Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

भाजपा के साथ मिले होने के कारण विपक्षी दलों की बैठक में शामिल नहीं हुई बीजद : ओडिशा कांग्रेस

‘‘मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के दावे के विपरीत, बीजद ने भाजपा से कभी दूरी नहीं बनाई। पटनायक की पार्टी पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है।’’
Odisha Congress
प्रतीकात्मक तस्वीर।

बीजू जनता दल (बीजद) के पटना में विपक्षी दलों की बैठक में शामिल नहीं होने के बाद कांग्रेस ने ओडिशा में सत्तारूढ़ पार्टी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ ‘‘मिले होने’’ का आरोप लगाया।

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मीडिया इकाई के प्रमुख गणेश्वर बेहरा ने शुक्रवार को कहा कि दोनों पार्टियों के बीच संबंध ‘‘केंद्र में भाजपा के सत्ता में रहने तक जारी रहेंगे।’’

बेहरा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम लंबे समय से कहते रहे हैं कि बीजद भाजपा के साथ है और वह उसके साथ संबंध बनाए रखेगी। बीजद उस समूह में कैसे शामिल हो सकती है, जो भाजपा विरोधी है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के दावे के विपरीत, बीजद ने भाजपा से कभी दूरी नहीं बनाई। पटनायक की पार्टी पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है।’’

आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजद प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा, ‘‘पार्टी की किसी समूह या गठबंधन में शामिल होने की कोई योजना नहीं है। हमारे पार्टी अध्यक्ष ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि बीजद अब किसी भी समूह या गठबंधन में शामिल नहीं होगी। हम ओडिशा के 4.5 करोड़ लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारे पास लोगों की सेवा करने की ताकत है।’’

मोहंती ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “जब तक ओडिशा के लोग हमें आशीर्वाद देते रहेंगे, हमें बाहर से किसी की मदद की जरूरत नहीं है।”

उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय पार्टी कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठंधन (संप्रग) और भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दोनों से समान दूरी बनाए हुए है। मोहंती ने कहा कि बीजद इस नीति को कायम रखेगी।

गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पश्चिम बंगाल की उनकी समकक्ष ममता बनर्जी ने हाल ही में भुवनेश्वर में पटनायक से मुलाकात की थी।

वहीं, पटना में शुक्रवार को हुई बैठक में 17 विपक्षी दलों ने भाजपा को परास्त करने के लिए 2024 का लोकसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ने और अपने मतभेदों को भुलाकर लचीलेपन के साथ काम करने का संकल्प लिया। वे संयुक्त रणनीति बनाने के लिए अगले महीने शिमला में बैठक करेंगे। पटना की बैठक में इन पार्टियों के 32 नेता शामिल हुए। 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest