Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए एकजुट हुए, भाजपा को हराएंगे: विपक्ष

विपक्षी गठबंधन INDIA के कई घटक दलों के नेताओं ने बृहस्पतिवार को कहा कि वे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट हुए हैं और अगले लोकसभा चुनाव में मिलकर भारतीय जनता पार्टी को शिकस्त देंगे।
opposition party
फ़ोटो साभार : ट्विटर

मुंबई: विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के कई घटक दलों के नेताओं ने बृहस्पतिवार को कहा कि वे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट हुए हैं और अगले लोकसभा चुनाव में मिलकर भारतीय जनता पार्टी को शिकस्त देंगे।

यहां के एक पंचसितारा होटल में विपक्षी दलों के नेता एकत्र हुए हैं। वे बृहस्पतिवार देर शाम रात्रिभोज पर अनौपचारिक बैठक करेंगे और शुक्रवार को औपचारिक रूप से चर्चा करेंगे।

बैठक के लिए मुंबई पहुंचे राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा कि ‘इंडिया’ के मायने है कि हम सभी एकजुट होकर देश से गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई हटाएं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा फर्ज है कि देश की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए साथ मिलकर लड़ें।’’

बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘इंडिया की इस बैठक के कई मायने हैं। जनता खुद चाहती है कि उनके सामने एक सही विकल्प रखा जाए। लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने वाले लोगों को जनता करारा जवाब देना चाहती है। अगर हम एकजुट नहीं होते तो जनता माफ नहीं करती।’’

समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव ने कहा, ‘‘भारत की आत्मा को बचाने के लिए विपक्षी पार्टियों का यह गठबंधन हुआ है। सत्ता में बैठे लोग भारत की मूल आत्मा को नष्ट कर, हिंदुस्तान को बर्बाद कर रहे हैं । इस गठबंधन का उद्देश्य भाजपा को 2024 में सत्ता से बेदखल करना है।’’

भाकपा महासचिव डी राजा ने कहा कि देश की स्थिति की मांग है कि सभी धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक दल एक साथ आएं और भाजपा को हराएं। उन्होंने कहा कि सबको मिलकर संविधान की रक्षा करनी है।

राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा, ‘‘देश को एक सामूहिक नेतृत्व की आवश्यकता है जो युवाओं और समाज के सभी वर्गों की जरूरतों और आकांक्षाओं के प्रति उत्तरदायी हो। हमें ऐसी सरकार चाहिए जो अपने संवैधानिक दायित्वों के प्रति संवेदनशील हो।’’

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता सीताराम येचुरी ने कहा कि ‘इंडिया को लेकर जनता की जो प्रतिक्रिया आई है उससे प्रधानमंत्री और भाजपा पूरी तरह घबरा गए हैं। उन्होंने कहा कि संविधान को बचाना और संविधान में निहित अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ाई लड़नी होगी।

राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन देश को जोड़ने के लिए है। उन्होंने कहा, ‘‘इस देश में बहुत सारी चीजें टूट गई हैं, सपने बिखर गए हैं। यह गठबंधन उन्हें समेटने के लिए है, इस देश की चोट को भरने के लिए है।’’

शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि ‘इंडिया’ के घटक दल लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए लड़ रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा ने कहा, ‘‘विपक्ष के गठबंधन से भाजपा बौखला गई है। ये लोग डरे हुए हैं कि कहीं यह गठबंधन सफल न हो जाए। लेकिन यह गठबंधन भारत के करोड़ों लोगों का है, जिसका विफल होना असंभव है।’’

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, ‘‘हमारी जो भी पहचान इस दुनिया में है, वह इंडिया है। विपक्ष को दिक्कत हो रही है, इसका मतलब है कि ‘इंडिया’ अच्छा काम कर रहा है। मैं युवाओं से कहूंगी कि उन्हें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाए प्यार, सम्मान और शांति के रास्ते पर चलना चाहिए।’’

भाजपा परेशान है, उसने कभी नहीं सोचा था कि इतने सारे दल एक साथ आएंगे: कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा

कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की आलोचना करने के लिए बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि भगवा पार्टी इसलिए “परेशान” है क्योंकि इसने उम्मीद नहीं की थी कि विभिन्न राज्यों की इतनी सारी पार्टियां एक साथ आ सकती हैं।

बृहस्पतिवार और शुक्रवार को हो रही बैठक के आयोजन में शामिल देवड़ा ने उम्मीद जतायी कि गठबंधन का दायरा बढ़ेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में कहा, “मुझे यकीन है कि हर कोई संविधान को मजबूत बनाना चाहता है। भारत के संविधान को मजबूत बनाना ही मुख्य उद्देश्य है जिसके लिए ये दल एक साथ आए हैं।”

उन्होंने कहा, “अन्य विवरण आने वाले दिनों में और शुक्रवार को होने वाले संवाददाता सम्मेलन में पता चलेगा। मुंबई में इस ‘इंडिया’ ब्लॉक की बैठक को सफल बनाने के लिए हर पार्टी एकजुट है। मेरा मानना है कि अगर मुंबई की बैठक सफल होती है, जो कि सफल होनी है तो यह ‘इंडिया’ की सफलता होगी।”

उन्होंने कहा, “गठबंधन सफल होगा और यदि ‘इंडिया’ गठबंधन सफल होता है, तो भारत का संविधान मजबूत होगा। यदि संविधान मजबूत होता है, तो भारत मजबूत होता है।''

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया है कि ‘इंडिया’ ‘स्वार्थी गठबंधन’ है। इस बारे में पूछे जाने पर देवड़ा ने कहा, “ ये तो पहले से ही पता था कि भाजपा आलोचना करेगी। लेकिन भाजपा ने कभी नहीं सोचा था कि इतने राज्यों के इतने सारे दल एक साथ आ जाएंगे। जाहिर है कि वे इससे परेशान हैं।”

(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest