Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

यूपी: ब्रजभूमि में सपा और भाजपा आमने-सामने, मोहन भागवत की भी एंट्री!

लोकसभा 2024 के लिए सपा का अभियान मथुरा पहुंचा और वहां से पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव ने भाजपा को जमकर घेरा। तो भाजपा ने भी प्रबुद्ध सम्मेलन के ज़रिए ब्रजवासियों को साधना शुरू कर दिया है।
Political Image

एक साल से भी कम वक्त बचा है लोकसभा चुनाव के लिए, ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने हिसाब से बिसात बिछाने में लगे हैं। इन सारी बिसातों का मकसद जनता को ख़ुद पर विश्वास दिलाकर वोट लेना है।

जब इन वोटों को सियासी पलड़े में रखा जाता है तो सबसे पहले नज़र आता है उत्तर प्रदेश और यहां की 80 लोकसभा सीटें। क्योंकि राजनीतिक इतिहास में बहुत कम ही ऐसा हुआ है जब बग़ैर राजधानी लखनऊ से होते हुए कोई नेता केंद्र की सत्ता तक पहुंच पाया हो।

वैसे तो पिछले कुछ दशकों से उत्तर प्रदेश की लोकसभा में भाजपा का एकछत्र राज रहा है, लेकिन अब हवा का रुख थोड़ा बदलता दिखाई पड़ रहा है, जनता भी बदलाव के मूड में नज़र आ रही है। इसका कारण बहुत हद तक महंगाई, बेरोज़गारी, पहलवान बेटियों की पिटाई, ख़राब शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य समेत वो तमाम चीज़ें हैं जिससे जनता बहुत ज़्यादा प्रभावित हुई है।

भाजपा के अलावा मौजूदा वक्त में समाजवादी पार्टी का वर्चस्व भी उत्तर प्रदेश में अच्छा-खासा है, और ये दोनों ही दल एक-दूसरे को टक्कर देने के लिए और आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीतियों को दिशा देने के लिए ब्रज की 12 लोकसभा सीटों पर नज़रे गड़ाए बैठे हैं। यही कारण है कि सपा ने मथुरा में अपना भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन किया और भाजपा आज से दो दिनों तक प्रबुद्ध सम्मेलन करेगी। भाजपा के कार्यकर्ताओं और नेताओं को निर्देश देने के लिए ख़ुद आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत आए हैं।

सबसे पहले बात सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन की

लखीमपुर से शुरु हुआ सपा के महासम्मेलन का सफर निरंतर जारी है, नैमिषारण्य से होता हुआ अब मथुरा भी पहुंच गया। यहां हुए सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का हुजूम इकट्ठा हुआ और सपा की जीत के लिए नारे लगे। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि भाजपा सरकार में न रोजगार, न आरक्षण की गारंटी है। देश के मौजूदा हालात से हर कोई परेशान है। बेरोजगारी चरम पर है। सरकार की मानसिकता आरक्षण खत्म करने की है। सरकार ने नौकरी देना बंद कर दिया है। इसके बाद आउटसोर्सिंग भर्ती हो रही है। आउटसोर्सिंग में न आरक्षण, न नौकरी की गारंटी है। सपा ने अपने कार्यकाल में अध्यापकों को रेगुलर किया था। वह भी हटा दिए गए। प्रदेश में हर दिन लूट, हत्या की घटनाएं हो रही है। लेकिन कहा जा रहा है कि अपराध खत्म हो गया है। इस दौरान रामगोपाल यादव ने ये भी दावा किया कि लोकसभा चुनाव से पहले होने वाले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा क्लीन स्वीप होगी।

हालांकि सपा महासचिव ने कार्यकर्ताओं को इस बात के लिए विशेषकर आगाह किया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ ग़लत शब्दों का इस्तेमाल न करें इससे देश की छवि ख़राब होती है। इसके अलावा उन्होंने इंडिया की जीत का दम भी भरा।

रामगोपाल यादव के बाद प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भी संबोधित किया और कहा कि संगठन अनुशासन के बिना नहीं चलता है। सपा ही भारत का भविष्य है। सपा का सदस्यता शुल्क 4 रुपए हर साल है। ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाएं। सपा की सदस्यता मतलब जीवन बीमा है। सदस्यता शुल्क से पार्टी चलती है। सबसे पहले प्रारंभिक सदस्य बनें। आपके पैसे से राजनीति करेंगे तो आपकी खुशहाली के लिए काम करेंगे।

ख़ैर, सपा के बाद आज से दो दिनों तक भाजपा का प्रबुद्ध सम्मेलन भी मथुरा में शुरु होगा। इस सम्मेलन में 12 ज़िले के 120 सदस्य शामिल होंगे। जिला पंचायत सदस्यों का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग वृंदावन के साध्वी ऋतंभरा के आश्रम वात्सल्य ग्राम में आयोजित किया जाएगा। 23 और 24 अगस्त को होने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग में 4 सत्र होंगे। जिसमें भाजपा के प्रदेश और क्षेत्रीय नेता 2024 चुनाव से पहले आम जनता के बीच कैसे केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को पहुंचाना है इसके बारे में बताएंगे। भाजपा के जिला पंचायत सदस्यों के प्रशिक्षण वर्ग का कार्यक्रम आज है जिसका उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया है।

भाजपा के इस सम्मेलन की खास बात ये है कि इसी दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत भी मथुरा पहुंच रहे हैं और तीन दिनों तक यहां रहेंगे। ऐसे में कहा जा रहा है कि वो भी पार्टी के आलाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आगमी चुनावों के मद्देनज़र मंत्र दे सकते हैं।

हालांकि आधिकारिक तौर पर उनका कार्यक्रम प्रचारकों संग बैठक करना है। इसमें उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के तकरीबन 55 संघ पदाधिकारी शामिल होंगे। वृंदावन के प्रमुख संतों, धर्माचार्यों व सामाजिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित जनों से भी संघ प्रमुख की शिष्टाचार भेंट होगी।

अब जैसा कि निहित है... भाजपा का पहला और आख़िरी सिरा संघ ही है, तो ये भी निश्चित ही है कि संघ प्रमुख इसी वजह से ऐसे वक्त पर मथुरा पहुंचे हैं जब भाजपा का प्रबुद्ध सम्मेलन चल रहा है।

आपको बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को लेकर भाजपा के माथे पर चिंता की लकीरे अक्सर रहती हैं। साल 2013 के मुजफ्फरनगर के दंगों के बाद जाट और मुस्लिम वोट बैंक में बंटवारे का सीधा लाभ भाजपा को मिला था, 2014 से 2022 तक के चुनावों में भाजपा की स्थिति ठीक-ठाक दिखी है। लेकिन, पिछले 11 सालों में काफी कुछ बदल चुका है। राष्ट्रीय लोक दल और समाजवादी पार्टी का गठबंधन पश्चिमी यूपी में भाजपा को चुनौती दे सकती है। वहीं, कांग्रेस के साथ आने की स्थिति में भाजपा की चुनौती बढ़ सकती है। इस प्रकार की चुनौतियों से निपटने के लिए पार्टी के स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यही कारण है कि संघ प्रमुख के दौरे को लेकर कई दावे किए जा रहे हैं।

दरअसल ब्रज क्षेत्र में 19 जिले आते हैं। इन जिलों में भाजपा के विधानसभा में 55 प्रत्याशी जीतकर आए है। करीब 10 सीटों पर अन्य पार्टियों का कब्जा रहा था। मोहन भागवत के इस आगमन को ब्रज क्षेत्र की सभी सीटों पर भाजपा की स्थिति मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि संघ के स्वयंसेवकों को तमाम सीटों पर एक्टिवेट किया जा सकता है। उन्हें अपने इलाकों में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्य करने पर जोर देने का टास्क मिल सकता है।

जब बात पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आती है, तब हरियाणा का कुछ क्षेत्र भी यहां की सियासत पर असर डालता है, और पिछले दिनों हरियाणा की पहलवान बेटियों की साथ हुई मारपीट, नूंह हिंसा जैसी घटनाएं भाजपा को बैकफुट पर ढकेल रही हैं। यही कारण है कि अब संघ भाजपा के लिए पूरी फील्डिंग सेट करने में लग गया है, ताकि ब्रजभूमि की करीब 12 लोकसभा सीटों पर असर डाला जा सके।

फिलहाल संघ का साथ पाकर जहां भाजपा खुश हो सकती है, और खिलाफ में तेज़ हुई नाराज़गी को रोकने की कोशिश कर सकती है, तो वहीं सपा भी टीम इंडिया के साथ मिलकर इन सीटों पर अपना प्रभाव छोड़ने की कोशिश करेगी।
 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest