Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

पॉपुलर हेल्थ मोबाइल क्लिनिक ज़ाम्बिया के समुदायों को पहुंचाता स्वास्थ्य लाभ

हैजा प्रकोप के हाल ही के अनुभव से सीखते हुए, जाम्बिया की सोशलिस्ट पार्टी ने स्वास्थ्य देखभाल को सभी के लिए अधिक सुलभ बनाने के प्रयास में एक मोबाइल क्लिनिक शुरू किया है।
Zambia
एसपी स्वास्थ्य विभाग की नर्स मेबल तुबाका महिलाओं के स्वास्थ्य पर शैक्षिक सत्र आयोजित करती हुई, लुआंगेनी निर्वाचन क्षेत्र, पूर्वी प्रांत, जाम्बिया, 10 जून। फोटो: सोशलिस्ट पार्टी ऑफ़ जाम्बिया

विश्व स्वास्थ्य संगठन हैजा को "गरीबी के कारण उपजी बीमारी" के रूप में परिभाषित करता है। यह खराब स्वच्छता और सफाई सेवाओं, भीड़भाड़, कुपोषण और कमजोर सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की स्थितियों में पनपता है। जाम्बिया की एक तिहाई आबादी के पास बुनियादी स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध हैं, जबकि एक चौथाई आबादी के पास बुनियादी स्वच्छ सेवाएं नहीं हैं। 2022 में जाम्बिया की कम से कम 60 फीसदी आबादी गरीबी में रह रही है (जिसमें 2015 से 5.6 फीसदी की वृद्धि हुई है), हैजा स्थानिक है, और अक्टूबर 2023 से इस साल मार्च तक, इसने 700 से अधिक लोगों की जान ले ली है।

इसलिए, अधिक सटीक रूप से कहें तो हैजा असमानता का रोग है।

इस जानलेवा हैजा संकट और सामाजिक असमानता में इसकी जड़ों से जन्मे, पॉपुलर हेल्थ मोबाइल क्लिनिक ने इस साल जनवरी में अपनी स्थापना के बाद से 3,000 से अधिक रोगियों की सहायता की है। ब्राजील के भूमिहीन ग्रामीण श्रमिक आंदोलन (MST) समोरा माचेल ब्रिगेड के साथ मिलकर काम करते हुए, सोशलिस्ट पार्टी (SP) उन समुदायों को बहुत ज़रूरी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है, जिन्हें उनकी सरकार यह सहायता नहीं दे पाई है।

ज़ाम्बिया के लुसाका में हैजा संकट के दौरान एसपी पॉपुलर हेल्थ मोबाइल क्लिनिक काम करता हुआ। तस्वीर: सोशलिस्ट पार्टी

जमीनी स्तर पर बहुमुखी चिकित्सा सेवाओं का निर्माण

हालांकि यह अभी भी एक अपेक्षाकृत छोटी परियोजना है, लेकिन यह क्लिनिक एक बहुमुखी मोबाइल स्वास्थ्य सुविधा है। लुसाका प्रांत से शुरू होकर, यह क्लिनिक ज़ाम्बिया के दस प्रांतों में से तीन, पूर्वी प्रांत और मध्य प्रांत में फैल चुका है, जहा मुख्य रूप से महिलाओं, बच्चों और बुज़ुर्गों का इलाज किया जाता है।

"हमने लुसाका में जागरूकता फैलाकर और लोगों को 'हैजा क्या है और हैजा से कैसे बचा जाए' यह सिखाकर इसकी शुरुआत की है। एसपी स्वास्थ्य विभाग की नर्स मेबल तुबाका ने बताया कि, हमारे ज़्यादातर लोगों के पास सुरक्षित पीने का पानी नहीं है। लोग अभी भी गड्ढे वाले शौचालय के बगल से पानी भरते हैं।"

एसपी के व्यापक और बड़े स्वास्थ्य कार्यक्रम का हिस्सा, यह क्लिनिक मलेरिया की शिक्षा और उपचार के माध्यम से रोकथाम, बच्चों और बुजुर्गों के लिए पोषण, महिलाओं के लिए प्रजनन स्वास्थ्य, एचआईवी जैसे संक्रामक रोगों, कैंसर के लक्षणों और संकेतों के बारे में जानकारी देता है और उन पर बहुत कुछ काम करता है। टुबाका, जो एक एसपी की प्रतिबद्ध सदस्या हैं और क्लिनिक की स्थापना के बाद से ही इसके साथ काम कर रही हैं, कहती है कि, "स्वास्थ्य सेवा के बारे में शिक्षा बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह आपको अपने स्वास्थ्य के बारे में जानकर निर्णय लेने की इजाजत देती है। आप ऐसे उपाय कर सकते हैं जो आपको गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर या उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से बचाएंगे।"

टुबाका समझाती हैं कि क्लिनिक की योजना टीम का विस्तार करने और अपने इलाकों में कार्यक्रमों का नेतृत्व करने के लिए लगभग 300 स्थानीय स्वास्थ्य समन्वयकों को प्रशिक्षित करने की है। "हम जहा भी जाते हैं, हम पाच स्थानीय स्वास्थ्य समन्वयकों की पहचान करते हैं जो हमारे जाने के बाद भी काम को जारी रखेंगे"

एसपी के महासचिव डॉ. कॉसमास मुसुमाली कहते हैं, "हमारा दायित्व है कि हम ऐसी राजनीति करें जो सिर्फ़ वैचारिक न हो बल्कि लोगों के जीवन को सक्रिय रूप से बदल रही हो। समाजवाद होने के नाते हमें बहुत तेज़ी से काम करना होगा।"

समाज के सबसे अधिक वंचित लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवा

2020 में, जाम्बिया में गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की घटना दर प्रति 100,000 महिलाओं में 65.5 थी - जो विश्व स्तर पर तीसरी सबसे अधिक घटना है - और प्रति 100,000 महिलाओं में 43.4 की मृत्यु दर है। "उदाहरण के लिए, कई महिलाओं की गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर के लिए कभी जांच नहीं की गई है। कुछ परंपराए, सांस्कृतिक मानदंड और मूल्य गर्भाशय ग्रीवा को गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर के विकास के जोखिम में डालते हैं। केवल जाच करना और दवा देना काफी नहीं है," तुबाका ने समझाया कि इसके लिए "स्वास्थ्य शिक्षा [इसलिए] महत्वपूर्ण है।"

एसपी पॉपुलर हेल्थ मोबाइल क्लिनिक ने महिलाओं के स्वास्थ्य पर एक शैक्षणिक सत्र आयोजित किया, जिसमें सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम पर ध्यान केंद्रित किया गया। फोटो: सोशलिस्ट पार्टी

जबकि उपचार और निवारक जांच क्लिनिक के काम का एक महत्वपूर्ण घटक है, साथ ही पोषण भी - जो इलाज की जाने वाली बीमारियों को बढ़ाने में भूमिका निभाता है - क्लिनिक के लिए वह एक उच्च प्राथमिकता है। "हम माताओं को सिखा रहे हैं कि वे अपने बच्चों को पौष्टिक भोजन कैसे दे सकती हैं जैसे कि मूंगफली और भुने हुए कद्दू के बीज जैसे खाद्य पदार्थों का पोषण मूल्य, दलिया कैसे पकाना है आदि। तुबाका बताती हैं कि, हम बुनियादी आकलन कर रहे हैं जहा हम बच्चों का वजन करने और उनके विकास का आकलन करने के लिए एक निःशुल्क सेवा प्रदान करते हैं।"

जाम्बिया की कुल कुपोषण दर दुनिया में सबसे अधिक है, लेकिन पोषण के बारे में क्लिनिक की प्रोग्रामिंग केवल युवाओं तक ही सीमित नहीं है। तुबाका ने कहा कि, "बुजुर्गों ने जाम्बिया को आज जो कुछ भी बनाया है, लेकिन अब वे अर्थव्यवस्था में योगदान नहीं दे रहे हैं और लाभ नहीं कमा रहे हैं, इसलिए उन्हें बेकार समझा जाता है और वे अत्यधिक गरीबी में डूबे हुए हैं।" "अधिकांश समय हम अपने युवाओं पर ध्यान केंद्रित करते हैं, जबकि पोषण जैसी किसी चीज़ के बारे में जानकारी की कमी बुजुर्गों को मार रही है। यह न जानना कि क्या खाना चाहिए जिसकी वजह से उच्च रक्तचाप, मधुमेह और बहुत कुछ बीमारिया पैदा हो रही हैं।"

एसपी पॉपुलर हेल्थ मोबाइल क्लिनिक स्थानीय समुदाय के सदस्यों का उच्च रक्तचाप की जांच करता हुआ, सेंट्रल प्रोविंस, जाम्बिया। फोटो: सोशलिस्ट पार्टी

तुबाका कहती हैं कि, "इसके अलावा, हम किसानों को कृषि-पारिस्थितिक खाद्य पदार्थ उगाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, जैसे कि जैविक उर्वरक का उत्पादन करना, क्योंकि लोगों द्वारा खाए जाने वाले भोजन और उनके स्वास्थ्य के बीच गहरा संबंध है।"

जबकि क्लिनिक लोगों को स्वास्थ्य सेवा के बारे में अधिक जागरूकता हासिल करने के लिए प्रशिक्षित करता है और सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारियों (जो अंतिम जिम्मेदारी वहन करते हैं) को सीधे उनकी सिफारिशें करता है, यह ठोस समस्याओं के तत्काल समाधान खोजने के लिए काम करता है। महंगे सैनिटरी पैड और मासिक धर्म के दौरान लड़कियों के स्कूल से अनुपस्थित रहने की उच्च दर के मामले में, क्लिनिक बुनियादी स्वच्छता की चर्चाओं के साथ-साथ महिलाओं और लड़कियों के लिए सुरक्षित, पुन: प्रयोज्य सैनिटरी पैड बनाने के तरीके पर क्लास आयोजित करने की योजना बना रहा है।

डॉ. मुसुमाली ने बताया कि, "आम तौर पर स्वास्थ्य सेवाएं बहुत ही संकीर्ण तरीके से दी जाती हैं।" क्लिनिक को, स्वास्थ्य सेवा को मूल कारण: असमानता के साथ वास्तविक टकराव के आधार पर कई आयामों से देखा जाना चाहिए। इस दृष्टिकोण को अपनाने वाली एक पायलट परियोजना हर्बल साबुन उत्पादन रही है। क्लिनिक ने त्वचा के लिए स्वास्थ्य लाभ वाले हर्बल साबुन बनाने पर कई प्रशिक्षण आयोजित किए हैं (रोजमेरी, इमली और कैमोमाइल जैसे औषधीय पौधों का इस्तेमाल करके बनाया गया है) और "बैकयार्ड औषधीय उद्यान" को प्रोत्साहित किया है। साबुन उत्पादन बदले में आय का एक स्रोत भी बना है।

एसपी पॉपुलर हेल्थ मोबाइल क्लिनिक, सेंट्रल प्रोविंस, ज़ाम्बिया में बच्चों को मौखिक और दंत स्वास्थ्य देखभाल पर शिक्षा दी जाती है। फोटो: सोशलिस्ट पार्टी

स्वास्थ्य सेवा जो लोगों से सीखती है और उनकी सेवा करती है

एसपी क्लिनिक चलाने में कई चुनौतिया हैं, लेकिन तुबाका आशावादी हैं। "लोग इन स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना कर रहे हैं और यह परियोजना किस तरह स्वास्थ्य सेवाओं को उनके दरवाज़े के नज़दीक ला रही है। ब्राज़ील के भूमिहीन ग्रामीण मज़दूर आंदोलन के हमारे साथियों ने अपने लोकप्रिय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के ज़रिए हमें प्रेरित किया है। हम हर दिन ज़ाम्बिया के लोगों से बहुत कुछ सीख रहे हैं।"

मुसुमाली ने बताया कि, "यह परियोजना हमें भी बदल रही है।" "हमारे सदस्य लोगों से बातचीत करते हैं, जिससे हमें खराब स्वास्थ्य के दुष्प्रभावों के बारे में पता चलता है। हम सामाजिक-आर्थिक निर्धारकों को भी देखते हैं। हम जनता से ज़्यादा सीख रहे हैं। हमारे लोगों की मुक्ति अभी होनी चाहिए, इसलिए हम ऐसे मुक्त क्षेत्र बना रहे हैं जहा लोग समाजवादी बीज को बोते हुए देख सकें। यही हमें प्रेरित करता है।"

जैसा कि दक्षिण अफ़्रीकी कम्युनिस्ट क्रांतिकारी क्रिस हानी ने एक बार कहा था, "समाजवाद बड़ी अवधारणाओं और भारी सिद्धांतों का मामला नहीं है। समाजवाद उन लोगों के लिए सभ्य आश्रय देने के बारे में है जो बेघर हैं। यह उन लोगों के लिए पानी के बारे में है जिनके पास सुरक्षित पीने का पानी नहीं है। यह स्वास्थ्य देखभाल के बारे में है, यह बुजुर्गों के लिए सम्मान का जीवन जीने के बारे में है। यह शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच की बड़ी खाई को पाटने के बारे में है। यह हमारे सभी लोगों के लिए एक अच्छी शिक्षा के बारे में है। समाजवाद बाजार के अत्याचार को थामने के बारे में है। जब तक अर्थव्यवस्था पर कुछ अनिर्वाचित, विशेषाधिकार प्राप्त लोगों का वर्चस्व रहेगा, तब तक समाजवाद का मामला बना रहेगा।"

साभार: पीपल्स डिस्पैच

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest