Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

हरियाणा-पंजाब में शीतलहर जारी, दिल्ली में ठंड से मामूली राहत

मौसम विभाग ने बताया कि हाड़ कंपा देने वाले इस जाड़े में 3.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ अंबाला हरियाणा में सबसे ठंडा स्थान रहा।
Image
Photo: PTI

हरियाणा और पंजाब में शीतलहर लगातार जारी है और बुधवार को कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि हाड़ कंपा देने वाले इस जाड़े में 3.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ अंबाला हरियाणा में सबसे ठंडा स्थान रहा।

सिरसा में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री, भिवानी में 5.6 डिग्री, हिसार में 5.8 डिग्री, नारनौल में छह डिग्री और करनाल में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई, जहां तापमान मंगलवार के छह डिग्री सेल्सियस के मुकाबले घट कर 3.6 डिग्री पर पहुंच गया।

पंजाब के गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री और बठिंडा में 3.4 डिग्री, पटियाला में 3.6 डिग्री, लुधियाना में 4.1 डिग्री, अमृतसर में 5.7 डिग्री, फरीदकोट में चार डिग्री और पठानकोट में 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ पिछले तीन सप्ताह से भीषण ठंड की चपेट में हैं। सुबह के समय कोहरे के कारण कई स्थानों पर दृश्यता कम रही। पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान में भी तेजी से गिरावट आई है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।

वहीं दिल्ली में बुधवार को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली और राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री अधिक है। मौसम कार्यालय ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में जनवरी में अब तक पांच ठंडे दिन और पांच शीतलहर वाले दिन अनुभव किए गए हैं जो पिछले 13 वर्षों में सबसे अधिक है।

आईएमडी के अनुसार, शहर में मुख्यतः आसमान साफ रहा और मध्यम कोहरा देखा गया।

दिल्ली की विभिन्न वेधशालाओं में मंगलवार देर रात दृश्यता में सुधार देखा गया। रात 11 बज कर 45 मिनट पर सफदरजंग में दृश्यता 500 मीटर और पालम में 700 मीटर दर्ज की गई।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सुबह साढ़े पांच बजे से 600 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई।

भारतीय रेलवे के अनुसार, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 24 ट्रेनें एक से छह घंटे की देरी से चलीं।

दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘‘बहुत खराब’’ श्रेणी में बना हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह नौ बजे एक्यूआई 392 दर्ज किया गया जबकि मंगलवार को एक्यूआई 376 दर्ज किया गया था।

शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

आईएमडी ने कहा कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 97 प्रतिशत थी।

(न्‍यूज एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)  

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest