Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

ज़रा सोचिए: क्यों थम गया प्राचीन भारतीय विज्ञान का विकास?

अतीत में ही नहीं भारत में विज्ञान जाति-धर्म की मज़बूत ज़ंजीरों से आज भी जकड़ा हुआ है। यही वजह है कि प्राचीन भारत में विज्ञान की गौरवशाली परंपरा होने के बावजूद वह अंधकार में डूब गया।
science and religion
प्रतीकात्मक तस्वीर। साभार : गूगल

चांद पर चंद्रयान की सफल सॉफ्ट लैंडिंग के बाद देश भर में हर्ष की लहर दौड़ गई और यह स्वाभाविक भी था, क्योंकि कोई भी इस तरह की वैज्ञानिक उपलब्धि भविष्य में सम्पूर्ण मानव जाति के हित में ही होती है, हालाँकि इसमें एक पक्ष यह भी है कि आजकल दुनिया भर में अंतरिक्ष अभियानों का एक मक़सद अंतरिक्ष में सैन्य होड़ भी है, परन्तु यह मुद्दा यहाँ प्रमुख नहीं है। किसी भी चंद्रयान जैसे वैज्ञानिक अभियान में वैज्ञानिकों द्वारा मंदिर में पूजा पाठ करना और यज्ञ करना, जिसकी बहुत चर्चा की जाती है, मुझे अधिक महत्वपूर्ण नहीं लगता, क्योंकि वैज्ञानिक होना और वैज्ञानिक चेतना से लैस होना दोनों अलग-अलग बातें हैं।

न्यूटन परम अंधविश्वासी थे, अपने जीवन में वे वैज्ञानिक विधियों से सोना बनाने के चक्कर में पड़े रहे। कहा जाता है कि वे अगर वैज्ञानिक नहीं होते, तो किसी चर्च में पादरी होते। भारत के महान गणितज्ञ रामानुजन असाधारण गणितीय मेधा के थे। लेकिन उनके बारे में चर्चित है कि उन्हें कथित रूप से कोई देवी गणितीय सूत्रों का हल देती थीं, वे मानते थे समुद्र पार करना निषिद्ध है। जब देवी ने उन्हें कथित रूप से आज्ञा दी, तभी वे विदेश गए। वे नंगे बदन कपड़ा उतारकर भोजन स्वयं बनाते थे, इन सब बेतुकी धारणाओं के कारण वे ऐसे बीमार पड़े कि अल्पायु में ही चल बसे।

ये वैज्ञानिक विज्ञान विषय जानते हैं, उसका दर्शन नहीं। ये विज्ञान प्रोफेशन में प्रैक्टिस करते हैं, जीवन में नहीं। यह बात मैं उस संदर्भ में कहा रहा हूँ, जिसमें वर्तमान इसरो के निदेशक डॉ एस सोमनाथ ; जिनका चंद्रयान के मिशन में बहुत बड़ा योगदान है, उनका कहना है कि "आधुनिक विज्ञान की उत्पत्ति वेदों से हुई है, पश्चिम ने इसे अपनी खोज बताकर प्रस्तुत किया।" हालाँकि यह बात उन्होंने काफ़ी पहले उज्जैन के संस्कृत विश्वविद्यालय में कही थी, लेकिन दक्षिणपंथी ताक़तें पहले ही से प्रचारित करती रही हैं कि "दुनिया का सारा ज्ञान-विज्ञान हिन्दुओं के प्राचीन धर्मग्रंथों में है, जिसे दुनिया ने सीखा।" दयानंद सरस्वती तक कहते थे कि "वेदों में विमान तथा रॉकेट टेक्नोलॉजी पहले ही से मौज़ूद थी, जिसे पढ़कर पश्चिम ने उन्हें बनाया।" मैक्समूलर जैसे अनेक विदेशी विद्वानों ने इस धारणा को और भी आगे बढ़ाया।

अक्सर जब इन मुद्दों पर बहस चलती है, तो इसमें दो पक्ष हो जाते हैं। एक पक्ष कहता है कि "हमारे देश में पहले ही से सारा ज्ञान-विज्ञान उपलब्ध था।" दूसरा पक्ष कहता है कि हमारा समूचा अतीत अंधकार में डूबा हुआ था। कठोर जातिप्रथा के कारण यहाँ किसी तरह का ज्ञान-विज्ञान विकसित नहीं हो पाया, चूँकि आधुनिकता का जन्म यूरोप में हुआ, इसलिए हमें पहली बार वहीं से विज्ञान का प्रकाश मिला।" वास्तव में दोनों ही बातें पूरी तरह सच नहीं हैं।

प्राचीन पूर्वी सभ्यताओं में पश्चिम तथा यूरोप से बहुत पहले ही विज्ञान की शुरूआत हो गई थी, जिसमें भारत चीन और अरब की सभ्यता प्रमुख थी। चीन में सबसे पहले काग़ज़, छापाखाना, बारूद और क़ुतुबनुमा जैसी महत्वपूर्ण चीज़ों का अविष्कार हुआ, तो भारत में शल्यचिकित्सा से लेकर खगोलशास्त्र,गणित तथा अरब में महत्वपूर्ण गणितीय सूत्रों और रेखागणित का विकास हो चुका था, इसके अलावा भारत में ; विशेष रूप से दक्षिण भारत में विशाल मंदिर के निर्माण में ज्यामितीय सूत्रों और स्थापत्य कला का जैसा अभूतपूर्व प्रयोग हुआ, वह आज भी विश्व को आश्चर्यचकित करता है। परन्तु क्या कारण था कि भारत सहित सभी प्राचीन सभ्यताओं का ज्ञान-विज्ञान अंधकार में विलुप्त हो गया तथा इस क्षेत्र में पश्चिम बाज़ी मार ले गया।

यह सही है कि अपने खगोलविज्ञान की खोजों के कारण यूरोप में ब्रूनो को जिन्दा जला दिया गया और गैलीलियो एवं कोपरनिकस को अपनी खगोल संबंधी खोजों के कारण चर्च के सामने जाकर माफ़ी माँगनी पड़ी, क्योंकि उनके सिद्धांत बाइबिल में वर्णित सिद्धांतों के विपरीत थे, इसके बावज़ूद वहाँ पर विज्ञान लगातार

विकसित होता रहा तथा आज अपने शीर्ष पर पहुँच गया, परन्तु भारत तथा अन्य पश्चिमी सभ्यताओं में इसका पराभव क्यों हुआ? इसके कारणों की तलाश करने के लिए मैं भारत में आयुर्वेद सर्जरी तथा खगोलविज्ञान के विकास पर प्रकाश डालूँगा।

अक्टूबर 1794 में लंदन की बहुत ही लोकप्रिय और चर्चित पत्रिका 'जेंटलमैन्स मैगज़ीन' में एक लम्बा पत्र छपा था। पत्र लिखनेवाले ने अपना नाम महज़ बी० एल० लिखा था, जिसमें उसने भारत में सम्पन्न एक सर्जरी का विवरण लिखा था, "कावसजी नामक एक मराठा व्यक्ति, जो अंग्रेज़ सेना के लिए बैलगाड़ी चलाता था, उसे टीपू की सेना ने बंदी बनाया था और सज़ा के तौर पर उसका नाक-हाथ काट दिया था। ईस्ट इंडिया कंपनी से पेंशन ले रहे कावसजी के एक साल बिना नाक के रहने के बाद उसके नाक की सर्जरी ईंटा पाथने वाली जाति से जुड़े एक व्यक्ति ने की और उस पर नयी नाक आरोपित की गई थी। रेखांकित करने वाली बात यह थी कि इस सर्जरी को चिकित्सा पेशे में जुड़े दो‌ विशेषज्ञों ने देखा था, जो ब्रिटिश सेना में काम करते थे। पत्र में बताया गया था कि इस तरह की सर्जरी भारत में सदियों से चली आ रही है। पत्र के साथ वे रेखांकन भी छपे थे, जिसमें एक तरफ़ कावसजी की तस्वीर थी और नीचे इस सर्जरी की प्रक्रिया को चित्रमय ढंग से प्रस्तुत किया गया था, जिसका विवरण पत्र में शामिल था। जानने योग्य है कि इस पत्र को जोसेफ कार्पुए नामक एक ब्रिटिश सर्जन ने पढ़ा तथा पत्र में दिए विवरणों और रेखांकनों के आधार पर उसने अपने दवाखाने में यूरोप में पहली बार ऐसी सर्जरी को अंजाम दिया और फिर यह सर्जरी पश्चिमी जगत में आम हो गई।"

(चरक संहिता/पृष्ठ-164,167, प्रोग्रेस एण्ड कन्जर्वेटिज्म इन एंशिएन्ट इण्डिया, एस जी सरदेसाई, पीपुल्स पब्लिशिंग हाउस,1983)

दरअसल यह वही शल्यज्ञान था, जिसे हम सुश्रुत संहिता के नाम से जानते हैं। कावसजी के नाक पर अपनाए गए तरीके का हूबहू वर्णन हम सुश्रुत संहिता में देख सकते हैं। वे अपनी रचना में महज़ नाक की सर्जरी का विवरण नहीं देते, बल्कि कान और होंठों की सर्जरी कैसे की जाए, वह भी बताते हैं, इसके अलावा आँखों का मोतियाबिंद ठीक करना,मूत्राशय की पथरी को दूर करना,शरीर में धँसे तीर और छर्रे आदि को लेकर शल्यचिकित्सा के तरीके बयान किए गए हैं।

सुश्रुत अपनी किताब में शव के विच्छेदन (पोस्टमार्टम) का भी पूरा विवरण देते हैं। शव को धोने के बाद उसे घास में लपेटकर सात दिन वैसे ही रखने के बाद घास की बनी झाड़ू से उसकी चमड़ी उतारकर शरीर के हर हिस्से को आँखों से बारीकी से देखने की बात करते हैं- "देखो मगर स्पर्श मत करो।" इन्हीं शब्दों से पूरी प्रक्रिया का सार संकलन किया जा सकता है। आँखों से ही परीक्षा, मगर हाथ से स्पर्श नहीं- इस नीति पर चलने की ढेर सारी सीमाएँ थी, जिसके चलते शरीर के तमाम आंतरिक हिस्सों पर ध्यान नहीं दिया जाता था।

(मीरा नन्दा, साइंस इन सैफरन, रैंडम हाउस, पृष्ठ-109-110)

प्रश्न उठता है कि आख़िर दो हज़ार साल से अधिक के अंतराल में भारत में शल्यचिकित्सा तकनीकि का आगे कोई विकास क्यों नहीं हुआ? अट्ठारहवीं सदी के अंत में जिस शल्यचिकित्सा ने यूरोप में तहलका मचा दिया तथा एक किस्म का इतिहास रचा, वह अपनी ही जन्मस्थली भारत में दूर-दूर तक क्यों नहीं पहुँची और इसमें कोई सुधार या इज़ाफा क्यों नहीं हुआ? क्या इसकी वज़ह यह थी कि आयुर्वेद चरक संहिता, सुश्रुत संहिता आदि से निर्मित चिकित्सा प्रणाली भले ही विज्ञान के तौर पर शुरू हुई हो,मगर वह बाद में आध्यात्म विज्ञान / मेटा फिज़िक्स में बदल गई।

इसका एक कारण यह भी था कि जो विद्वान सुश्रुत संहिता पढ़ सकते थे, वे संस्कृतभाषी ब्राह्मण थे, उनके हाथों में चिकित्सक की छूरी नहीं थी, जिन्हें शरीर के आंतरिक विज्ञान की कोई जानकारी नहीं थी। वे पीढ़ी दर पीढ़ी व्यवहार के आधार पर प्राप्त कुशलता के आधार पर इसे अंजाम दे रहे थे। इसके साथ वे सामाजिक और धार्मिक कारक भी ज़िम्मेदार थे, जिन्होंने मानसिक और शारीरिक श्रम के बीच अंतर क़ायम किया। जातिप्रथा के निर्माण के आधार पर इसे वैधता मिली, इसने हाथ से काम करने वाले तथा शिक्षित समुदाय के बीच ऐसी दीवार खड़ी कर दी, जिसे धार्मिक मान्यता प्राप्त थी।

ब्राह्मणवादी संस्कृति में ज्ञान के हस्तांतरण पर गोपनीयता बरती जाती थी, उसने भी इसकी प्रगति को बाधित किया। आयुर्वेद विद्वानों का बहुलांश कथित ऊँची जातियों से संबंधित था, उसके तहत शल्यचिकित्सा / सर्जरी का काम उन्हीं जातियों को सौंप दिया गया, जो सामाजिक दृष्टि से हेय समझी जाती थीं।

अब थोड़ा मैं भारतीय खगोलशास्त्र पर प्रकाश डालूँगा, जिसकी आजकल बहुत चर्चा है कि दुनिया को रॉकेट साइंस वेदों से मिला। अट्ठारहवीं सदी की शुरूआत में दिल्ली,मथुरा, जयपुर, उज्जैन और वाराणसी में वेधशालाओं का निर्माण हुआ। इन पाँच वेधशालाएं में केवल जयपुर का जंतर-मंतर ही ठीक स्थिति में है, बाकी तीन स्थानों पर यह महज़ दर्शनीय स्थल बनकर रह गया है। मथुरा में बनी वेधशाला उन्नीसवीं सदी के मध्य में ही नष्ट हो गई थी। ये वेधशालाएंँ प्राचीन समय से ही भारतीयों की खगोलविज्ञान में चली आ रही रुचि को ही दर्शाती हैं। खगोलविज्ञान के शुरुआती रिकॉर्ड ईसा पूर्व 2000 वर्ष में ऋग्वेद में दिखाई देते हैं। प्राचीन भारतीय खगोलशास्त्रियों ने तारों और ग्रहों के आधार पर ज्योतिष की तालिकाओं का निर्माण किया और शगुन-अपशगुन तय किए, कुछ गणितीय मॉडल बनाए और कुछ दिलचस्प सिद्धांत विकसित किए।

ऋग्वेद के मुताबिक़ भारतीय एक वर्ष को 360 दिनों में बाँटते थे और फ़िर हर साल को 30 दिन के बारह महीनों में विभाजित किया जाता था। हर पाँच साल पर चार दिन आगे बढ़ाकर कैलेण्डर को ठीक करने की कोशिश की जाती थी। ज्योतिष देवांग पहला वैदिक ग्रंथ कहा जाता है, जिसमें खगोलशास्त्रीय तथ्य पेश किए गए और उनमें कुछ सदी पुराने तथ्य भी शामिल किए गए।

(चार्वाक के वारिस, सुभाष गताडे, पृष्ठ-101,ऑथर्स प्राइड पब्लिशर्स)

प्राचीन भारतीय खगोलविज्ञान का स्वर्णिम काल पाँचवीं-आठवीं सदी कहा जाता है। जब आर्यभट्ट (ईसवी 476-550) का आगमन हुआ है, उनके देहांत के बाद भी हम खगोलवैज्ञानिकों की एक कतार देखते हैं, जिनमें अग्रणी थे- वराहमिहिर, ब्रह्मगुप्त और लल्ला आदि, जिन्होंने आर्यभट्ट के सिद्धांतों पर बातें कीं, उनकी आलोचना भी की, मगर यह सिलसिला बाद में ठहर सा गया। यह अलग बात है कि आर्यभट्ट के योगदान पर विमर्श बाद में भी ज़ारी रहा। मिसाल के तौर पर 1930 शिकागो में यूनिवर्सिटी प्रेस से आर्यभट्ट के अहम ग्रंथ आर्यभट्टीय का अंग्रेजी अनुवाद प्रकाशित हुआ। किताब का शीर्षक था आर्यभट्टीय ऑफ आर्यभट्ट एन एन्शिएंट इंडियन वर्क ऑन मैथेमेटिक्स एण्ड एस्ट्रोनामी,जिसे किसी विशिष्ट लेखक के नाम से अंकित पहली भारतीय रचना कहा गया, जिसका फोकस गणित और खगोलविज्ञान पर था, जिसका मूल ग्रंथ छठवीं शताब्दी में रचा गया था। इससे यह लगता है कि एक समय में आर्यभट्ट पश्चिम के लिए भी कितने महत्वपूर्ण बन गए थे।

आर्यभट्ट ने यह ग्रंथ बामुश्किल 23 साल में लिखा था, उनके जीवन के बारे में थोड़े-बहुत तथ्य उपलब्ध हैं, वे बताते हैं कि वे आगे की पढ़ाई के लिए कुसुमापुरा (बाद में पाटलिपुत्र या आज का पटना) गए थे, जहाँ वे किसी संस्था के प्रमुख भी थे। नालन्दा विश्वविद्यालय उन दिनों पाटलिपुत्र में ही था तथा वहाँ खगोलशास्त्र के अध्ययन के लिए वेधशाला भी बनी थी, इसलिए यह अनुमान लगाया जाता है कि आर्यभट्ट शायद नालन्दा विश्वविद्यालय के ही प्रमुख रहे होंगे। यह भी कहा जाता है कि बिहार के तारेगड़ा के सूर्य मंदिर में आर्यभट्ट ने एक वेधशाला का भी निर्माण करवाया था। आर्यभट्ट के मौलिक योगदानों को किस प्रकार देखा जा सकता है?

भारतीय खगोलविज्ञान उस समय तक पृथ्वी को स्थिर मानता आया था और कहता कहता था कि अन्य आकाशीय पिण्ड उसके इर्द-गिर्द घूमते हैं। वहीं आर्यभट्ट मानते थे कि पृथ्वी अपने अक्ष पर घूमती है और नक्षत्र बिलकुल स्थिर हैं। उस समय ग्रहणों के बारे में भी यह मान्यता चली आ रही थी कि राहु-केतु जैसे राक्षस इन आकाशीय पिण्डों को निगलते हैं, इसलिए ग्रहण दिखलाई देते हैं। ज्योतिषशास्त्र के मानने वालों के लिए यह बेहद अशुभ अवसर होता है और लोगों को ऐसे समय घर के अंदर ही रहना होता है, वरना उसका बहुत नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। आर्यभट्ट ने इसका अपने अध्ययन में खंडन किया और कहा कि "चाँद,सूरज और पृथ्वी के एक सीधी रेखा में आने के कारण ग्रहण लगता है।" इन सबके अलावा भी संस्कृत भाषा में लिखी खगोलशास्त्र तथा गणित से संबंधित उनकी अनेक रचनाएँ अनुपलब्ध हैं, परन्तु उसका वर्णन उनके शिष्यों की अनेक रचनाओं और अरबी अनुवादों में मिलता है, जिसका वर्णन पर्शिया से भारत में आए विद्वान अलबिरूनी अपनी भारत यात्रा के वृत्तांत में करते हैं। उस युग में आर्यभट्ट की रेडिकल लगने वाली प्रतिस्थापनाओं ने अरब, ग्रीस और चीन के खगोलवैज्ञानिकों में नयी बहस को जन्म दिया था,उनकी रचनाओं के अनुवाद भी हुए थे, मगर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।

आर्यभट्ट के विद्यार्थी लल्ला भी पृथ्वी के अपने अक्ष पर घूमने की आर्यभट्ट संकल्पना से सहमत नहीं दिखते और अन्य स्थानों पर पुरानी मान्यताओं पर ही बल देते हैं। आर्यभट्ट के बाद वराहमिहिर, ब्रह्मगुप्त जैसे खगोलशास्त्री ; जिन्होंने आर्यभट्ट की विरासत को आगे बढ़ाया, वे बाद में ख़ुद ही आर्यभट्ट की आलोचना करने लगते हैं। ब्रह्मगुप्त जैसा प्रकाण्ड विद्वान भी आर्यभट्ट की प्रतिस्थापनाओं के बहाने जो बात लिखता है,वह समझ से परे है:-

"कुछ लोग यह कहते हैं कि ग्रहण (राहु-केतु आदि के) मस्तिष्क से नहीं घटित होता है, हालाँकि यह बेहद मूर्खतापूर्ण विचार है, क्योंकि वही ग्रहण को अंजाम देता है और दुनिया के आम निवासी इसी बात की ताईद करते हैं। वेद ; जो ब्राह्मण के मुख से ईश्वर के बोल हैं, कहते हैं कि मस्तिष्क से ही ग्रहण होता है, उसी तरह मनु द्वारा रची गई स्मृति भी कहती है…, इसके विपरीत वराहमिहिर, श्रीसेना,आर्यभट्ट और विष्णुचंद्र सभी का विरोध करते हुए कहते हैं कि ग्रहण मस्तिष्क से नहीं होता है, मगर चंद्र और पृथ्वी पर उसकी छाया से होता है। अगर वाकई मस्तिष्क से ग्रहण नहीं होता, तब ग्रहण के वक़्त ब्राह्मण जो रस्म निभाते हैं, जैसे अपने शरीर में गर्म तेल मलना और पूजा के लिए आवश्यक अन्य सामग्री का इंतज़ाम करना भ्रामक साबित होगा और फिर उससे स्वर्गीय कृपा नहीं होगी। अगर कोई इन बातों को भ्रामक कह देता है,तो वह मान्यता प्राप्त सिद्धांतों के बाहर खड़ा होता है और जिसकी इजाज़त नहीं दी जा सकती…, इसलिए लोग धर्मनिष्ठा के हिसाब से आचरण करते हैं और उन लेखकों को चाहिए कि वे आम राय का विरोध करना छोड़ दें, क्योंकि जो बात वेदों, स्मृतियों और संहिताओं में लिखी है,वह बिलकुल सत्य है।"

(साइंस एण्ड सोसायटी इन एंशिएन्ट इण्डिया,पृष्ठ संख्या-158 से उद्धृत,देवीप्रसाद चट्टोपाध्याय एवं एस जी सरदेसाई)

क्या इस ब्रह्मगुप्त द्वारा प्रकट असहमति की जड़ वैज्ञानिक समझदारी में थी या समाजशास्त्र में। ब्रह्मगुप्त के विज्ञान और आध्यात्मिक किस्म की बातों के घालमेल के पीछे वास्तविकता यह है कि वे लोग समाज के प्रभुत्वशाली तबकों को नाराज़ नहीं करना चाहते थे, जैसा कि ऊपर के अनुच्छेद में वे कहते हैं कि अगर राहु-केतु की अवधारणा ख़ारिज होगी, तो फ़िर ब्राह्मणों पर 'स्वर्गीय कृपा' नहीं होगी। ज़ाहिर है कि ग्रहण के बहाने जजमानों से भारी दक्षिणा वसूलने वाले ब्राह्मणों के लिए आर्यभट्ट के सिद्धांत ख़तरा हो सकते थे। ब्रह्मगुप्त ने एक तरह से समाज के बदलते वातावरण को भाँप लिया था तथा उस समय ब्राह्मणवाद अपने उभार पर था और बौद्धधर्म का उस समय का तेज़ी से पतन हो रहा था। तर्क, बुद्धि और विवेक की बातों के लिए समाज में जगह बहुत कम होती जा रही थी, अंधश्रद्धा का बोलबाला हो रहा था। धर्मशास्त्रों के चिन्तन को प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से चुनौती देने पर समाज से बहिष्कृत होना तय था। निश्चित ही भारत की स्थिति यूरोप की तरह नहीं थी, जहाँ धर्मशास्त्रों की अवधारणाओं का विरोध करने पर मृत्युदंड तय था, मगर इससे यह भी नहीं कहा जा सकता कि यहाँ पर स्वतंत्र विचारकों के लिए रास्ता कठिन नहीं था।

एक बंद सामाजिक संरचना में स्वतंत्रमना लोगों को प्रताड़ित करने के अलग तरीकों का विस्तार किया गया था, जहाँ उन्हें सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ता था। आपको जब अपने समुदाय और परिवेश से बहिष्कृत किया जाए, आपको दिनों-दिन ज़रूरत की चीज़ें मिलना बंद हो जाएँ, कहीं से भी टिकने का ठिकाना न मिल पाए और न आपके साथ कोई संबंध रखने को तैयार हो, तो मज़बूत से मज़बूत लोग डगमगा जाते हैं।

कोई नहीं जानता कि ब्रूनो को ज़िंदा जलाने का आदेश देने वाले चर्च के अधिकारियों का नाम क्या था और न ही उस वक़्त रोमन कैथोलिक चर्च के पोप के पद पर कौन विराजमान था, लेकिन विचारों की हिफ़ाज़त के लिए ब्रूनो की शहादत को लोग आज भी याद करते हैं, ऐसी शहादत जिसने प्राकृतिक विज्ञान के धर्मशास्त्र की जकड़ से मुक्ति के रास्ते को सुगम किया तथा यूरोप में आधुनिक विज्ञान के मार्ग को प्रशस्त किया। दुर्भाग्यवश भारत में ऐसा नहीं हो पाया, जाति-धर्म की मज़बूत ज़ंजीरों से वह आज भी जकड़ा हुआ है, जिससे हमारे यहाँ प्राचीन भारत में विज्ञान की गौरवशाली परंपरा होने के बावजूद वह अंधकार में डूब गया और हम इस क्षेत्र में बहुत अधिक पिछड़ गए तथा अंततः पूरी तरह से पश्चिम पर निर्भर हो गए।

(लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं। विचार व्यक्तिगत हैं।)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest