Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

पांचवें चरण में 51 सीटों के साथ 424 सीटों पर मतदान पूरा

लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण में सोमवार को 51 सीटों के लिए करीब 62 फीसदी मतदान हुआ। इस दौर में यूपी की 14, बिहार की 5, झारखंड की 4, मध्य प्रदेश की 7, राजस्थान की 12, पश्चिम बंगाल की 7 और जम्मू-कश्मीर की दो सीटों के लिए वोट डाले गए।
लखनऊ में मतदान
लखनऊ में मतदान का दृश्य

लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण में आज, सोमवार को 51 सीटों के लिए करीब 62 फीसदी मतदान हुआ। इसी के साथ कुल 543 सीटों में 424 सीटों पर मतदान पूरा हो गया है। अब कुल दो चरण का चुनाव बचा है जिसमें 12 और 19 मई को 118 सीटों के लिए मतदान होगा। एक सीट तमिलनाडु के वेल्लोर लोकसभा क्षेत्र में रद्द चुनाव कब कराया जाएगा इसकी अभी कोई सूचना नहीं है।

इस पांचवें दौर में उत्तर प्रदेश (यूपी) की 14, बिहार की 5, झारखंड की 4, मध्य प्रदेश की 7, राजस्थान की 12, पश्चिम बंगाल की 7 और जम्मू-कश्मीर की दो सीटों के लिए मतदान हुआ।

चुनाव आयोग से शाम 7 बजे तक जारी शाम 6 बजे तक के आंकडों के मुताबिक पांचवें दौर में कुल 61.48 प्रतिशत मतदान हुआ। अंतिम सूचना तक इसमें बढ़ोतरी संभव है। मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा रही और मतदान लगभग शांतिपूर्ण रहा। कुछ जगह से ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना मिली। पश्चिम बंगाल से आज भी हिंसा की ख़बरें मिलीं।

abbda41ee4eacf154e87596dfb64fc49.jpg

लखनऊ में अपना वोट डालने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री और बीजेपी उम्मीदवार राजनाथ सिंह।

यूपी : 14 सीट : 54% मतदान

यूपी में आज 14 सीटों पर मतदान हुआ। शाम 6 बजे चुनाव आयोग की ओर से 53.52 फीसदी मतदान का आंकड़ा जारी किया गया।

यूपी की जिन 14 सीटों पर आज वोट डाले गए उनमें कई सीटें हाईप्रोफाइल थीं। इनमें राजधानी लखनऊ से गृहमंत्री राजनाथ सिंह तो रायबरेली से यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और अमेठी से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनके सामने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मैदान में थीं। लखनऊ में राजनाथ सिंह के सामने गठबंधन से समाजवादी पार्टी के टिकट पर शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा मैदान में रहीं।

राजधानी लखनऊ में सुबह ही मतदान करने वालों में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, बसपा प्रमुख मायावती, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह और प्रमुख सचिव सूचना अवनीश अवस्थी शामिल रहे।

लखनऊ में कुल 50.48% मतदान हुआ। अमेठी में 48.56% और रायबरेली में 50.29% मतदान दर्ज किया गया।

यूपी में इन सीटों के अलावा पांचवें दौर में धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, बहराइच, कैसरगंजऔर गोंडा में भी मतदान किया गया।

धौरहरा में पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद एक बार फिर मैदान में हैं। इसी सीट से चम्बल के कुख्यात डकैत रहे मलखान सिंह को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया। धौरहरा में 59.35% मतदान हुआ है।

वर्ष 2014 के पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इन 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। बाकी बची अमेठी और रायबरेली सीटें कांग्रेस के खाते में गयी थीं। सपा—बसपा—रालोद गठबंधन ने अमेठी और रायबरेली सीटों पर अपने प्रत्याशी नहीं उतारे।

बिहार : 5 सीट : 57.13% मतदान

पांचवें चरण में सोमवार को बिहार के पांच लोकसभा क्षेत्रों - सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर में मतदान हुआ। यहां क्रमश: 56.92%, 55.24%, 58.83%, 57.70%, 57.79% मतदान हुआ।

इस चरण में कुल 82 उम्मीदवार और 87 लाख से ज्यादा मतदाता थे  मतदाताओं के लिए इन क्षेत्रों में 8,899 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

पांचवें चरण में मधुबनी से भाजपा ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री हुकुमदेव नारायण यादव के पुत्र अशोक यादव को प्रत्याशी बनाया है, जबकि महागठबंधन की ओर से इस सीट पर विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के बद्री पूर्वे ताल ठोंक रहे हैं। मधुबनी से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद भी बतौर निर्दलीय चुनावी मैदान में थे। इधर, लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान की परंपरागत सीट हाजीपुर से इस बार उनके भाई और राज्य सरकार के मंत्री पशुपति कुमार पारस चुनाव लड़ रहे हैं। यहां उनका मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शिवचंद्र राम से है।

इसके अलावा, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की परंपरागत सीट सारण से इस बार उनके समधी चंद्रिका राय का मुकाबला पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी से है।

सीतामढ़ी से राजद के अर्जुन राय और जद-यू के सुनील कुमार पिंटू के बीच मुकाबला है जबकि मुजफ्फरपुर में भाजपा के अजय निषाद और वीआईपी के राजभूषण चौधरी के बीच लड़ाई है।

7102c0f173e8f376ab7c418285f07e1b.jpg

रांची में अपनी बिटिया के साथ वोट डालने पहुंचे क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी।

झारखंड : 4 सीट : 64%

देश में पांचवें लेकिन झारखंड राज्य में यह दूसरे चरण का चुनाव था। इस चरण में दो पूर्व मुख्यमंत्रियों और एक केंद्रीय मंत्री की किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद हो गया।

आज यहां लोकसभा की चार सीटों रांची, खूंटी, हजारीबाग और कोडरमा के लिए मतदान हुआ। रांची में 63.38%, खूंटी में 64.10%, हजारीबाग में 62.91% और कोडरमा में 65.70% मतदान की ख़बर है।

राज्य के पहले मुख्यमंत्री और झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी कोडरमा सीट से मैदान में हैं। वह नवंबर 2000 से मार्च 2003 तक मुख्यमंत्री रहे। वह कोडरमा सीट से 2004 और 2009 में जीत कर लोकसभा पहुंचे थे।

उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी से है, जो इससे पहले राजद की राज्य अध्यक्ष रही हैं और चुनाव की घोषणा के बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।

यहां भाकपा माले के प्रत्याशी राजकुमार यादव की स्थिति भी काफी मजबूत दिखाई दे रही है। और वे यहां एक प्रमुख उम्मीदवार हैं। कुल मिलाकर मुकाबला त्रिकोणीय और कड़ा रहा।

खूंटी में भाजपा ने तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके अर्जुन मुंडा को कांग्रेस के कालीचरण मुंडा के खिलाफ टिकट दिया गया।

हजारीबाग में नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा का मुकाबला सीधे कांग्रेस के गोपाल साहू से रहा।

रांची में भाजपा के बागी सांसद रामटहल चौधरी स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में भाजपा के संजय सेठी और कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय से टक्कर लेते दिखे।

राजस्थान : 12 सीट : 63.10%

राजस्थान की श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुन्झुनू, सीकर, जयपुर (ग्रामीण), जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर सीटों पर आज मतदान हुआ।

यहां मतदान के बहिष्कार और ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी जैसे कई मामले सामने आए।

चुनाव अधिकारी मोहन मीणा ने आईएएनएस को बताया कि श्योनाथपुरा गांव के सूरतगढ़ में बूथ नंबर-254 पर एक भी वोट नहीं पड़ा। ग्रामीणों ने गांव में खराब सड़कों के चलते मतदान का बहिष्कार किया। 

चुनाव अधिकारी धर्मप्रकाश ने कहा कि धौलपुर जिले के भैसाना गांव के ग्रामीणों ने भी गांव में पेयजल की कमी के चलते मतदान का बहिष्कार किया। 

सुबह में महज आठ वोट पड़े, जिसके बाद ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से मतदान प्रक्रिया का बहिष्कार किया। धर्मप्रकाश ने बताया कि अधिकारी मतदान के लिए ग्रामीणों को मनाने की कोशिश में लगे रहे। 

कुछ मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में तकनीकी गड़बड़ी के चलते मतदान में देरी हुई। 

जयपुर के बजोरिया और सरस्वती स्कूल में ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी के चलते मतदान आधा घंटा देरी से शुरू हुआ। 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी ने अपनी पत्नी के साथ सीकर में अपना वोट डाला, जबकि जयपुर ग्रामीण से सांसद केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने वैशाली नगर में मतदान किया।

मतदान शुरू होने के तुरंत बाद ही राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी आनंद कुमार ने पत्नी और बेटे के साथ वोट डाला। पुलिस महानदेशक कपिल गर्ग ने जयपुर में वोट डाला। 

यहां एक मतदान केंद्र के बाहर कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने मीडिया से कहा, "कांग्रेस राज्य में 'मिशन 25' को छूने के लिए तैयार है। मतदाताओं ने कांग्रेस और भाजपा के काम को देखा है और वे कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए निश्चित रूप से इसे वोट देंगे।" 

जयपुर की पूर्व राजकुमारी और राजसमंद से भाजपा उम्मीदवार दीया कुमारी ने भी जयपुर शहर में अपना वोट डाला। 

सीकर में कांग्रेस से सुभाष महरिया, बीजेपी से सुमेधानंद सरस्वती और सीपीएम की ओर से किसान नेता अमराराम चुनाव मैदान में थे। यहां 65.46 फीसदी वोटिंग हुई।

राजस्थान में कुल 134 उम्मीदवार इन सीटों पर किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 12 महिलाएं शामिल हैं। लगभग 2.30 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश : 7 सीटें : 62.96%

मध्य प्रदेश में सात सीटों टीकमगढ़, दामोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद, बेतूल में आज वोट डाले गए।

पश्चिम बंगाल : 7 सीटें : 74.06%

बंगाल में चुनाव के दौरान एक बार फिर हिंसा हुई।

यहां कुल सात सीटों बनगांव, बैरकपुर, हावड़ा, उलबेरिया, श्रीरामपुर, हुगली, आरामबाग में मतदान था।

f19450b4c999ac8b82ea1a3a639aa519.jpg

पुलवामा में मतदान के लिए लगी लाइन।

जम्मू-कश्मीर : 2 सीट : 17.07%

जम्मू-कश्मीर की एक सीट अनंतनाग के लिए आज आखिर पोलिंग हुई। इस सीट के लिए तीन चरणों में मतदान हुआ। यहां आज बेहद कम 2.38 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया।

इसके अलावा लद्दाख लोकसभा सीट के लिए भी आज वोट डाले गए। इस लोकसभा क्षेत्र में करगिल और लेह क्षेत्र आते हैं। यहां मतदान का प्रतिशत अच्छा रहा। शाम 6 बजे की रिपोर्ट के मुताबिक यहां 61.20% मतदान हुआ।

(समाचार एजेंसी भाषा और आईएएनएस के इनपुट के साथ। सभी फोटो आईएएनएस)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest