'देश के उदार और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को भाजपा-आरएसएस के हमले का सामना करना पड़ रहा'

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि उनकी ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ का मकसद भारत के उदार और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को बचाना है। उन्होंने दावा किया कि देश के उदार और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के हमले का सामना कर पड़ रहा है।
उन्होंने 146 दिन लंबी अपनी यात्रा के समापन पर यहां एक रैली में कहा, "मैंने यह यात्रा अपने लिए या कांग्रेस के लिए नहीं बल्कि देश के लोगों के लिए की है। हमारा मकसद उस विचारधारा के खिलाफ खड़ा होना है जो इस देश की नींव को ही नष्ट करना चाहती है।"
कश्मीर की ज़मीं पर फहराया गया, एक विशाल तिरंगा। सबकी उम्मीद, विश्वास, प्रेम, एकता, जुड़ाव और बदलाव का साथी है ये परचम।#BharatJodoYatra pic.twitter.com/V3fU7N1Fdk
— Bharat Jodo (@bharatjodo) January 30, 2023
उनकी यह रैली शहर में भारी हिमपात के बावजूद आयोजित की गई। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस हिंसा भड़का कर देश के उदार एवं धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को निशाना बना रहे हैं।
उन्होंने उन पलों को याद किया जब उन्हें फोन पर उनकी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या की सूचना मिली थी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि हिंसा भड़काने वाले कभी भी उस दर्द को नहीं समझ पाएंगे।
उन्होंने कहा, "जो लोग हिंसा भड़काते हैं - जैसे मोदीजी, अमित शाहजी, भाजपा और आरएसएस - वे इस दर्द को कभी नहीं समझेंगे। सेना के किसी जवान का परिवार यह समझेगा, पुलवामा में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों का परिवार यह समझेगा, कश्मीर के लोग समझेंगे कि वह दर्द क्या होता है।’’
बारिश के पानी से गलन नहीं
सूरज की धूप से तपन नहीं
बर्फ़ पड़ी तो ठिठुरन नहींवजह सिर्फ एक देश में एकता का परचम लहराने का लक्ष्य और आप से मिला अपार प्यार। #BharatJodoYatra #BharatJodoYatraFinale pic.twitter.com/Zi2dSaGfqL
— Bharat Jodo (@bharatjodo) January 30, 2023
राहुल गांधी ने कहा कि उनकी ‘‘यात्रा का मकसद अपने प्रियजनों की मौत की खबर देने वाले फोन कॉल को समाप्त करना है - चाहे वह कोई सैनिक हो, सीआरपीएफ का जवान हो या कोई कश्मीरी हो।"
कांग्रेस नेता ने भाजपा के शीर्ष नेताओं को उनकी तरह जम्मू-कश्मीर में यात्रा करने की चुनौती देते हुए कहा कि वे लोग कभी भी ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि वे भयभीत हैं। उन्होंने कहा, "मैं आपको गारंटी दे सकता हूं कि भाजपा का कोई भी नेता जम्मू-कश्मीर में इस तरह पैदल नहीं चल सकता। वे ऐसा नहीं करेंगे, इसलिए नहीं कि उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी जाएगी, बल्कि इसलिए कि वे भयभीत हैं।"
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें जम्मू-कश्मीर की धरती पर पैदल नहीं चलने की सलाह दी गई थी क्योंकि उन पर हमला हो सकता है। उन्होंने कहा, "मैंने इस पर विचार किया और फिर फैसला किया कि मैं अपने घर और अपने लोगों (जम्मू-कश्मीर में) के साथ चलूंगा। क्यों नहीं उन्हें (उनके दुश्मनों को) मेरी शर्ट का रंग बदलने का मौका दिया जाना चाहिए, उन्हें इसे लाल करने दें।"
उन्होंने कहा, "कश्मीर के लोगों ने मुझे हथगोले नहीं दिए, सिर्फ प्यार भरा दिल दिया।’’
कांग्रेस नेता एवं जलंधर से सांसद संतोख चौधरी का दो सप्ताह पहले ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया था, जिसके बाद यात्रा रोक दी गई। वह 76 वर्ष के थे।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के व्यापक जनसंपर्क अभियान वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और उसके बाद यह तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और हिमाचल प्रदेश होते हुए आज संपन्न हो गई।
( समाचार एजेंसी भाषा इनपुट के साथ)
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।