Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोटिंग खत्म, अब 24 अक्टूबर को मतगणना

हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब सभी दलों की निगाहें मतगणना यानी वोटों की गिनती पर है।
elections
Image courtesy: hindi.firstpost

नई दिल्ली: महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव सोमवार को मतदान हुआ। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चला। निर्वाचन आयोग के मुताबिक शाम छह बजे तक हरियाणा में 62.78 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं महाराष्ट्र में शाम छह बजे तक 55.93 प्रतिशत वोटिंग हुई।

महाराष्ट्र में भाजपा, शिवसेना और अन्य छोटे दलों के गठबंधन ‘महायुति’ और कांग्रेस तथा राकांपा के गठबंधन ‘महाआघाडी’ के बीच मुकाबला है।  राज्य में आठ करोड़ 98 लाख से अधिक मतदाता हैं जिसमें चार करोड़ 28 लाख से अधिक महिला एवं चार करोड़ 68 लाख से अधिक पुरूष मतदाता हैं। इन मतदाताओं में एक करोड़ छह लाख 76 हजार 13 ऐसे हैं जो 18 से 25 साल आयुवर्ग के बीच हैं। राज्य भर में 96,661 मतदान केंद्रों पर लगभग 6.5 लाख मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है।

राज्य में जिन प्रमुख लोगों ने मतदान किया है उनमें आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, राकांपा प्रमुख शरद पवार, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और मनसे प्रमुख राज ठाकरे शामिल हैं। रितिक रोशन, आमिर खान, माधुरी दीक्षित नेने, लारा दत्ता सहित बॉलीवुड की कई हस्तियों ने भी अपने मताधिकार के प्रयोग किए।

महाराष्ट्र में 2014 के विधानसभा चुनावों में 63.38 फीसदी मतदान हुआ था।

हरियाणा में 90 विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव के लिए सोमवार सुबह मतदान शुरू हो गया। इसमें सत्तारुढ़ भाजपा के सामने है विपक्षी दल कांग्रेस और नवोदित दल जेजेपी। यहां विभिन्न राजनीतिक दलों से 105 महिलाओं सहित 1,169 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

दोनों ही राज्यों में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। महाराष्ट्र में सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों के तीन लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है। मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।

महाराष्ट्र में प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक चह्वाण तथा पृथ्वीराज चह्वाण शामिल हैं। फड़णवीस नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट से जबकि अशोक चव्हाण एवं पृथ्वीराज चव्हाण क्रमश: नांदेड़ जिले की भोकार एवं सतारा जिले की कराद दक्षिण सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

फड़णवीस के नेतृत्व में भाजपा राज्य में दूसरे कार्यकाल की कोशिश कर रही है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के पुत्र आदित्य ठाकरे (29) मुम्बई के वर्ली निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार चुनाव मैदान में उतरे हैं। युवा सेना के प्रमुख चुनावी राजनीति में उतरने वाले अपने परिवार के पहले नेता हैं।

हरियाणा में चुनाव लड़ रही प्रमुख हस्तियों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, जेजेपी के दुष्यंत चौटाला और इनेलो के अभय सिंह चौटाला शामिल हैं।

(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest