महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को मतदान, 24 को मतगणना
नयी दिल्ली: महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख़ की घोषणा हो गई है। चुनाव आयोग ने शनिवार को घोषणा की कि महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 21 अक्टूबर को होंगे। इसके अलावा अलग-अलग राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव भी 21 अक्टूबर को होगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि दोनों राज्यों महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे जबकि वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी।
दोनों राज्यों में 27 सितंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। 4 अक्टूबर तक नामांकन किया जा सकता है और 7 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं।
महाराष्ट्र में 288 सदस्यों वाली विधानसभा का कार्यकाल नौ नवंबर को खत्म हो रहा है, जबकि 90 सदस्यों वाली हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल दो नवंबर को खत्म होगा।
आपको बता दें कि कि झारखंड विधानसभा का कार्यकाल भी इसी साल दिसंबर में ख़त्म हो रहा है। संभावना थी कि तीनों राज्यों में एक साथ चुनाव कराए जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
इसके अलावा अलग-अलग राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव भी 21 अक्टूबर को कराने की घोषणा की गई है।
(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।