Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

दिल्ली :राजकुमारी अमृत कौर कॉलेज ऑफ नर्सिंग के कर्मचारियों की जीत; तीन महीने के संघर्ष के बाद काम पर वापस बुलाए गए सभी कर्मचारी

1 फरवरी 2021 को बिना किसी नोटिस के लगभग 40 ठेका कर्मचारियों को काम से निकाल दिया गया था। इसके बाद से ही कर्मचारी लगातार संघर्षरत थे। इन सभी कर्मचारियों को जुलाई के प्रथम सप्ताह में काम पर वापस ले लिया गया
 दिल्ली :'राजकुमारी अमृत कौर कॉलेज ऑफ नर्सिंग के कर्मचारियों की जीत; तीन महीने के संघर्ष के बाद काम पर वापस बुलाए गए सभी कर्मचारी
ऐक्टू से सम्बद्ध रैकौन कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी यूनियन ने अपनी मीटिंग से लिया मज़दूरों के संघर्ष को तेज करने का संकल्प

दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के मूलचंद स्थित राजकुमारी अमृत कौर कॉलेज ऑफ नर्सिंग के बाहर, ऐक्टू से सम्बद्ध 'रैकौन कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी यूनियन' के बैनर तले 1 फरवरी 2021 को बिना किसी नोटिस के लगभग 40 ठेका कर्मचारियों को काम से निकाल दिया गया था। इसके बाद से ही कर्मचारी लगातार संघर्षरत थे। इन सभी कर्मचारियों को जुलाई के प्रथम सप्ताह में काम पर वापस ले लिया गया। जिसपर कर्मचारियों की यूनियन ने इसे संघर्ष की जीत कहते हुए एक बयान जारी किया ,जिसमे कहा कोविड महामारी, केंद्र सरकार की आपराधिक लापरवाही और संसद से लगातार पास हो रहे जनविरोधी कानूनों के बीच, रैकौन के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की हाल ही में हुई जीत एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।



तीन महीने तक लगातार चलता रहा मज़दूरों का धरना: हाईकोर्ट के आदेश के बाद काम पर वापस नही रखा गया

निकाले जाने के बाद से तीन महीने तक मज़दूरों ने कॉलेज गेट पर लगातार धरना जारी रखा। इस बीच कर्मचारियों का आरोप था कि प्रबंधन और स्थानीय पुलिस द्वारा कर्मचारियों को धमकाया भी जाता रहा, परन्तु लॉक-डाउन लगने तक कर्मचारियों ने अपना धरना जारी रखा।
दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा 9 फरवरी को ही कर्मचारियों को वापस काम पर रखने का आदेश दे दिया गया था, परन्तु इसके बावजूद भी कॉलेज प्रबंधन और ठेकेदार ने निकाले गए कर्मचारियों को काम पर नही रखा।
ठेका कर्मचारियों के अनवरत चले संघर्ष और उच्च न्यायालय द्वारा दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी के बाद ही जुलाई माह में सभी कर्मचारियों को काम पर वापस रखा गया।

ऐक्टू से सम्बद्ध रैकौन कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी यूनियन का कहना है कि कोरोना के दौर में जब ज़्यादातर संस्थानों से छटनी की खबरे आ रही हैं,  इन कर्मचारियों को मिली ये जीत काफी महत्वपूर्ण है। इससे पता चलता है कि तमाम मुश्किलों के बावजूद भी अगर मज़दूर अपनी एकता कायम रखते हैं तो सफलता ज़रूर मिलती है।

किसान आंदोलन से लेकर अन्य ठेका कर्मचारियों के संघर्षों में भी साथ दिया

शनिवार को इन सभी कर्मचारियों ने एक बैठक की जिसे कई मज़दूर नेताओं ने संबोधित किया। मीटिंग में ऐक्टू के दिल्ली राज्य अध्यक्ष, कामरेड संतोष रॉय, स्वास्थ्य कर्मचारियों की अखिल भारतीय कॉन्फ़ेडरेशन के महासचिव, कामरेड रामकिशन, वरिष्ठ साथी कामरेड कीरत राम जी व भाकपा(माले) के राज्य सचिव रवि राय बतौर अथिति मौजूद रहे।


मीटिंग को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष कामरेड सूर्यप्रकाश ने कहा कि रैकौन के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने सिंघु बॉर्डर पर ऐक्टू द्वारा चलाए जा रहे प्राथमिक चिकित्सा डेस्क में भी काफी सहयोग दिया। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में चल रहे सफाई कर्मचारियों के आंदोलन में भी इन्होंने भागीदारी की। रैकौन के कर्मचारियों ने अपनी लड़ाई लड़ते हुए, अन्य जगहों पर चल रहे संघर्षों में यथासंभव सहयोग करने की कोशिश की है - यही सही मायनों में हमारी जीत है।

उन्होंने सभी मौजूद कर्मचारियों से आगे आनेवाली चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान करते हुए, दिल्ली स्तर पर कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों के संघर्ष को तेज़ करने की गुजारिश की।

 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest