Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

झारखंड में तीसरे चरण की 17 सीटों के लिए वोटिंग, 3 बजे तक 57 प्रतिशत मतदान

झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 309 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 277 पुरुष और 32 महिला उम्मीदवार हैं।
jharkhand election
Image courtesy: India Today

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण की 17 में से 12 सीटों पर गुरुवार को तीन बजे मतदान संपन्न हो गया। जबकि पांच सीटों पर शाम 5 बजे तक वोटिंग है। मतदान के दौरान बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार नजर आई। इस चरण में झाविमो प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, आजसू प्रमुख व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, राज्य सरकार के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह व शिक्षा मंत्री नीरा यादव समेत 309 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें महिला उम्मीदवारों की संख्या 32 है।

इस चरण में 56 लाख से अधिक मतदाता 309 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक सभी 17 सीटों पर दोपहर तीन बजे तक 57 प्रतिशत मतदान हुआ है और कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

सबसे पहले मतदान करने वालों में पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और रांची की झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी महुआ माझी शामिल थीं। धनवार में झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सुबह ही वोट डाल दिया था।

चुनाव आयोग ने इन सीटों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने के लिए सारी तैयारियां की हैं तथा मतदान के लिए लगभग चालीस हजार चुनाव कर्मी तैनात किये गये हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने बताया कि इन 17 सीटों के लिए कुल 7016 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों में कुल 56,18,267 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इन मतदाताओं में 2937976 पुरुष, 2680205 महिला, 86 तृतीय लिंग के और 144153 नए मतदाता (18-19 साल के) हैं। इसके अलावा 80 साल से अधिक आयु के 53, 516 और 63754 दिव्यांग मतदाता हैं।

उन्होंने बताया कि लगभग 40 हजार मतदानकर्मी चुनावी ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। 96 दूरस्थ और नक्सल प्रभावित इलाकों के मतदान केन्द्रों पर मतदान कर्मियों को हेलीकाप्टर से पहुंचाया गया है। सुरक्षा कारणों से दस मतदान केन्द्रों का स्थान परिवर्तित कर दिया गया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि तीसरे चरण में 309 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें 277 पुरुष और 32 महिला उम्मीदवार हैं। सबसे ज्यादा 31 प्रत्याशी ईचागढ़ और सबसे कम 12-12 प्रत्याशी रांची और कांके विधानसभा सीट के लिए चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा कोडरमा में 17, बरकट्ठा में 20, बरही में 14 , बड़कागांव में 23, रामगढ़ में 25, मांडू में 22, हजारीबाग में 15, सिमरिया में 18, धनवार में 14, गोमियां में 15, बेरमो मे 20, सिल्ली में 15, खिजरी में 14 और हटिया में 22 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं।

इस चरण के चुनाव में जिन 17 सीटों पर मतदान हो रहा हैं उनमें दो सीटें अनुसूचित जाति तथा एक आदिवासी समुदाय के लिए सुरक्षित है तथा शेष 14 सीटें अनारक्षित हैं। इस दौर के चुनाव में जहां झारखंड विकास मोर्चा सभी 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है वहीं भाजपा सिर्फ 16 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।  विनय कुमार ने बताया कि अब शेष सीटों के लिए चौथे चरण में 16 दिसंबर को और पांचवें चरण में 20 दिसंबर को मतदान होगा। मतगणना 23 दिसंबर को एक साथ होगी।

(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest