Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

इंडोनेशिया में बाढ़-भूस्खलन से बिगड़े हालात, लोम्बोक द्वीप में भूकंप के झटके

नदी के ऊपरी इलाकों में जंगलों के कटान को इस आपदा के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। अधिकारियों ने रविवार को 14 दिनों के लिए आपात स्थिति घोषित की।
इंडोनेशिया में बाढ़-भूस्खलन से बिगड़े हालात

जकार्ता : इंडोनेशिया के पापुआ प्रांत में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 79 हो गई है। 43 लापता लोगों का पता लगाने के लिए तलाशी व बचाव अभियान सोमवार को भी जारी है।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पुरवो नुग्रोहो ने कहा कि शनिवार को जयापुरवा जिले के गांवों के बाढ़ व भूस्खलन से प्रभावित होने से 4,728 लोग को अपने घर छोड़ने को बाध्य होना पड़ा और उन्हें छह आश्रयगृहों में शरण लेनी पड़ी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कुल 350 घर, 100 से ज्यादा इमारतें, तीन पुल, आठ स्कूल भवन व तीन धार्मिक इमारतें तबाह हो गई हैं।

अधिकारियों ने रविवार को 14 दिनों के लिए आपात स्थिति घोषित की।

नदी के ऊपरी इलाकों में जंगलों के कटान को इस आपदा के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।

कुल 41 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और 75 अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

e5e14c0c7b4beac625caae0b1a416d38 (1).jpg

भूकंप में 3 पर्यटकों की मौत

इंडोनेशिया के लोम्बोक द्वीप में रिक्टर पैमाने पर 4.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसमें तीन पर्यटकों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। भूकंप के बाद भूस्खलन भी हुआ है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, यह घटना माउंट रिन्जनी के पास सेनारू गांव में तियु केलेप झरने के पास घटी।

दो मृतक मलेशियाई मूल के हैं, जो 38 अन्य यात्रियों के साथ यहां आए थे। तीसरा पर्यटक इंडोनेशिया का ही है।

आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि भूस्खलन में 38 लोग फंस गए, जिनमें से 35 को बचा लिया गया। 20 यात्री बुरी तरह घायल हो गए हैं और दर्जनों अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं।

इस दौरान 32 इमारतें ढह गईं और 500 इमारतें आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। 22 मलेशियाई पर्यटकों सहित 80 से अधिक लोगों को माउंट रिंजनी से बाहर निकाला गया। 

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र सेम्बालुन बंबुंग गांव से चार किलोमीटर दूर दक्षिण-पूर्व में 24 किमी की गहराई में स्थित था।

माउंट रिंजनी को इंडोनेशिया का दूसरा सबसे ऊंचा ज्वालामुखी माना जाता है, जिसकी ऊंचाई 3,726 मीटर है, और यह सक्रिय है।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest