Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

मुंबई-पुणे राजमार्ग पर बस के खाई में गिरने से 12 लोगों की मौत, 27 लोग घायल

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक संगीत मंडली को लेकर पुणे से मुंबई जा रही निजी बस राजमार्ग पर शिंग्रोवा मंदिर के पास तड़के चार बजकर 50 मिनट पर खाई में गिर गई।
maharashtra
फ़ोटो साभार:ट्विटर

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पुराने मुंबई-पुणे राजमार्ग पर शनिवार तड़के एक बस के खाई में गिर जाने से उसमें सवार कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक संगीत मंडली को लेकर पुणे से मुंबई जा रही निजी बस राजमार्ग पर शिंग्रोवा मंदिर के पास तड़के चार बजकर 50 मिनट पर खाई में गिर गई।

यह हादसा खोपोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ।

अधिकारी ने कहा, ‘‘बस में मुंबई स्थित गोरेगांव के ‘बाजी प्रभु वादक ग्रुप’ के सदस्य सवार थे। वे पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड इलाके में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद गोरेगांव लौट रहे थे। बस शुक्रवार को देर रात करीब एक बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना हुई थी।’’

उन्होंने बताया कि हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए।

रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमनाथ घार्गे ने बताया कि हादसे में हताहत हुए लोग मुंबई के सायन एवं गोरेगांव इलाके और पड़ोसी पालघर जिले के विरार के रहने वाले थे।

उन्होंने बताया कि घायलों को खोपोली ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल जेंडे ने बताया कि हताहतों की उम्र 18 से 25 साल के बीच है।

अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय पुलिस का एक दल और ट्रैकर का एक समूह बचाव अभियान में लगा हुआ है। खोपोली शहर मुंबई से लगभग 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest