Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

"भारत मोहब्बत का देश है, नफ़रत का नहीं" : राहुल गांधी

मोदी के गढ़ बनारस में भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा का जोरदार स्‍वागत, फूलों की हुई बारिश।
Rahul Gandhi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गढ़ बनारस में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत मोहब्बत का देश है, नफरत का नहीं। देश को एक साथ लाना ही देश के प्रति सच्ची भक्ति है। इस वक्त देश में डर का माहौल है। इस यात्रा के दौरान भाजपा और आरएसएस के लोग भी आए। जैसे ही हमारे पास आए, उन्होंने हमसे अच्छे से बात की। यह देश तभी मजबूत होता है, जब हम साथ मिलकर काम करते हैं। यह मोहब्बत का देश है।

वाराणसी में अपनी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गोदौलिया चौराहे पर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार को आड़े हाथ लिया और जीएसटी की मार व बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा, "लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद युवाओं के सपने टूट रहे हैं। देश का नौजवान नौकरी के लिए इधर-उधर भटक रहा है। यह युवाओं के साथ अन्याय है। हम इसके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। देश में अरबपति भी उतना ही टैक्स दे रहा है, जितना गरीब देता है। इसलिए हमने भारत जोड़ो यात्रा में न्याय शब्द जोड़ दिया है।"

जीएसटी और महंगाई पर केंद्र पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, "हमने चार हजार किलोमीटर की 'भारत जोड़ो यात्रा' की। यात्रा के दौरान किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और महिलाएं मिलीं। उन सबने मुझसे मिलकर अपनी पीड़ा बताई। देश में दो भारत हैं। एक अरबपति वाला, एक गरीब वाला। मीडिया को लेकर कहा कि ये सारे चैनल अडानी और अंबानी के हैं। ये किसान, मजदूर, गरीबों के बारे में कभी नहीं दिखाएंगे। हिंदुस्तान की मीडिया मोदी जी को चौबीस घंटे दिखाएगी। अमिताभ बच्चन को दिखाएगी। वह असल मुद्दे को नहीं दिखाएगी। नोटबंदी और जीएसटी की खामियों को कोई उजागर नहीं करेगी। हमने चार हजार किलोमीटर की 'भारत जोड़ो यात्रा' की। इस दौरान दौरान किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और महिलाएं मिलीं। उन सबने मुझसे मिलकर अपनी पीड़ा बताई।"

राहुल गांधी जब काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार पर पहुंचे तो वहां भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कई बार भगदड़ जैसी स्थिति बनी। राहुल ने मंदिर जाने से पहले अपना मोबाइल निकाला स्विच ऑफ किया और मंदिर में दर्शन करने निकले। राहुल गांधी चौथी बार काशी विश्वनाथ मंदिर में पहुंचे थे और शिवभक्त बनकर मंदिर में दर्शन-पूजन किया। काशी विश्वनाथ मंदिर में राहुल गांधी ने की करीब15 मिनट तक पूजा की। इस दौरान उन्होंने देश में एकजुटता, भाईचारे और भारत जोड़ने का संकल्प लिया। विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत पंडित राजेंद्र तिवारी ने राहुल गांधी का पूजन कराया। इस दौरान उन्होंने महंत से बात भी की।

काशी विश्वनाथ मंदिर से बाहर निकले तो राहुल गांधी ने बनारस की मशहूर देसी मिठाई मलाइयों का स्वाद चखा। मंदिर में दर्शन के बाद जैसे ही ज्ञानवापी से गोदौलिया की ओर जा रही थी, इस बीच एक शख्स ने उन्हें मलाइयों थमा दिया। राहुल ने भी उसे थामा और फिर यात्रा के दौरान उन्होंने उसका स्वाद चखा। गाड़ी पर बैठे बैठे ही उन्होंने इसे खाया। ओस की बूंदों से यह मिठाई तैयार होती है और जीभ पर रखते ही घुल जाती है।

न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी का अलग अंदाज भी देखने को मिला। वह खुली जीप पर सवार थे। यात्रा में भारी हुजूम उमड़ा। कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए उनका उत्साह बढ़ा रहे थे। न्याय यात्रा में उमड़ी भीड़ पर फूल बरसाए गए। न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने भीड़ से राहुल नाम के लड़के को बुलाकर अपने बगल में बैठाया। उससे फीस और नौकरी को लेकर बात की। इस दौरान उन्होंने दुकानदार से बात भी की। उन्होंने कुछ युवाओं को ऑटोग्राफ भी दिए।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सीनियर लीडर जयराम रमेश भी राहुल गांधी के साथ जीप पर सवार थे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रायबरेली में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। गोदौलिया पहुंचने पर अपना दल (कमेरावादी) की वरिष्ठ नेता एवं विधायक पल्लवी पटेल भी न्याय यात्रा में शामिल हुईं। पल्लवी ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को हराया था। वाराणसी के गोदौलिया चौराहे पर काफी भीड़ मौजूद थी।

न्याय यात्रा के बनारस में प्रवेश करने पर राहुल गांधी का काफिला राजघाट स्थित सर्व सेवा संघ के सामने कुछ देर के लिए रुका। छह महीने पहले बनारस जिला प्रशासन ने जयप्रकाश नारायण की कार्यस्थली को बुल्डोजर लगाकर ढहा दिया था। बाद में रेलवे ने इस एतिहासिक इमारत पर कब्जा कर लिया था। सर्व सेवा संघ ने 1960 में रेलवे से 13 एकड़ जमीन खरीद कर इसे बनवाया था। यहां महात्मा गांधी से जुड़े दुर्लभ प्रकाशन और तस्वीरें संजो कर रखी गई थीं। जो अब हटा दी गई हैं।

सर्व सेवा संघ से जुड़े गांधीवादी समर्थकों ने राहुल गांधी से मुलाकात की और उन्होंने प्रशासन और सरकार की मनमानी से अवगत कराया। इस दौरान एक महिला भावुक होकर रोने लगी तो कांग्रेस नेता ने उसे गले लगा लिया। बाद में राहुल का काफिला बनारस के बुनकर बहुल इलाका लोहता पहुंचा। कुरौना गांव में उन्होंने मीडिया से बातचीत की। गांव में राहुल को देखने के लिए भारी भीड़ जमा थी।

शनिवार की सुबह बनारस के गोलगड्डा से कांग्रेस की न्याय यात्रा शुरू हुई। करीब 12 किमी तक राहुल गांधी ने रोड शो किया। इस दौरान बड़ी तादाद में कांग्रेस के समर्थक उनके काफिले के साथ जयकारा लगाते हुए चल रहे थे। 16 फरवरी 2024 को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने यूपी में इंट्री की और चंदौली के सैयदराजा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, "देश में जो नफरत और हिंसा फैल रही है, उसका कारण अन्याय है। किसान युवाओं के साथ सामाजिक और आर्थिक अन्याय हो रहा है। पाकिस्तान पर बोलेंगे पर महंगाई,बेरोजगारी पर नहीं बोलेंगे क्योंकि ये आप के नहीं, अडाणी के हैं।" शाम को चंदौली में बीएचयू के 25 प्रोफेसरों और छात्रों के डेलीगेट्स ने राहुल गांधी मुलाकात की। राहुल ने आईआईटी-बीएचयू में छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना पर चिंता जताई।

राहुल गांधी 18 फरवरी 2024 को भदोही स्थित इंदिरा मिल चौराहे पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। बाद में वह रजपुरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। रविवार को वह ज्ञानपुर होते हुए गोपीगंज पहुंचेंगे जहां कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद न्याय यात्रा प्रयागराज के लिए रवाना हो जाएगी।

राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने न्यूजक्लिक से कहा, "भारत जोड़ो न्याय यात्रा आठ दिनों तक उत्तर प्रदेश में रहेगी। पूर्व-पश्चिम मणिपुर-मुंबई यात्रा 15राज्यों से होकर6,700किलोमीटर की दूरी तय करनी है। इसका उद्देश्य रास्ते में आम लोगों से मिलते हुए न्याय के संदेश को जनता तक पहुंचाना है। अमेठी, रायबरेली व लखनऊ के मार्ग पर यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया दिया जा चुका है। न्याय यात्रा कानपुर में 21 फरवरी को रुकेगी। इसके बाद 24 फरवरी को यात्रा मुरादाबाद से फिर शुरू होगी और अमरोहा,संभल, अलीगढ़, हाथरस, आगरा होकर राजस्थान जाएगी। इस यात्रा को शुरू हुए 35 दिन हो चुके हैं। पूरे देश में इस यात्रा का असर दिख रहा है।"

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest