Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

हादसा: मऊ में मातम, मौत की दीवार में दफ्न हुईं सात जिंदगियां

बालू के ढेर के पास खड़ी करीब डेढ़ दर्जन महिलाएं मेहंदी रस्म के कार्यक्रम को देख रहीं थी। महिलाओं की भीड़ का वजन दीवार नहीं झेल पाई और हादसा हो गया।
accident

उत्तर प्रदेश के मऊ स्थित घोसी इलाके के मदापुर समसपुर गांव में शादी का जश्न उस समय मातम में बदल गया जब हल्दी की रस्म अदा करने जा रही महिलाओं के ऊपर ईंट की दीवार भर-भराकर गिर गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतकों में दो बच्चे शामिल हैं। घायलों में कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

घोसी कोतवाली क्षेत्र के मदापुर समसपुर गांव में असकरी मेमोरियल स्कूल के पीछे एक संकरा रास्ता है। उसके पूर्वी छोर पर तसव्वर खान और ग्यासुदीन का खाली प्लाट है। खाली प्लाट में करीब10 फीट ऊंची, 15 फीट लंबी दीवार बनाई गई थी। दीवार के दक्षिण-पूर्वी छोर पर एक छोटी सी पोखरी है। खाली प्लॉट की दीवार 08 दिसंबर 2023 को अपराह्न करीब 3.30 बजे अचानक भरभराकर ढह गई। दीवार के पूरब मिट्टी और बालू रखा था, जिसके दबाव से दीवार अचानक गिर गई। घटना के समय संकरे रास्ते से महिलाएं और कुछ बच्चे बैंडबाजा पर नाचते-गाते हुए जा रहे थे। शनिवार को शादी थी जिसकी हल्दी की रस्म एक दिन पहले ही अदा की जा रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दीवार ढहने से कुछ बच्चों समेत 27 महिलाएं दब गईं। घटना के समय किसी को समझ में ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या। दीवार गिरने से धूल का गुबार उठा और भगदड़ मच गई। समूची घटना घोसी कोतवाली क्षेत्र के बस अड्डे के पास की है। कुछ ही देर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। आसपास को लोग जब मौके पर पहुंचे तो महिलाएं और बच्चे मलबे में दबे हुए थे।

मौके पर जुटे लोगों ने दीवार का मलबा हटाया और दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। बचाव और राहत कार्य में जेसीवी की मदद ली गई। करीब एक घंटे तक राहत का कार्य चला। 26 लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया। डाक्टरों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाद में सात लोगों को प्रकाश हास्पिटल, दो को फातिमा अस्पताल, दो को आजमगढ़ के लाइफलाइन हास्पिटल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से जख्मी कुछ महिलाओं को वाराणसी रेफर किया गया है जिनमें कुछ लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस के मुताबिक स्टेशन रोड निवासी बृजेश गुप्ता के बेटे बालेंदु की शादी नौ दिसंबर को है। बारात बलिया जानी है। वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने लिए पास-पड़ोस और रिश्‍तेदारी की महिलाएं जुटी थीं। मांगलिक कार्यक्रम में शामिल महिलाएं गीत-गाते हुए लावा लेने की रस्म अदा करने जा रही थीं। संकरी गली से गुजरते वक्त यह हादसा हो गया। बालू के ढेर के पास खड़ी करीब डेढ़ दर्जन महिलाएं मेहंदी रस्म के कार्यक्रम को देख रहीं थी। महिलाओं की भीड़ का वजन दीवार नहीं झेल पाई और हादसा हो गया। घटना के समय वीडियोग्राफर भी मौके पर मौजूद था। उसके कैमरे में दीवार ढहने का मंजर साफ-साफ दिखाई दे रहा है। जेसीवी की मदद से दीवार में दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

हादसे में चंदा देवी (35), पूनम शर्मा (42), पूजा (35), मीरा (40) और सुशीला देवी (57) के अलावा माधव (4) और अनवी श्रीवास्तव (3) की मौत हो गई। इनके अलावा निर्मला (50),रेशमी (40),प्रभावती (60), अन्नया (20), गायत्री (18), अनसुईया (50), इंद्रावती (50), नम्रता (30), रूही अग्रवाल (35), पुप्पा यादव (40)आदि को गंभीर चोटें आई हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख मुआवजा देने का निर्देश दिया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हज़ार रुपये दिए जाएंगे। घायलों का इलाज मुफ्त किया जाएगा। हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

(लेखक बनारस के वरिष्‍ठ पत्रकार हैं।)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest