Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

दिल्ली पहुंची ‘भारत जोड़ो यात्रा’, तिरंगों, गुब्बारों से सजी सड़कें

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के शनिवार तड़के दिल्ली में प्रवेश करने के दौरान बदरपुर से लेकर आश्रम तक की सड़क तिरंगे, गुब्बारों और राहुल गांधी की तस्वीर वाले बैनरों से पटी पड़ी नजर आई। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं और थोड़ी दूर तक राहुल गांधी के साथ चलीं।
bharat jodo yatra

नयी दिल्ली: कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शनिवार सुबह दिल्ली में प्रवेश कर गई और इस मौके पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि इस नफरत के खिलाफ हर भारतीय को मोहब्बत की एक छोटी दुकान खोलनी चाहिए।
 
राहुल गांधी और बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और समर्थक इस पदयात्रा में शामिल हैं।

राहुल गांधी ने कहा, "भाजपा और आरएसएस की नीति नफरत और डर फैलाने की है, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।"

उन्होंने कहा, "हमारी तरह हर भारतीय को मोहब्बत फैलाने के लिए एक छोटी दुकान खोलनी चाहिए।"
 
बदरपुरु बॉर्डर से आरंभ हुई आज की यह पदयात्रा लाल किले पर समाप्त होगी। इसके बाद कुछ दिनों का विराम होगा और फिर यह यात्रा तीन जनवरी को शुरू होगी।

पदयात्रा पूरी करने के बाद शनिवार शाम राहुल गांधी महात्मा गांधी की समाधि राजघाट, पंडित जवाहरलाल नेहरू के स्मारक शांति वन, इंदिरा गांधी की समाधि 'शक्ति स्थल' और राजीव गांधी की समाधि 'वीर भूमि' जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
 
कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई यह यात्रा अब तक नौ राज्यों-तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से गुजर चुकी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में की जा रही पदयात्रा ने अब तक 2,800 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की है।

यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और लगभग आठ दिनों के विराम के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अंत में जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ेगी।

यात्रा में पूजा भट्ट, रिया सेन, सुशांत सिंह, स्वरा भास्कर, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी और अमोल पालेकर जैसी फिल्मी और टेलीविजन हस्तियों के साथ-साथ समाज के कई अन्य वर्गों के लोगों की भागीदारी देखी गई है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलावा पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल एल रामदास, शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सुप्रिया सुले, द्रमुक नेता कनिमोई और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन सहित कई अन्य हस्तियां भी समय-समय पर इस पदयात्रा में शामिल हुई हैं।

दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं सोनिया गांधी

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं और थोड़ी दूर तक राहुल गांधी के साथ चलीं।

यह दूसरी बार है, जब पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कन्याकुमारी से सितंबर में शुरू हुई इस पदयात्रा में हिस्सा लिया है। वह इससे पहले अक्टूबर में कर्नाटक में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुई थीं।

सुबह में विश्राम के लिए यात्रा के यहां आश्रम चौक पहुंचने से पहले सोनिया गांधी ने चेहरे पर मास्क लगाकर अपने बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कुछ मिनट तक चहलकदमी की।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ शनिवार सुबह हरियाणा से दिल्ली में दाखिल हुई और बदरपुर बॉर्डर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से इसका स्वागत किया ।

भाजपा के लिए कोविड वहीं है, जहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ है : राहुल गांधी

फरीदाबाद: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ दल भारत के अन्य भागों में जितनी चाहें उतनी जनसभाएं कर सकता है, लेकिन उसे केवल वहीं कोविड दिखाई देता है, जहां से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ गुजर रही है।

गांधी ने कल भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा को रोकने के लिए ‘‘बहाने’’ ढूंढ रही है। यात्रा इस समय हरियाणा में है और शनिवार को यह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रवेश करेगी।

गांधी ने शुक्रवार शाम यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अब, (केंद्रीय) स्वास्थ्य मंत्री मुझे पत्र लिख रहे हैं कि कोविड वापस आ गया है, यात्रा बंद करो। शेष भारत में भाजपा जितनी चाहे जनसभाएं कर सकती है, लेकिन जहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ चल रही है, वहां कोरोना और कोविड है।’’

इस सप्ताह की शुरुआत में, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने गांधी को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि यदि कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया जा सकता है तो वह यात्रा को स्थगित करने पर विचार करें।

भाजपा पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा कि कुछ चुनिंदा लोग नफरत फैला रहे हैं और वे चाहते हैं कि किसानों और युवाओं के दिल में डर हो। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन किसान और युवा सहित भारत के आम लोग प्यार की भाषा बोल रहे हैं और एकसाथ मिलकर चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बेरोजगारी, महंगाई, भय और नफरत के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की नीतियां जन-समर्थक और गरीब-समर्थक थीं, लेकिन नोटबंदी और ‘गलत जीएसटी’ जैसी भाजपा सरकार की नीतियां डर फैलाती हैं। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा बेरोजगारी, महंगाई और भय और नफरत के खिलाफ है।

कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यह यात्रा सात सितंबर को शुरू हुई थी और अब तक यह यात्रा तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से गुजर चुकी है और इस समय यह हरियाणा से गुजर रही है।

गांधी ने 2014 और 2019 के संसदीय चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘कांग्रेस-मुक्त भारत’’ के नारे का उल्लेख किया और कहा, ‘‘कांग्रेस एक संगठन नहीं है, एक राजनीतिक संगठन नहीं है, बल्कि सोचने का एक ढंग है, जीने का एक ढंग है। एक तरफ आरएसएस और भाजपा है और दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी।’’

गांधी ने कहा, ‘‘भाजपा और आरएसएस नफरत का बाजार है, कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान उसी नफरत के बाजार में है।’’

उन्होंने दोहराया, ‘‘वह नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोल रहे हैं।’’

गांधी ने कहा, ‘‘नफरत, हिंसा और डर जो आरएसएस और भाजपा ने फैलाया, नरेंद्र मोदी ने इसे समझा, लेकिन वह कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस की विचारधारा को नहीं समझ सके क्योंकि इस देश से प्यार को कोई नहीं मिटा सकता।’’

उन्होंने कहा कि ऐसा मत सोचो कि लड़ाई कांग्रेस और भाजपा के बीच है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई हजारों वर्षों से चली आ रही है। उन्होंने कहा, ‘‘वे नफरत फैलाते हैं, हम प्यार फैलाते हैं। वे हिंसा फैलाते हैं, हम अहिंसा से मुकाबला करते हैं। वे डरते हैं, हम नहीं। यही अंतर है।’’

गांधी ने कहा, ''सात-आठ साल तक मोदी जी ने मुझे और कांग्रेस को बदनाम करने के लिए हजारों करोड़ रुपये खर्च किए। मैं एक शब्द नहीं बोला। जो कुछ भी झूठ बोला उन्होंने मेरे बारे में, मैं एक शब्द नहीं बोला और मैं चुप रहा। मैंने कभी खुद को बचाने की कोशिश नहीं की।’’

अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसे जनता का भारी समर्थन मिला है। उन्होंने कहा, ‘‘पूरे देश ने देखा कि इस आदमी (राहुल) को केवल अपने देश, किसानों, ,श्रमिकों और किसानों से प्यार है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (भाजपा-आरएसएस) भारत को बांटने और नफरत फैलाने का काम किया। कन्याकुमारी से शुरुआत करने से पहले मैंने सोचा था कि पूरे देश में नफरत है। मैं डरा हुआ था। लेकिन जब मैंने शुरुआत की, तो मुझे एक बात पता चली, लोग नफरत नहीं चाहते हैं, वे सिर्फ प्यार चाहते हैं।’’

गांधी ने कहा, ‘‘इस यात्रा में भारत है, प्यार है और यात्रा के श्रीनगर पहुंचने पर हम वहां तिरंगा फहराएंगे।’’

गांधी ने कहा कि उच्च शिक्षित युवा आज बेरोजगार हैं, जिनमें कई इंजीनियरिंग स्नातक भी शामिल हैं जो ‘‘पकौड़े’’ बेच रहे हैं या टैक्सी चला रहे हैं।

जनसभा में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और कुमारी सैलजा सहित कांग्रेस की राज्य इकाई के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

भाजपा-आरएसएस के लोग नफ़रत फैलाते हैं, हम मोहब्बत फैलाते हैं : राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर देश में डर और नफरत फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी के लोग मोहब्बत फैला रहे हैं।
 
'भारत जोड़ो यात्रा' के दिल्ली में प्रवेश करने के मौके पर उन्होंने कहा, "इस यात्रा में अमीर गरीब, किसान, मजदूर, हर धर्म और भाषा के लोग शामिल हैं। इस यात्रा में आपको नफरत नहीं दिखाई देगी। यहां सभी लोगों को मोहब्बत और इज्जत दी जाती है।"

उन्होंने कहा, "यह यात्रा, महंगाई, बेरोजगारी, डर और नफरत के खिलाफ है।"

राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा और आरोप लगाया, "इनकी नीति डर फैलाने की है। ये चाहते हैं कि किसान युवा और सभी लोगों के दिल में डर पैदा हो क्योंकि ये लोग उसी डर को नफरत में बदलते हैं।"

उन्होंने कहा, "आरएसएस के लोग डर फैलाते हैं और फिर उस डर को नफरत में बदलते हैं। हम कहते हैं डरो मत। हम मोहब्बत फैलाते हैं। हम एक हिंदुस्तानी को दूसरे हिंदुस्तानी से गले मिलवाते हैं।"

राहुल गांधी ने कहा कि करीब तीन हजार किलोमीटर पदयात्रा करने के बाद भी उन्हें थकान नहीं है। उन्होंने कहा, "क्या आपको मेरा चेहरा देखकर लग रहा है कि मैं थका हूं? नहीं। मैं नहीं थका क्योंकि आपने मुझे अपनी शक्ति दी। हम आपके प्यार और शक्ति का उपयोग करके चलते हैं।"

(समाचार एजेंसी भाषा इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest