Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

राहुल गांधी की न्याय यात्रा का 7वां दिन, असम में रोड शो के साथ आगे बढ़ा काफ़िला

गांधी ने असम में यात्रा के 7वें दिन की शुरुआत बारपेटा शहर से न्यू बस स्टैंड तक रोड शो के साथ की, जहां वह जनता को संबोधित करेंगे।
Rahul Gandhi
फ़ोटो: PTI

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को असम के बारपेटा जिले में एक रोड शो के साथ ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ फिर से शुरू की।

बिष्णुपुर में रात्रि विश्राम के बाद गांधी ने असम में यात्रा के 7वें दिन की शुरुआत बारपेटा शहर से न्यू बस स्टैंड तक रोड शो के साथ की, जहां वह जनता को संबोधित करेंगे।

उन्हें एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) की छत पर बैठे देखा गया। यह वाहन ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ (बीजेएनवाई), कांग्रेस पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) जैसे अन्य दलों के कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहराते लोगों की भीड़ के बीच धीरे-धीरे शहर की मुख्य सड़कों पर आगे बढ़ रहा था।

गांधी को लोगों ने गमोचा (असमी गमछा) दिए।

बारपेटा न्यू बस स्टैंड से कांग्रेस सांसद की यात्रा विशेष रूप से सजाई गई बस के जरिए जारी रहेगी।

एक कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘इसके बाद अभयपुरी में हरमोहन चक्रवर्ती मेमोरियल गर्ल्स एमई स्कूल से अभयपुरी कॉलेज तक पदयात्रा शुरू होगी जिसके बाद एक सार्वजनिक संबोधन होगा।’’

बोंगईगांव में उत्तरी सलमारा प्वाइंट पर कुछ देर के विराम के बाद वह फिर से धुबरी जिले के चलबाना गांव में कार से यात्रा शुरू करेंगे और एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे।

गांधी रात्रि विश्राम के लिए गौरीपुर में रुककर अपने दिन का समापन करेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वह असम में पार्टी नेता राहुल गांधी और 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करें।

खरगे ने 23 जनवरी की तिथि वाले इस पत्र में दावा किया कि कई मौकों पर असम पुलिस सुनियोजित ढंग से खड़ी रही या फिर उसने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को सुरक्षा घेरे में सेंध लगाते हुए राहुल गांधी के निकट पहुंचने दिया।

खरगे के मुताबिक, सार्वजनिक तौर पर साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद अब तक किसी भी शरारती तत्व की गिरफ्तारी नहीं हुई और कई मामलों में जांच भी शुरू नहीं हुई।

उन्होंने गृह मंत्री से आग्रह किया कि वह असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दें कि आगे ऐसी कोई घटना नहीं हो जिससे राहुल गांधी या ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल अन्य किसी सदस्य को गंभीर चोट पहुंचे।

खरगे ने पत्र में असम में पिछले कुछ दिनों के दौरान हुई घटनाओं का उल्लेख किया।

असम पुलिस ने हिंसा में शामिल होने के आरोप में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यह जानकारी दी।

राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ इस समय असम में है। हिंसा की कथित घटनाएं उस समय हुईं, जब पार्टी समर्थकों और नेताओं ने गुवाहाटी में प्रवेश करने की कोशिश में अवरोधक तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों के साथ झड़प की।

गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बोरा ने बताया कि इस झड़प में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।

(न्यूज़ एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest