Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

महिलाओं के ख़िलाफ़ ‘अत्याचार और अन्याय’ को लेकर अखिलेश ने शिवराज सरकार को घेरा

“भाजपा के लगभग 20 वर्षों तक मध्य प्रदेश में और 10 वर्षों तक केंद्र में सत्ता में रहने के बावजूद, देश में महिलाओं के ख़िलाफ़ अन्याय और अत्याचार के सबसे अधिक मामले मध्य प्रदेश में हैं। यह NCRBका आंकड़ा है।”
Akhilesh yadav
फाइल फ़ोटो। PTI

भोपाल: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश में महिलाओं के साथ हो रहे ‘अन्याय’ के लिए भाजपा सरकार की आलोचना की और 12 साल की लड़की से बलात्कार की घटना को कल्पना से परे बताया।

यादव ने कहा, ‘‘ भाजपा के लगभग 20 वर्षों तक मध्य प्रदेश में और 10 वर्षों तक केंद्र में सत्ता में रहने के बावजूद, देश में महिलाओं के खिलाफ अन्याय और अत्याचार के सबसे अधिक मामले मध्य प्रदेश में हैं। यह समाजवादी पार्टी का नहीं बल्कि एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) का आंकड़ा है।’’

उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री बुधवार को रीवा जिले के सिरमौर में अपनी पार्टी के उम्मीदवार लक्ष्मण तिवारी के पक्ष में एक रैली में हिस्सा लेने के लिए यहां पहुंचे।

मध्य प्रदेश में कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है।

यादव ने खजुराहो में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि क्या कोई सोच सकता है कि जिस राज्य में 1.2 करोड़ महिलाएं ‘लाड़ली बहना’ योजना से जुड़ी हों, वहां 12 साल की बच्ची के साथ (उज्जैन बलात्कार कांड) ऐसी स्थिति हो।

मप्र के उज्जैन शहर में 12 साल की एक बच्ची बलात्कार के बाद सड़क पर खून से लथपथ पाई गई थी। उसका बुधवार को विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम ने ऑपरेशन किया और उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर है। नाबालिग के साथ हुई इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को कहा कि मप्र सरकार ने उज्जैन की इस घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि मप्र में 20 साल और केंद्र में दस साल तक भाजपा में सत्ता में रहने के बावजूद प्रदेश में महिलाओं के बीच असुरक्षा का माहौल है।

महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक) के पारित होने का जिक्र करते हुए यादव ने कहा कि कोई नहीं जानता कि यह कब लागू होगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर भाजपा इसे लेकर गंभीर है तो पार्टी को आगामी विधानसभा चुनावों में 33 प्रतिशत महिलाओं को मैदान में उतारना चाहिए लेकिन भाजपा द्वारा अब तक घोषित सूचियां उस प्रावधान को प्रतिबिंबित नहीं करतीं।

यादव ने कहा कि उनकी पार्टी इन चुनावों में 20 प्रतिशत सीटों पर महिलाओं को मैदान में उतारने पर विचार करेगी।

विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के बारे में पूछे गए एक सवाल के उत्तर में यादव ने कहा कि सपा इसका हिस्सा है लेकिन वह उन राज्यों में चुनाव लड़ेगी जहां वह मजबूत है और भाजपा को आगे बढ़ने से रोकने की स्थिति में है।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की रणनीति पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याण के लिए काम करता है और अगर पार्टी इस रणनीति पर काम करना जारी रखती है तो यह मध्यप्रदेश में एक बड़ा बदलाव देखेगी।

यादव ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार लंबे समय से मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जीत रहे हैं और राज्य में उनकी मजबूत उपस्थिति है।

(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest