Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

MCD: भाजपा के बुलडोज़र पर भारी पड़ी झाड़ू

दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भाजपा के 15 साल के राज को खत्म कर दिया है। आम आदमी पार्टी ने बहुमत के साथ जीत हासिल कर रिकॉर्ड बना दिया है।
cartoon

पिछले 15 सालों से दिल्ली नगर निगम पर काबिज़ भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। आम आदमी पार्टी ने बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस की स्थिति बेहद चिंतजनक नज़र आई। स्टेट इलेक्शन कमीशन के मुताबिक 250 सीटों वाले दिल्ली नगर निगम में आदमी पार्टी को 134 सीटों पर जीत मिली हैं, जो बहुमत से 8 ज्यादा हैं। वहीं भाजपा को 104, कांग्रेस को 9 और 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत हासिल हुई है।

जीत के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को बधाई दी। पार्टी ऑफिस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- दिल्ली की जनता ने अपने बेटे और भाई को दिल्ली की सफाई और भ्रष्टाचार खत्म करने की जिम्मेदारी दी है। हमें केंद्र सरकार का भी सहयोग चाहिए। प्रधानमंत्री जी का भी आशीर्वाद चाहिए।

उधर मतगणना के बीच ही आम आदमी पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल देखा गया। लाउडस्पीकर से देशभक्ति गीत बज रहे थे और समूचा परिसर रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजा हुआ था।

आपको बता दें कि मतगणना केंद्र शास्त्री पार्क, यमुना विहार, मयूर विहार, नंद नगरी, द्वारका, ओखला, मंगोलपुरी, पीतमपुरा, अलीपुर और मॉडल टाउन जैसे क्षेत्रों में बनाए गए थे।

2017 के नगर निगम चुनाव की बात करें तो भाजपा ने 270 वार्ड में से 181 पर जीत दर्ज की थी। प्रत्याशियों के निधन के कारण दो सीट पर मतदान नहीं हो सका। ‘आप’ ने 48 वार्ड और कांग्रेस ने 27 वार्ड जीते थे। उस साल करीब 53 प्रतिशत मतदान हुआ था।

एमसीडी चुनाव: ‘आप’ की सुल्तानपुरी ए से ट्रांसजेंडर उम्मीदवार बॉबी ने जीत दर्ज की

दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी की सुल्तानपुरी ए से ट्रांसजेंडर उम्मीदवार बॉबी चुनाव जीत गई हैं। बॉबी ने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार वरुण ढाका को 6,714 मतों से मात दी। चुनाव में बॉबी अकेली ट्रांसजेंडर उम्मीदवार थीं। यही कारण है कि शुरुआत से ही ये सीट चर्चा का विषय बनी हुई थी।

पार्टी का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुने जाने के बाद बॉबी ने कहा था कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र को सुंदर बनाना चाहती हैं और उनके आसपास रहने वाले लोगों के जीवन में सुधार लाना चाहती हैं।

बॉबी ने कहा था कि वह दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए काम करेंगी।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest