Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

प्रख्यात इतिहासकार डी एन झा की श्रद्धाजंलि सभा: वैज्ञानिक व धर्मनिरपेक्ष इतिहास लेखन की ज़रूरत पर डाला गया प्रकाश

केदारदास श्रम व समाज अध्ययन संस्थान व ISCUF के तत्वाधान में डी एन झा की श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन किया गया।
प्रख्यात इतिहासकार डी एन झा की श्रद्धाजंलि सभा

प्रख्यात इतिहासकार डी एन झा की श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन मंगलवार को केदारदास श्रम व समाज अध्ययन संस्थान तथा अखिल भारतीय शांति व एकजुटता संगठन (इसकफ) द्वारा पटना स्थित केदार भवन में किया गया। श्रद्धाजंलि सभा में इतिहासकार, साहित्यकार, संस्कृतिकर्मी व सामाजिक कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। सर्वप्रथम डी एन झा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किया गया।

केदारदास श्रम व समाज अध्ययन संस्थान के सचिव अजय कुमार ने श्रद्धाजंलि सभा की शुरुआत की और इतिहास में उनके अहम योगदान पर प्रकाश डाला।

महिला नेत्री निवेदिता झा ने डी एन झा के जीवन और उनकी कृतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा “डी एन झा ने कलकत्ता से बी ए की पढ़ाई की और उसके बाद पटना विश्वविद्यालय से एम ए और आर एस शर्मा के अधीन पीएचडी की। राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का जब फैसला आया तो उन्होंने इसे बहुत निराशाजनक बताया। उनकी प्रसिद्ध किताब 'होली काऊ' की 2002 से 2017 तक 26 संस्करण छपे।"

ख़ुदा बख़्श लाइब्रेरी के पूर्व चेयरमैन व इतिहासकार इम्तियाज अहमद ने बताया "उनका अपने विद्यार्थियों और जानने वाले के साथ बड़ा आत्मीय रिश्ता बन जाता था। डी एन झा जिस तरह से मिथ उत्पन्न किये जा रहे हैं, उसको काउंटर करने वाले लोगों में थे। इतिहास की बेहतर धारा को आगे बढ़ाने वाले लोगों में आर एस शर्मा के बाद वो बड़े नाम थे।"

पटना विश्विद्यालय में इतिहास के प्रोफ़ेसर रहे अवध किशोर प्रसाद ने कहा "वह हमारे गुरु थे। मैं जे पी आंदोलन के कारण क्लास नहीं कर सका तो भी उन्होंने कुछ नहीं कहा। यह वाकई में एक सहिष्णुता का एक उदाहरण हो सकता है। उन्होनें आगे बताया दिल्ली जाते वक्त उन्होंने ढेर सारे क्लास नोट्स दिए। उनके बहुत सारे लेक्चर सिलेबस में शामिल किए गए। प्रसाद ने डी एन झा के काम का जिक्र करते हुए कहा कि कोई ऐसा मुल्क नहीं है जहाँ पहले लोग जानवर नहीं खाते थे। सभ्यता का विकास धीरे-धीरे होता है। कई शास्त्रों में भी यह है। वैदिक काल में युग में पशुओं की बलि दी जाती थी। गरीबों ने इसका विरोध किया क्योंकि उनको तो देवताओं से मिलना था नहीं। उनके ऐसे इतिहास लेखन में साइंटिफिक टेम्पर झलकता है, जिसका होना अच्छी बात है।" 

टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेस पटना सेंटर के चेयर पर्सन पुष्पेंद्र ने बताया "डी एन झा की खासियत थी कि वे बहुत पहले चीजो को देख लेते थे जैसे कि खान-पान के सवाल को लेकर समाज मे भेद पैदा होना। उन्होनें आगे कहा इतिहाकारों की पृष्ठभूमि को समझने की जरूरत है। इतिहासकारों का काम समाज जोड़ना है। आज इतिहास के नाम पर समाज को तोड़ा जा रहा है।"

पटना विश्विद्याल में इतिहास के एक और प्रोफ़ेसर राजेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा "शिक्षण कार्य में हम दोनों समकालीन थे। हालांकि वह हमसे कुछ सीनियर थे। उन्होंने इतिहास के शोध कार्यों में लंबी पारी खेली। जब उनकी किताब होली काऊ आई तो बहुत विरोध हुआ। गोमांस के विषय पर पहले भी लोगों ने काम किया है। जनसंघ के लोगों ने चुनाव जीतने के लिए इसका राजनीतिकरण किया। डी एन झा हमारे लिए पटना विश्विद्यालय के महत्वपूर्ण पिलर थे।"

साहित्यकार प्रेम कुमार मणि ने बताया "हम लोगों ने उनको पढ़ा है। उन्होंने हमें सामाजिक जीवन में इतिहास का महत्व बताया। इतिहास को देखने की दृष्टि दी। आज इतिहास को हथियार बना कर हमले किए जा रहे हैं। मानसिक श्रम और शरीरिक श्रम में प्राचीन काल में अंतर कर लिया गया। और इसी वजह से मध्य काल में शूद्रों पर हमले बढ़े। वर्ण व्यवस्था में जो सबसे कम काम करेगा वो ऊपर रहेगा। डी एन झा की किताब प्राचीन भारत सबको पढ़नी चाहिए। पावर का केंद्र मंदिर था इसीलिए उस पर हमले ज्यादा हुए होंगे। अशोक और औरंगजेब में बहुत समानता है लेकिन एक महान और दूसरा ऐसे है। आज आर एस एस और उनकी पार्टी जिस तरह से इतिहास का इस्तेमाल कर रहा है उसके बारे में सोचने की जरूरत है।"

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सेंट्रल कमिटी के सदस्य अरुण मिश्रा ने डी एन झा को एक एक्टिविस्ट हिस्टोरियन बताया। आज पूरी दुनिया के जितने भी इतिहासकार हैं, उनकी दृष्टि मार्क्स से अलग नहीं है। आज जिस डिस्कोर्स को लाने की कोशिश हो रही है, वो एक तरह का फ्रिंज है। डी एन झा इस तरह की बातों के खिलाफ थे। इतिहास का जो कोरम होता है, उसमें बहुत डिबेट होता है। और यही तरीका भी होता है। झा सच कहने से घबराते नहीं थे। वह अंत तक सक्रिय रहे। सारे खतरों को झेलते हुए भी वह खड़े रहे।"

श्रद्धाजंलि सभा को संबोधित करते हुए सी.पी.आई के राज्य कार्यकारिणी के सदस्य रामबाबू कुमार ने कहा "प्रोफेसर डी एन झा प्रगतिशील इतिहास की धारा को आगे बढ़ाने वाले व्यक्ति थे। आज सत्ता के समर्थन से गाय के नाम पर मोब लॉन्चिंग का काम किया जा रहा है।"

सामाजिक कार्यकर्ता व इंजीनियर सुनील सिंह ने बताया “ वह एक वारियर की तरह लड़े। जैसे गैलीलियो ने बताया कि पृथ्वी सूर्य के चारों तरफ घूमती है, तो उस पर हमले हुए। गुलियानी की कविता है दुआ करो कि जो आज हो रहा है वह कल न हो। डी एन झा ब्रूनों और गैलीलियो की तरह सच कहने वाले थे।"

मानवाधिकार कार्यकर्ता गोपाल कृष्ण ने 1974 में लिखे उनके एक पुराने पेपर की चर्चा करते हुए कहा "समूचा इतिहास समकालीन होता है। जब जनगणना शुरू हुई तो उसके आधार पर हिन्दुकरण की राजनीति की शुरुआत हुई। भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश में ही राज्य को अधिकार है कि वो जमीन पर कब्जा कर सकता है। डी एन झा एक इकोनॉमिक हिस्टोरियन भी थे।"

केदारदास के अध्यक्ष नवीन चंद्रा ने कहा “इतिहास को प्रकरण में देखना चाहिए यही मार्क्सिस्ट पद्धति है। इतिहास समय है यह पीछे नहीं जाता। डी एन झा अंत तक सीपीआई में रहे और सक्रिय रहे। डी एन झा बताते थे कि पहले इतिहास में बहस की पूरी जगह थी, लेकिन आजकल ऐसे दक्षिणपंथी आ रहे हैं, जो बात ही नहीं कर सकते।”

श्रद्धाजंलि सभा को पी.डी. एस. एफ के राधेश्याम ने भी संबोधित किया। चर्चित इतिहासकार ओ.पी.जायसवाल ने अपने सन्देश में कहा कि डी एन झा सिर्फ एकेडमिक शख्सीयत ही नहीं बल्कि एक्टविस्ट भी थे। कम्युनिस्ट पार्टी सी.पी.आई के सदस्य थे। पार्टी के कार्यों में भी सक्रियतापूर्वक भाग लिया करते थे।

सभा में इस पर भी रोशनी डाली गई कि किस प्रकार साम्प्रदायिक ताकतों ने डी एन झा को परेशान किया, मुकदमों में फंसाया और उन्होंने किस तरह इन सबका मुकाबला किया।

श्रद्धाजंलि सभा में शामिल प्रमुख लोगों में शिक्षाविद अक्षय कुमार, इसकफ के रवींद्र नाथ राय, कानूनविद ज्ञानचन्द्र भाद्वाज, अधिवक्ता मदन प्रसाद सिंह, छात्र नेता विश्वजीत कुमार, बिजली कर्मचारियों के नेता डीपी यादव, रंगकर्मी जयप्रकाश, इंसाफ मंच के इरफान अहमद फातमी, सामाजिक कार्यकर्ता व कवि तुषार उपाध्याय, हरदेव ठाकुर , संस्कृतिकर्मी सुमन्त शरण, अशोक कुमार सिन्हा, गालिब खान, एटक नेता ग़ज़नफ़र नवाब, आंगनबाड़ी कर्मचारियों के नेता कौशलेंद्र कुमार वर्मा, फिल्मकार राकेश राज, छात्र नेता सरोज, आदि थे ।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest