Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

दिल्ली चुनाव के रंग : कड़ी सुरक्षा के बीच धीमी गति से मतदान 

इस चुनाव में 1.47 करोड़ लोग मताधिकार का प्रयोग करने योग्य हैं जो 672 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। दिल्ली की 70 सीटों के लिए सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप), विपक्षी भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
Delhi Voting
दिल्ली:

दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों के लिए फिलहाल धीमी गति से मतदान जारी है और दोपहर एक बजे तक करीब 17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों के बाहर धीरे-धीरे लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है।

इस चुनाव में 1.47 करोड़ लोग मताधिकार का प्रयोग करने योग्य हैं जो 672 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 

दिल्ली की 70 सीटों के लिए सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप), विपक्षी भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।

चुनाव अधिकारियों ने बताया कि सुबह आठ बजे शुरु हुए मतदान के शुरुआती तीन घंटों में 14.75 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। 

पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राम लाल वोट डालने के लिए मतदान के पहले घंटे में निर्माण भवन मतदान केंद्र के बाहर कतार में खड़े रहे।

मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सिविल लाइन्स इलाके के राजपुर परिवहन प्राधिकरण मतदान केंद्र में वोट दिया।

kejriwal

नयी दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे केजरीवाल के साथ पत्नी सुनीता और बेटे पुलकित भी थे। मतदान के लिए जाने से पहले उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पश्चिम दिल्ली के सांसद परवेश वर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी वोट दिया। केंद्रीय मंत्रियों एस. जयशंकर, हरदीप सिंह पुरी ने भी मतदान किया। 

President Kovind

सोनिया गांधी ने निर्माण भवन मतदान केंद्र पर वोट डाला। वह बीमार चल रहीं थी और इसी हफ्ते उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई थी।

मतदान शुरू होने से कुछ मिनट पहले केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘वोट डालने जरूर जाइये। सभी महिलाओं से खास अपील- जैसे आप घर की जिम्मेदारी उठाती हैं, वैसे ही मुल्क और दिल्ली की जिम्मेदारी भी आपके कंधों पर है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी महिलायें वोट डालने जरूर जायें और अपने घर के पुरुषों को भी ले जायें। पुरुषों से चर्चा जरूर करें कि किसे वोट देना सही रहेगा।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषा में ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान का दिन है। सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोकतंत्र के इस महोत्सव में भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाताओं से राष्ट्रीय राजधानी को झूठ और वोटबैंक की राजनीति से ‘‘मुक्त’’ कराने की अपील की।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली को स्वच्छ हवा, पीने का स्वच्छ पानी और हर गरीब को अपना घर देकर इसे विश्व की सबसे अच्छी राजधानी सिर्फ एक दूरदर्शी सोच व मजबूत इरादों वाली सरकार ही बना सकती है।’’

शाह ने कहा, ‘‘मैं दिल्ली की जनता से अपील करता हूं कि झूठ और वोट बैंक की राजनीति से दिल्ली को मुक्त करने के लिए मतदान अवश्य करें।’’

भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने भी सभी मतदाताओं से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की।

नड्डा ने ट्वीट किया, ‘‘देश की एकता, अखंडता और दिल्ली के सम्पूर्ण विकास के लिए आपका एक - एक वोट महत्वपूर्ण है। आपका वोट ही आपकी दिल्ली का सुनहरा भविष्य लिखेगा। ‘पहले मतदान, फिर जलपान’। जय हिंद।’’

पटपड़गंज से चुनाव लड़ रहे उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि लोगों को अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए वोट डालना चाहिए।

यह पूछने पर कि क्या इस चुनाव में शाहीन बाग मुद्दा रहेगा, इस पर सिसोदिया ने कहा कि जिन लोगों ने इसे उठाया था जब वे आज वोट डालने गए तो उन्होंने इस मुद्दे से इतर अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा के पक्ष में वोट दिया। 

इस बार जो दिग्गज उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं उनमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, आम आदमी पार्टी की आतिशी और राघव चड्ढा, चार पूर्व महापौर भाजपा के आजाद सिंह, योगेंद्र चंदोलिया, रवींदर गुप्ता और खुशी राम तथा दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की बेटी शिवानी चोपड़ा शामिल हैं।

मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रणबीर सिंह ने बताया कि 81 लाख से अधिक पुरुष मतदाता, 66.80 लाख महिला मतदाता और 869 तीसरे लिंग के मतदाता हैं।

अधिकारियों के अनुसार, करीब 2.33 लाख मतदाता 18 से 19 साल की आयुवर्ग के हैं, 2.04 लाख मतदाता 80 साल के वरिष्ठ नागरिक हैं जबकि 11,608 सेवा मतदाता हैं। 

दिल्ली में 2,689 स्थानों पर कुल 13,750 मतदान केंद्र हैं। सुरक्षाबल 70 विधानसभा क्षेत्रों में पैनी नजर रख रहे हैं। सिंह ने कहा, 
‘‘जहां तक संवेदनशील मतदान केंद्रों की बात है तो 516 जगहों पर 3704 बूथ इस श्रेणी में आते हैं।’’

अधिकारियों ने बताया कि ‘‘संवेदनशील श्रेणी’’ के मतदान केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा के अलावा अर्द्धसैन्य बल भी सुरक्षा में तैनात है। ऐसे केंद्रों पर गतिविधियों पर वेबकास्टिंग के जरिए नजर रखी जा रही है। 

संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों के मद्देनजर शाहीन बाग में सभी पांच मतदान केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। आज मतदान के बाद मतगणना 11 फरवरी को होगी।

(समाचार एजेंसी भाषा इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest