Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

जनादेश 2022: पंजाब चुनाव में दिखे कई रंग, अगली सरकार ईवीएम में बंद

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शाम पांच बजे तक 63 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। अंतिम आंकड़ों का इंतज़ार है।
punjab

पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए आज मतदान संपन्न हो गया है। इसी के साथ की अगली सरकार का भविष्य ईवीएम में बंद हो गया है। अब 10 मार्च को पता चलेगा कि किसका शोर था और किसका वाकई में ज़ोर था। पंजाब में शाम पांच बजे तक 63 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया।

मतदान शाम छह बजे समाप्त हुआ और मतदान का अंतिम आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ था।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए राज्य पुलिसकर्मियों के अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की कुल 700 कंपनियों को तैनात किया गया था। यहां कुल 1,304 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 93 महिलाएं और दो ट्रांसजेंडर शामिल हैं।

पंजाब के मुख्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार शाम पांच बजे तक औसतन 63.44 प्रतिशत मतदान हुआ।

शाम पांच बजे तक मानसा में सबसे अधिक 73.45 प्रतिशत, जबकि मलेरकोटला में 72.84 प्रतिशत मतदान हुआ।

फाजिल्का में 70.70 फीसदी, संगरूर में 70.43 फीसदी और मुक्तसर में 72.01 फीसदी मतदान हुआ। अमृतसर में 57.74 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि मोहाली में सबसे कम 53.10 फीसदी मतदान हुआ।          

अमृतसर में एक मतदान केंद्र पर, कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख नवजोत सिद्धू और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) नेता बिक्रम सिंह मजीठिया आमने-सामने आ गए और उन्होंने एक-दूसरे का अभिवादन किया। दोनों नेता अमृतसर पूर्व से एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने अपनी मां से उनके पैतृक स्थान पर मुलाकात की।

सोहना-मोहना के नाम से जाने जाने वाले जुड़वा भाइयों सोहन सिंह और मोहन सिंह ने अमृतसर में अपने अलग-अलग वोट डाले। इन दोनों भाइयों के शरीर आपस में जुड़े हुए हैं।

पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस करुणा राजू ने हाल में सोहन सिंह और मोहन सिंह को उनके अलग-अलग मतदाता पहचान पत्र सौंपे थे। भारत के निर्वाचन आयोग ने सोहना और मोहना को अलग-अलग मतदाता माना था और उन दोनों को व्यक्तिगत मतदान का अधिकार देने का फैसला किया था। दोनों भाई पिछले साल ही 18 वर्ष के हुए थे। दोनों ने पहली बार मतदान किया है।

दोनों भाइयों ने कहा कि वे मताधिकार का इस्तेमाल करके बहुत खुश हैं।

अधिकारियों ने बताया कि सोहना और मोहना के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि दोनों अपनी गोपनीयता बनाए रखते हुए अलग-अलग मतदान कर सकें।

इस बीच, चंडीगढ़ के बाहरी इलाके स्थित जीरकपुर के एक गांव में दुल्हन की पोशाक पहने एक युवती ने अपने विवाह कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मतदान किया और दूल्हे ने रूपनगर में मतदान किया।     

मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखी गईं। कई युवा पहली बार अपने मताधिकारों का इस्तेमाल कर रहे थे। बुजुर्ग और विकलांग मतदाता भी बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंचे।

निर्वाचन आयोग ने अभिनेता सोनू सूद को मतदाताओं को प्रभावित करने की शिकायतों के बाद मोगा में मतदान केंद्रों पर जाने से रोक दिया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने उनके वाहन को भी जब्त कर लिया है। सूद की बहन मालविका सूद सच्चर मोगा से कांग्रेस प्रत्याशी हैं।

राज्य में सुबह मतदान करने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, राज्य के मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, परगट सिंह और विजय इंदर सिंगला, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा शामिल थे।

इनके अलावा मुख्यमंत्री पद के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार भगवंत मान ने मोहाली में मतदान किया। शिअद के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और उनकी पत्नी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी वोट दिया। सुखबीर बादल खुद गाड़ी चलाकर आए और मुक्तसर में वोट डालने के लिए अपने परिवार को साथ लाए।

आप नेता राघव चड्ढा ने ट्वीट करके आरोप लगाया कि गुरुहरसराय में एक मतदान केंद्र पर एक सरपंच ने मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि सनौर, अटारी और मजीठा में कुछ ईवीएम में खराबी थी।

मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर मास्क और दस्ताने दिए गए तथा उनके हाथों को सैनेटाइज किया गया।

आप नेता अरविंद केजरीवाल ने भी मतदाताओं से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की।

मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने विधानसभा क्षेत्र चमकौर साहिब में धार्मिक स्थलों पर सुबह माथा टेका।

प्रकाश सिंह बादल (94) ने वोट डालने के बाद कहा, ‘‘मैं खुश हूं कि हमारा लोकतंत्र बहुत मजबूत है। मैं आखिरी सांस तक अपने लोगों की सेवा करता रहूंगा।’’

बादल परिवार ने चुनाव जीतने का भरोसा जताया। पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि वह हर व्यक्ति से मतदान करने की अपील करती हैं।

पटियाला में, पूर्व केंद्रीय मंत्री अमरिंदर सिंह ने भी अपनी जीत का भरोसा जताया। इन चुनावों में उनके समक्ष चुनौती के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ‘‘कुछ खास चुनौती नहीं है। हम जीतेंगे।’’

अमरिंदर सिंह की पत्नी परणीत कौर और बेटी जय इंदर कौर ने भी पूर्व मुख्यमंत्री की जीत का भरोसा जताया।

कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने उम्मीद जताई कि लोग बड़ी संख्या में मतदान करेंगे।

पंजाब में इस बार कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), शिअद- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)- पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी)-शिअद (संयुक्त) गठबंधन और विभिन्न किसान संगठनों की राजनीतिक इकाई ‘संयुक्त समाज मोर्चा’ के बीच बहुकोणीय मुकाबला है।

चुनाव लड़ रहे चर्चित चेहरों में चन्नी, मान, कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह एवं प्रकाश सिंह बादल और शिअद के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल प्रमुख हैं।

(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest