Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

“हिरासत में हौसले तोड़ने की पुरज़ोर कोशिश की गई.... वो सिर्फ टांग तोड़ पाए.....”

ज़मानत पर रिहा होने के बाद मज़दूर अधिकार कार्यकर्ता शिव कुमार ने चंडीगढ़ के अस्पताल में अपना इलाज कराया है। पुलिस हिरासत के दौरान उन्हें बुरी तरह टॉर्चर किए जाने का आरोप है।
shivkumar

“जेल से सीधा चंडीगढ़ अस्पताल में आया हूं.... हिरासत में हौसले तोड़ने की पुरजोर कोशिश की गई..... वो सिर्फ टांग तोड़ पाए.....आप सभी के साथ से ही मजबूत बना हूं.... कितनी बड़ी है जेलें तेरी देख लिया है देखेंगे”

यह कहना है मज़दूर अधिकार कार्यकर्ता शिव कुमार का। क़रीब डेढ़ महीने बाद गुरुवार को उन्हें ज़मानत पर जेल से रिहा किया गया। वे सोनीपत जेल में बंद थे। शुक्रवार को उन्होंने चंडीगढ़ के अस्पताल में अपना इलाज कराया। पुलिस हिरासत के दौरान उनके साथ भारी मारपीट और उत्पीड़न का आरोप है। शिव कुमार मज़दूर अधिकार कार्यकर्ता नौदीप कौर के ख़िलाफ़ दर्ज आपराधिक मामलों में सह-आरोपी हैं।

नौदीप कौर की गिरफ़्तारी के कुछ ही दिनों बाद ही शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया था। कौर को 12 जनवरी को एक औद्योगिक इकाई का कथित रूप से घेराव करने और कंपनी से पैसे की मांग करने समेत हत्या के प्रयास और कुछ अन्य आरोपों के तहत दर्ज मामले में गिरफ़्तार किया गया था। 23 वर्षीय नौदीप को 26 फरवरी को ज़मानत पर रिहा किया गया था।  

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने ज़मानत देते हुए कहा था कि कौर के खिलाफ हत्या के प्रयास जैसे आरोप लगाना एक ‘‘बहस का मुद्दा’’ है, जिस पर सुनवायी के दौरान बाद में विचार किया जाएगा।

नौदीप ने अपनी जमानत याचिका में दावा किया था कि उन्हें 12 जनवरी को सोनीपत पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद एक पुलिस थाने में गंभीर रूप से पीटा गया था।

नौदीप कौर मजदूर अधिकार संगठन की एक सदस्य और पंजाब के मुक्तसर जिले के गिदड़ गांव की रहने वाली हैं। कौर ने दावा किया था कि उन्हें मामले में इसलिए झूठे ही फंसाया गया क्योंकि वह केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के आंदोलन लिए भारी समर्थन जुटाने में सफल रही थीं।

इससे पहले, सोनीपत की एक अदालत ने उगाही, दंगा करने और अन्य आरोपों के दो अलग मामलों में कौर को जमानत दे दी थी।

अब उनके साथी शिवकुमार बाहर आए। गुरुवार, 4 मार्च को मनदीप पुनिया ने भी सूचना दी- शिव कुमार सोनीपत जेल से रिहा हो गए हैं।

नौदीप ने भी कहा- साथी का संघर्ष ज़िंदाबाद

किसान सत्याग्रह ट्विटर हैंडल से लिखा गया-

मजदूर कार्यकर्ता शिव कुमार करीब डेढ़ महीने बाद जमानत पर जेल से रिहा हुए हैं। उनके साथ नौदीप कौर हैं। दोनों ने पुलिस हिरासत में टॉर्चर का आरोप लगाया है। ये वो नौजवान हैं जिन्होंने तमाम मुश्किलों के बावजूद किसान-मज़दूर की आवाज़ उठाने का रास्ता चुना।

जेल से बाहर निकलने के बाद शिव कुमार ने सभी का धन्यवाद करते हुए किसानों और श्रमिकों के अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने लिखा, “46 दिन बाद बाहर आया हूं....सभी संघर्षशील साथियों, पत्रकारों, बुद्धिजीवियों, वकीलो का धन्यवाद करना चाहूंगा उन्होंने सिर्फ़ मेरे लिए आवाज़ नही उठाई, मज़दूर-किसानों की एकता के लिए आवाज उठाई है। जंग जारी रहेगी जुल्म और शोषण के ख़िलाफ़”

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest