Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

राजस्थान के अधिकतर हिस्से कड़ाके की सर्दी और कोहरे की चपेट में, दिल्ली में तापमान 8.3 डिग्री दर्ज

मंगलवार को सुबह भी राज्य के कुछ भागों में घने से अति घना कोहरा छाया रहा। राजधानी जयपुर के हवाई अड्डे पर आज एक बार फिर दृश्यता (विजिबिलिटी) 50 मीटर दर्ज की गई।
Rajasthan
फ़ोटो : PTI

राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और मंगलवार की सुबह की शुरुआत भी घने कोहरे के साथ हुई। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी जयपुर सहित राज्य के अनेक हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, मंगलवार को सुबह भी राज्य के कुछ भागों में घने से अति घना कोहरा छाया रहा। राजधानी जयपुर के हवाई अड्डे पर आज एक बार फिर दृश्यता (विजिबिलिटी) 50 मीटर दर्ज की गई।

बीते चौबीस घंटे में राज्य के कुछ भागों में शीत दिन जबकि अलवर, बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ में 'अति शीत दिन' दर्ज किया गया। बीती रात न्यूनतम तापमान सीकर में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फलोदी में यह 4.8 डिग्री, करौली में 5.2 डिग्री, जैसलमेर में 5.4 डिग्री, पिलानी में 5.7 डिग्री, सिरोही में 6.0 डिग्री, धौलपुर में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

संगरिया और गंगानगर में दिन का अधिकतम तापमान क्रमश: 11.5 डिग्री व 11 डिग्री सेल्सियस रहा।

कड़ाके की सर्दी का असर सामान्य जनजीवन पर पड़ा है। अनेक जगह लोग अलाव जला कर सर्दी से बचने की कोशिश करते नजर आए। घने कोहरे के कारण राजमार्गों व अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहन धीमी गति से चलते दिखे। मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य में सर्दी का यह दौर अभी जारी रहने का अनुमान है।

उधऱ राजधानी दिल्ली में सुबह तेज हवाएं चलने के साथ न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक, 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली के कुछ छिटपुट इलाकों में घना से मध्यम कोहरा छाया रहा।

भारतीय रेलवे के अनुसार, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें एक से छह घंटे की देरी से चल रही हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी का स्तर 84 प्रतिशत दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सुबह साढ़े छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘बेहद खराब’ श्रेणी में 346 दर्ज किया गया।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

दिसंबर 2023 राष्ट्रीय राजधानी में छह वर्षों में सबसे गर्म साल रहा। दिल्ली में इस महीने के दौरान एक भी ‘शीत लहर’ वाला दिन दर्ज नहीं किया गया।

वहीं पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में मंगलवार को भी सर्दी का सितम जारी रहा और बठिंडा में तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। मौसम कार्यालय ने यह जानकारी दी।

मौसम कार्यालय के अनुसार, पंजाब के पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री, अमृतसर में 8.3 डिग्री, लुधियाना में आठ डिग्री और फरीदकोट में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री, करनाल में आठ डिग्री, नारनौल में 7.5 डिग्री और भिवानी में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा ।

मौसम अधिकारियों ने बताया कि दोनों राज्यों में कई स्थानों पर मंगलवार को सुबह कोहरा भी छाया रहा।

पिछले सप्ताह इसे क्षेत्र में सुबह के समय घना कोहरा दर्ज किया जा रहा था।

पिछले दो दिनों के दौरान क्षेत्र के अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट देखी गई है।

(न्यूज़ एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest