दिल्ली नगर निगम चुनाव: मतगणना जारी, शुरुआती रुझानों में ‘आप’ भाजपा से आगे
दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए मतों की गिनती बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 250 वार्ड के लिए चार दिसंबर को मतदान हुआ, जिसमें 1,349 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है। चुनाव में इस बार 50.48 प्रतिशत मतदान हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई।
अधिकारियों ने यहां मंगलवार को बताया था कि वे मतगणना के लिए तैयार हैं और मतगणना के लिए 42 केंद्र बनाए गए हैं।
इस चुनाव के परिणाम का राष्ट्रीय राजधानी से परे प्रभाव हो सकता है, जिसे आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के रूप में देखा जा रहा है।
शुरुआती रुझानों में ‘आप’ भाजपा से आगे
मतगणना के शुरुआती रुझानों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी (आप) 92 सीटों पर, जबकि भाजपा 72 सीटों पर आगे है। वहीं, कांग्रेस नौ सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
तिमारपुर में ‘आप’ की प्रोमिला गुप्ता अपनी भाजपा प्रतिद्वंद्वी अमरलता सांगवान से आगे हैं, जबकि मल्का गंज में ‘आप’ की गुड्डी देवी जाटव अपनी भाजपा प्रतिद्वंद्वी रेका से 254 मतों से पीछे हैं।
शुरुआती रुझानों के मुताबिक, भाजपा की नीलम बुधराजा धीरपुर वार्ड में बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि आजादपुर सीट पर पार्टी की सुमन कुमारी आगे हैं।
चौहान बांगर वार्ड में कांग्रेस की शगुफ्ता चौधरी जुबैर 2,443 मतों से आगे हैं, जबकि ‘आप’ की आसमा बेगम दूसरे स्थान पर हैं।
रुझानों के बीच ‘आप’ कार्यालय में जश्न का माहौल
चुनाव मतगणना के रुझानों के बीच आम आदमी पार्टी (आप) कार्यालय में बुधवार सुबह जश्न का माहौल देखा गया। लाउडस्पीकर से देशभक्ति गीत बज रहे हैं और समूचा परिसर रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजा हुआ था। मतगणना में ‘आप’ भाजपा से थोड़ा ही आगे चल रही है।
पार्टी के राउज एवेन्यू कार्यालय में मीडियाकर्मियों के लिए एक बड़ा मंच बनाया गया है।
बेचैन लेकिन आशान्वित ‘आप’ कार्यकर्ताओं की नजरें मतगणना के ताजा रुझानों के लिए एलईडी स्क्रीन पर टिकी हैं। वे सोशल मीडिया पर भी नजर रखे हुए हैं और उनमें से कुछ को लगातार ट्वीट करते देखा जा रहा है क्योंकि यहां एमसीडी चुनावों में पार्टी की पहली जीत का जश्न मनाने के लिए कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पार्टी के एक कार्यकर्ता ने कार्यालय में नीले और पीले रंग के गुब्बारे उड़ाते हुए कहा, “आप’ ही आएगी एमसीडी में, इस बार हमको भरोसा है।”
परिणाम आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा जनता को संबोधित किए जाने की संभावना है।
‘आप’ और भाजपा ने जीत दर्ज करने का विश्वास जताया है, जबकि कांग्रेस खोई हुई जमीन हासिल करना चाहती है।
चुनाव पूर्व अधिकांश सर्वेक्षण में ‘आप’ की जीत का पूर्वानुमान लगाया गया है। इसमें भाजपा दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर है।
‘आप’ ने इस चुनाव में 138 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, वहीं भाजपा और कांग्रेस ने क्रमश: 136 और 129 को उम्मीदवार बनाया था।
मतगणना केंद्र शास्त्री पार्क, यमुना विहार, मयूर विहार, नंद नगरी, द्वारका, ओखला, मंगोलपुरी, पीतमपुरा, अलीपुर और मॉडल टाउन जैसे क्षेत्रों में बनाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया था कि सभी केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 20 टुकड़ियां और 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
इससे पहले 2017 के नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 270 वार्ड में से 181 पर जीत दर्ज की थी। प्रत्याशियों के निधन के कारण दो सीट पर मतदान नहीं हो सका। ‘आप’ ने 48 वार्ड और कांग्रेस ने 27 वार्ड जीते थे। उस साल करीब 53 प्रतिशत मतदान हुआ था।
(समाचार एजेंसी भाषा इनपुट के साथ)
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।