Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

न्याय यात्रा को असम से गुजरने के दौरान कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है: कांग्रेस

 ‘‘असम के मुख्यमंत्री इतने भ्रष्ट हैं कि वह भाजपा शासित अन्य राज्यों के अपने समकक्षों को भ्रष्टाचार करना सिखा सकते हैं।’’
Rahul gandhi

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुक्रवार को दूसरे दिन असम से होकर गुजरी और पार्टी ने दावा किया कि दक्षिण से उत्तर की ओर अपनी पहली यात्रा के दौरान उसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों में उतनी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ा, जितना दूसरी यात्रा के दौरान पूर्वोत्तर के राज्य में करना पड़ रहा है।

राहुल ने लगातार दूसरे दिन (असम के मुख्यमंत्री) हिमंत विश्व शर्मा की आलोचना की और उन्हें देश में ‘सबसे भ्रष्ट’ मुख्यमंत्री बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘असम के मुख्यमंत्री इतने भ्रष्ट हैं कि वह भाजपा शासित अन्य राज्यों के अपने समकक्षों को भ्रष्टाचार करना सिखा सकते हैं।’’

राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस की यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और यह 20 या 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। पहली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 2022-23 में कन्याकुमारी से कश्मीर तक आयोजित की गई थी।

गांधी और उनके सहयोगियों ने दिन में यात्रा की शुरुआत सुबह जोरहाट जिले के निमातीघाट से दुनिया के सबसे बड़े नदी द्वीप माजुली तक ब्रह्मपुत्र पर नौका की सवारी के साथ की।

राहुल ने असम में अपनी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दूसरे दिन पहली जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि कांग्रेस मूल निवासियों के तौर पर संसाधनों पर ‘आदिवासियों’ के अधिकारों को मान्यता देती है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम आपको आदिवासी कहते हैं जिसका अर्थ है आदि काल से रहने वाले। भाजपा आपको वनवासी कहती है जिसका अर्थ है वन में रहने वाले लोग।’’

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासियों को वनों तक ही सीमित करना चाहती है और उनके बच्चों को स्कूल तथा विश्वविद्यालय जा कर शिक्षा ग्रहण करने, अंग्रेजी सीखने एवं कारोबार करने के अवसरों से वंचित करना चाहती है।

राहुल ने द्वीपीय जिले माजुली में आदिवासियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि जो आपका है उसे आपको लौटाया जाना चाहिए। आपका जल, भूमि, वन आपका ही रहना चाहिए।’’

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार देशभर में आदिवासियों की जमीनों को ‘‘हथिया रही है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आप सब जानते हैं कि आपके साथ क्या हो रहा है। आपकी जमीनें हथियाई जा रही हैं, आपका इतिहास मिटाया जा रहा है और पूरे देश में ऐसा हो रहा है।’’

राहुल ने कहा कि 2022-23 में कन्याकुमारी से कश्मीर तक की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सफल रही थी और इससे ही लोगों ने पूर्व से पश्चिम तक इसी प्रकार की यात्रा निकालने की अपील की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘इसीलिए हमने मणिपुर से मुंबई तक यह यात्रा निकाली।’’ राहुल ने कहा कि यह भाजपा के साथ विचारधारा की लड़ाई है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘हमने मणिपुर से शुरुआत की। भाजपा ने मणिपुर जला के रख दिया है। वहां कई माह से गृह युद्ध जैसे हालात हैं और लोग एकदूसरे की हत्या कर रहे हैं। लेकिन प्रधानमंत्री एक बार भी वहां नहीं गए। नगालैंड में प्रधानमंत्री ने नौ वर्ष पहले एक समझौते का वादा किया था लेकिन उसे पूरा नहीं किया। यहां (असम) मुख्यमंत्री सबसे भ्रष्ट हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और आरएसएस का मानना है कि हिन्दुस्तान पर एक भाषा और एक नेता के जरिये दिल्ली से शासन चलाया जाना चाहिए। लेकिन हम इससे असहमत हैं। असम पर शासन दिल्ली से नहीं, बल्कि असम से चलाया जाना चाहिए।’’

राहुल ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस सभी राज्यों को समान महत्व देती है और इसी कारण उन्होंने पूर्व के मणिपुर से पश्चिम में मुंबई तक की यह यात्रा शुरू की है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने मणिपुर को चुना क्योंकि हम प्रत्येक व्यक्ति को यह संदेश देना चाहते थे कि पूर्वोत्तर राज्य भी अन्य राज्यों की तरह ही महत्वपूर्ण हैं। उनके इतिहास, भाषा और संस्कृति को संरक्षित करना उतना ही महत्वपूर्ण है जितना किसी अन्य स्थान का।’’

उन्होंने पिछले साल मई से लगातार जातीय हिंसा से मणिपुर के प्रभावित रहने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राज्य का दौरा नहीं करने को लेकर उन पर तंज कसा।

कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘भारत के इतिहास में पहली बार, राज्य में गृह युद्ध जैसी स्थिति है...लेकिन प्रधानमंत्री ने एक बार भी राज्य का दौरा नहीं किया। वह वहां नहीं जा सकते क्योंकि इससे भाजपा की राजनीतिक हकीकत सामने आ जाएगी।’’

यात्रा का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शर्मा पर देश में ‘‘सबसे भ्रष्ट’’ मुख्यमंत्री होने का आरोप लगाया। असम में यात्रा का आज दूसरा दिन था।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने दावा किया कि पार्टी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लगातार ध्यान केंद्रित कर रही है क्योंकि यह राज्य के लोगों के लिए सबसे प्रासंगिक मुद्दा है।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘यहां (असम) के मुख्यमंत्री सबसे भ्रष्ट हैं।’’

उन्होंने बृहस्पतिवार को राज्य में यात्रा के पहले दिन शर्मा और उनकी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के ऐसे ही आरोप लगाए थे, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने जवाबी हमला करते हुए गांधी परिवार को ‘‘सबसे भ्रष्ट’’ और ‘‘डुप्लिकेट नाम’’ का इस्तेमाल करने वाला बताया था।

गोगोई ने कहा, ‘‘जब यात्रा किसी राज्य से गुजरती है तो हम लोगों के सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे को उजागर करते हैं। असम में लोगों ने हमें बताया कि उन्हें नौकरियां नहीं मिल रही हैं। महंगाई बेतहाशा है। लेकिन इसे हल करने के बजाय मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और अपने परिवार और अपने करीबी लोगों को अमीर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। यही कारण है कि ध्यान भ्रष्टाचार पर है।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि लोगों की प्रतिक्रिया से घबराए असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा राज्य में राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को पटरी से उतारने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में यह दावा भी किया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा प्रदेश में यात्रा को लेकर कांग्रेस को मिल रहे जनसमर्थन से घबरा गए हैं और बौखला गए हैं।

रमेश ने कहा कि यात्रा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छह और दिन राज्य में जारी रहेगी।

उन्होंने यात्रा के माजुली द्वीप पर पहुंचने के बाद कहा, ‘‘यह बिल्कुल स्पष्ट है कि असम के मुख्यमंत्री पिछले दो दिन से राज्य में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया से परेशान और घबराए हुए हैं।’’

उन्होंने कहा कि असम के विविध समाज के सभी वर्गों और सभी आयु समूहों के लोग राहुल का ‘‘उत्साहपूर्वक स्वागत’’ कर रहे हैं।

रमेश ने कहा, ‘‘असम के मुख्यमंत्री अपशब्द कह सकते हैं और बदनाम कर सकते हैं, वह डरा और धमका सकते हैं लेकिन हम डरे नहीं हैं। वह जाहिर तौर पर ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के असर से परेशान हैं, जो उसे पटरी से उतारने के उनके निरंतर प्रयासों के बावजूद छह और दिन असम में जारी रहेगी।’’

उन्होंने इस पोस्ट के साथ ही शर्मा की टिप्पणियां भी साझा कीं कि कांग्रेस मुस्लिमों के एक वर्ग का प्रतिनिधित्व कर रही है और राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार के तहत की गयी प्रगति के कारण मुस्लिम महिलाएं तक कांग्रेस की रैलियों में नहीं आयीं।

इस बीच, असम पुलिस ने बृहस्पतिवार को जोरहाट शहर में यात्रा के निर्धारित मार्ग में परिवर्तन करने के आरोप में यात्रा तथा उसके मुख्य आयोजक केबी बायजु के खिलाफ स्वत: संज्ञान प्राथमिकी दर्ज की।

(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest