उन्होंने कहा कि परिवार की ओर से जो तहरीर दी गई है, उसके आधार पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है और वो मनगढंत तरीके की कहानी बना रहे हैं। पुलिस ने जिस चाचा की तहरीर पर दुर्घटना का मुकदमा किया था। उसी चाचा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि मुकदमा कैसे हो गया है, उन्हें कुछ पता नहीं। वो थाने पर मुकदमा लिखवाने गए ही नहीं थे। चाचा की मानें तो 'भतीजी अस्पताल में भर्ती थी, उसकी हालत नाजुक थी। दरोगा साहब ने रेफर के लिए सादे कागज पर मेरा हस्ताक्षर कराया था।'

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 10 अगस्त की इस घटना को लेकर पहले ये कहा जा रहा था कि लड़की सड़क हादसे में घायल हो गई थी। पुलिस ने एफआईआर में पीड़ित नाबालिग को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया था। जबकि परिजनों का कहना है कि अगर वो पागल है, तो उसने इस साल इंटर कैसे पास कर लिया। हालांकि, मुंबई से वापस आने के बाद पीड़िता के पिता ने एक नई तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने कहा है कि उनकी बेटी के साथ गैंगरेप हुआ है। पिता ने गांव के ही एक युवक और उसके साथियों पर आरोप लगाया है।

पुलिस का क्या कहना है?

कौंधियारा पुलिस का कहना है कि 18 अगस्त को लड़की के चाचा ने थाने में तहरीर दी थी कि छात्रा मानसिक तौर पर स्वस्थ नहीं है। वह घर से बाहर रोड पर जा रही थी, किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया, जिससे वह घायल हो गई।

इस पूरे मामले में एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने कहा है कि पहले पुलिस को उनके परिवार से एक बच्ची की अज्ञात वाहन से दुर्घटना होने की खबर मिली थी। उस दौरान सुसंगत धाराओं में अभियोग कर लिया गया था। इसके बाद उनकी जानकारी में कुछ और तथ्य आए हैं। उसको उन लोगों ने पुलिस से साझा किया है। उनसे प्रार्थनापत्र लिया गया है, जिसमें इन्हीं के गांव के पास के लड़के पर अपराध करने का आरोप लगाया है। तत्काल इस प्रार्थनापत्र का संज्ञान लेते हुए जांच की जा रही है। जो साक्ष्य पुलिस ने संकलित किए हैं। उनके आधार पर सुसंगत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यूपी में अपराध का बढ़ता ग्राफ़

मालूम हो कि 2022 की यूपी विधानसभा चुनाव की रैलियों में सीएम योगी के साथ-साथ पीएम नरेंद्र मोदी भी महिला सुरक्षा के कसीदे पढ़ते नज़र आ रहे थे। हालांकि सरकारी संस्था राष्ट्रीय महिला आयोग के मुताबिक़ साल 2021 में महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध के सबसे ज़्यादा मामले उत्तर प्रदेश से रिपोर्ट हुए, जो कुल शिकायतों का आधा से ज़्यादा का आंकड़ा है। आयोग की हाल में जारी रिपोर्ट के अनुसार साल 2021 में महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध के 30 हज़ार से ज़्यादा मामले सामने आए। जिसमें सबसे अधिक 15,828 शिकायत यूपी से थीं।

नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की मानें तो महिलाओं के ख़िलाफ़ सबसे ज़्यादा क्राइम में भी उत्तर प्रदेश टॉप पर है। यहां साल 2020 में महिलाओं के ख़िलाफ़ होने वाले अपराध के 49,385 मामले दर्ज कराये गये थे।

बलात्कार के मामले में भी उत्तर प्रदेश पूरे देश में दूसरे स्थान पर है। यानी राजस्थान के बाद उत्तर प्रदेश ही वो राज्य है जहां महिलाएं सबसे अधिक बलात्कार का शिकार हो रही हैं। साल 2020 में देश भर में बलात्कार के कुल 28046 मामले दर्ज किए गए, जिसमें से अकेले उत्तर प्रदेश में कुल 2,769 मामले दर्ज हुए।

गौरतलब है कि सीएम योगी आदित्यनाथ की 'ठोक दो' की नीति, 'न्यूनतम अपराध' के दावे और उत्तम प्रदेश के दावों से इतर प्रदेश की जमीनी सच्चाई ये है कि उत्तर प्रदेश में हर तरह के अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। वंचित, शोषित लोग न्याय की आस में दर-बदर भटक रहे हैं तो वहीं पुलिस पीड़ित को और प्रताड़ित कर रही है। कुल मिलाकर देखें तो सत्ता में वापसी के बाद भी बीजेपी की योगी सरकार कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मोर्चे पर विफल ही नज़र आती है।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest