Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

दिल्ली: तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के चलते हिंदू राव अस्पताल के डॉक्टर हड़ताल पर

हिंदूराव दिल्ली नगर निगम का सबसे बड़ा अस्पताल है जिसकी बिस्तरों की क्षमता 900 है और इस समय यह कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए समर्पित है।
हिंदू राव अस्पताल

दिल्ली: उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा संचालित बाड़ा हिंदूराव अस्पताल में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी एक बार फिर हड़ताल पर हैं। यहां के स्टॉफ को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। गौरतलब है कि इस अस्पताल में हड़ताल और कामबंदी आम बात हो गई है। ताजा मामला रविवार से चल रही पूर्ण हड़ताल का है। यहां के रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने प्रशासन द्वारा उनका वेतन जारी न किए जाने के बाद रविवार से अपनी सेवाएं रोक दी है। इससे पहले आरडीए ने शुक्रवार को चेतावनी दी थी कि अगर प्रशासन ने 48 घंटे के अंदर उनके वेतन का भुगतान नहीं किया तो वे सेवाएं रोक देंगे। यह समय सीमा रविवार की सुबह को समाप्त हो गई।  

IMG-20201012-WA0030.jpg

आरडीए के अध्यक्ष अभिमन्यु सरदाना ने कहा, '200 से अधिक रेजीडेंट डॉक्टर और 300 से अधिक नर्सिंग कर्मचारी पांच अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। प्रशासन ने पिछले तीन महीने से हमें वेतन नहीं दिया है। ऐसे में कार्य जारी रखना बेहद कठिन है।'

इससे पहले शनिवार को दिल्ली सरकार ने हिंदू राव अस्पताल के सभी कोविड-19 मरीजों को अपने अस्पतालों में स्थानांतरित करने का आदेश दिया। दिल्ली सरकार ने यह आदेश गत कई  महीने से वेतन नहीं मिलने को लेकर, हिंदू राव अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टरों की कई दिनों से चल रही ‘सांकेतिक अनिश्चितकालीन हड़ताल’  के मद्देनजर दिया था, जो रविवार से पूर्ण हड़ताल में बदल गई हैं।  

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया था कि इस समय हिंदूराव अस्पताल में 20 मरीज भर्ती थे। उन्होंने कहा, ‘हमने कोविड-19 मरीजों को हिंदूराव अस्पताल से हमारे अपने अस्पतालों में स्थनांतरित करने का आदेश दिया। उन्हें विकल्प दिया था कि या तो लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में स्थानांतरित हों या अपने घर के नजदीक किसी अन्य सरकारी अस्पताल में भर्ती हों जाए।’

सतेंद्र जैन ने कहा, ‘भाजपा इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है। वे विभिन्न करों से कमाते हैं और अगर अपने अस्पतालों को चला नहीं सकते तो उन्हें इन्हें दिल्ली सरकार को सौंप देना चाहिए।’

वहीं, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जयप्रकाश ने पलटवार करते हुए दावा किया था कि निगम को दिल्ली सरकार से करोड़ो रुपये का कोष नहीं मिल सका है और वे 'हमें असमर्थ करने के लिए कोष का भुगतान नहीं कर रहे हैं।' उन्होंने इस हड़ताल के लिए आम आदमी पार्टी की सरकार को ज़िम्मेदार बताया।

दरअसल विडंबना यही है कि नगर निगम के कर्मचारियों के वेतन भुगतान नहीं होने को लेकर भाजपा के नेता दिल्ली सरकार को जिम्मेदार बताते है और दिल्ली सरकार इसके लिए निगम में भ्रष्टाचार को जिम्मेदार बताती है। इन दोनों के बीच कर्मचारी फुटबाल बनकर रह गए हैं।
 
आपको बता दें कि हिंदूराव दिल्ली नगर निगम का सबसे बड़ा अस्पताल है जिसकी बिस्तरों की क्षमता 900 है और इस समय यह कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए समर्पित है। यह सिर्फ अस्पताल नहीं बल्कि मेडिकल कॉलेज भी ही है,इससे  पहले अस्पताल के कई स्वास्थ्य कर्मी भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

यहां वेतन न मिलने की शिकयत काफी लंबे समय से रही है। इस कारण समय समय पर यहां हड़ताल होती रहती हैं। यह सिर्फ़ इस अस्पताल का ही नहीं बल्कि उत्तर नगर निगम के सभी विभागों का हाल है। यहां शिक्षकों को भी कई कई महीने वेतन नहीं मिलता है। इसको लेकर हाई कोर्ट ने भी उत्तरी नगर निगम को फटकार लगाई थी। आपको यह भी बता दें कि हिंदूराव अस्पताल भाजपा द्वारा शासित उत्तरी दिल्ली नगर निगम के न्यायाधिकार क्षेत्र में आता है। पिछले कई सालों से यहां भाजपा का ही कब्जा है।  

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest