Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

धान बेचने जा रहे यूपी के किसानों पर हरियाणा पुलिस ने भांजी लाठियां, 6 दिन से बॉर्डर पर रोक रखीं ट्रालियां

"पिछले 6 दिनों से अपना धान बेचने के लिए हरियाणा जाने का इंतजार कर रहे यूपी के किसानों पर हरियाणा पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। 6 दिन से किसानों की ट्रालियां बिडौली यमुना बॉर्डर पर रोक रखीं थीं। सातवें दिन किसानों का धैर्य टूटा तो किसान हरियाणा सीमा में घुस गए और बॉर्डर खोलने की मांग की तो हरियाणा पुलिस ने किसानों को पीटा।"
kisan

किसान नेता राकेश टिकैत ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। कहा कि हरियाणा सीमा पर धान लिए खड़े किसानों पर हरियाणा मंगलौरा पुलिस ने लाठियां भांजी। प्रधानमंत्री कहते हैं किसान फसल कहीं बेच सकता है और उनकी सरकारें किसानों को लहूलुहान कर रही है। ये है भाजपा सरकारों का किसान विरोधी चेहरा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार छह दिनों से हरियाणा-यूपी की सीमा पर खडे़ धान से भरे वाहनों के चालकों ने हरियाणा के करनाल जिले की मंगलौरा पुलिस चौकी पर प्रदर्शन किया। जिसके बाद हरियाणा पुलिस ने चालकों व किसानों पर लाठियां बरसा दीं। इससे भगदड़ मच गई। किसानों ने लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हरियाणा की धान की मंडियों में अधिक आवक आदि कारणों से यूपी के किसानों के धान से भरे वाहनों को यूपी-हरियाणा सीमा पर रोका गया है। छह दिनों से काफी संख्या में वाहन बिडौली पुल पर खड़े किए गए हैं। मंगलवार को किसानों व अन्य वाहन चालकों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने हरियाणा की मंगलौरा पुलिस चौकी पर जाकर मार्ग खोलने को लेकर प्रदर्शन किया। पहले तो पुलिस ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। बात बनती न देख पुलिस ने किसानों पर लाठियां चलानी शुरू कर दी। इस दौरान वहां भगदड़ मच गई। किसानों व अन्य शहरों से आए वाहन चालकों ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वहीं हरियाणा पुलिस ने एहतियातन बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है। 

किसानों का आरोप है कि बिना किसी वजह किसानों पर लाठियां भांजी जा रही है, जिसको सहन नहीं किया जाएगा। किसान रोहन, सोहनवीर, राजबीर का कहना है कि मामले की शिकायत प्रधानमंत्री से भी की जाएगी। दूसरी ओर, हरियाणा पुलिस का दावा है कि किसानों और अन्य लोगों पर लाठीचार्ज की बात गलत है। मधुबन थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि दो ट्रक चालकों को मौके से हटवाया गया था, जिस पर लोगों ने पुलिस चौकी पर प्रदर्शन किया। धान के ट्रकों को बॉर्डर पर अधिकारियों के आदेश पर रोका गया है।

पूरे प्रकरण को लेकर किसान नेता राकेश टिकैत ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। कहा कि 6 दिन से हरियाणा सीमा पर धान लिए खड़े किसानों पर हरियाणा मंगलौरा पुलिस ने लाठियां भांजी। प्रधानमंत्री कहते हैं किसान फसल कहीं बेच सकता है और उनकी सरकारें किसानों को लहूलुहान कर रही है। ये है भाजपा सरकारों का किसान विरोधी चेहरा, भाकियू किसानों के साथ खड़ी है।

 

साभार : सबरंग 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest