Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

और मज़बूत हुआ ग़ाज़ीपुर का किसान मोर्चा : टिकैत के समर्थन में लगातार पहुंच रहे हैं लोग

टिकैत के आंसुओं ने हलके पड़ते किसान आंदोलन में फूंकी जान। पूरे देश में समर्थन और सहानुभूति की लहर। हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में किसान ग़ाज़ीपुर बॉर्डर पहुंचे। मुज़फ़्फ़रनगर में किसान पंचायत।
और मजबूत हुआ ग़ाज़ीपुर का किसान मोर्चा : टिकैत के समर्थन में लगातार पहुंच रहे हैं लोग
शुक्रवार सुबह गाज़ीपुर बॉर्डर का दृश्य। फोटो साभार : सोशल मीडिया

गाजीपुर बॉर्डर पर एक बार फिर किसानों को हुजूम उमड़ा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा से किसान अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ अंदोलन स्थल पर पहुंच रहे हैं। बीती रात लगातार ये सिलसिला चलता रहा और आज शुक्रवार सुबह आरएलडी नेता जयंत चौधरी और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी राकेश टिकैत से मिलने ग़ाज़ीपुर बॉर्डर पहुंचे।

शुक्रवार की सुबह इस आन्दोलन में एक अलग ही उत्साह था। पूरी रात जागने के बाद भी किसी के भी जोश में कोई कमी नहीं है। बल्कि किसानों ने कहा अब उनकी एकता और जोश बढ़ा है । अब तक जो इस आन्दोलन का हिस्सा नहीं थे, वो भी अब इसमें जुड़ गए है।

मुजफ्फरनगर के किसान शुभम ने हमको बताया, "आंदोलन खत्म करने के लिए सरकार फूट डालो और राज करो की राजनीति अपना रही है, यह काले अंग्रेज हैं। हमें कुचला जा सकता है, पर मिटाया नहीं जा सकता है। यह देश का आंदोलन है, सर आंदोलन का खर्च इस देश का किसान वहन कर रहा है। बाहरी ताकतों का आंदोलन नहीं हैं। हम मिटने को तैयार हैं, पर एक कदम पीछे नहीं लेंगे। एक-एक बच्चों के आंखों में आज पानी है। अपने विधायक को और गुर्गों को भेज कर सरकार ने आज बदमाशी की है। उन्होंने सोच है कि वो झण्डा लहरा कर हमारी छवि खराब कर लेंगे। हमारे से ज्यादा यह तिरंगा दिखा लेंगे? एक-एक ट्रैक्टर पर 20-20 तिरंगा है यहाँ। आज हम किसानों से यह राष्ट्रवाद का सुबूत माँग रहे हैं।"

गुरुवार शाम से पुलिस प्रशासन के रुख़ से लग रहा था कि वो अंदोलन स्थल को किसी भी हाल में ख़ाली करा लेंगे। आरोप है कि बीजेपी के स्थानीय नेता अपने समर्थकों के साथ आंदोलन स्थल के पास आए और किसानों को धमकाने की कोशिश की। यही वो बिंदु था जिसने उदासी मे जाते किसान आंदोलन में जान फूंकने का काम किया। इन सबके बीच राकेश टिकैत ने एक भावुक अपील की जिसके बाद से ऐसा लगा जैसे किसानों मे एक अलग ही जोश आ गया।

image

रोहिदा जो रोहतक के किसान हैं, वो कहते हैं, "वहाँ से ट्रैक्टर चल चुके हैं। करीब 200 ट्रैक्टर वहाँ से निकले हैं। टिकैत जी एक-एक आंसू इतिहास में याद रखा जाएगा, उनके आंसू इस सरकार के ताबूत में आखरी कील साबित होगी। उनके आंसू का हिसाब लेने के किसान दूर दराज इलाकों से यहां पहुंच रहे हैं। "

गुरुवार रात दस बजे मुजफ्फरनगर से आए नौजवान किसानों के एक जत्थे ने कहा अब संघर्ष आर-पार का होगा। देर रात होते होते पुलिस बल को वापस बुला लिया गाय है। आपको बता दे किसान पिछले दो महीने से सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी शुरआत से मांग रही है कि नए विवादित कृषि कानूनों को रद्द किया जाए और न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी दी जाए।

गोरखपुर से आए किसान प्रबल प्रताप ने न्यूजक्लिक से बातचीत में कहा, "कल शाम से जब राकेश टिकैत की अगुवाई में पुलिस-प्रशासन से बात कर रहे थे, तभी भाजपा के मौजूदा विधायक अपने समर्थकों के साथ किसानों को अपमानित करने का प्रयास किया, यह बहुत निंदनीय है। भारतीय संस्कृति का वाहक किसान और गाँव हैं, और इनका अपमान करना, भारतीय संस्कृति का अपमान है। यह भाजपा के लोग आज संविधान और कानून से बड़े हो गए हैं। जब पुलिस-प्रशासन यहाँ मौजूद है बात करने के लिए, तो इनकी बात क्यों सुनी जाए जो आधी दुनिया को राष्ट्रभक्ति का सर्टिफिकेट बांटते घूम रहे हैं।  यह तीनों कानून सरकार को वापस लेने होंगे, और न्यूनतम समर्थन मूल के कानून को बनाना होगा। और जिस तरह से इन्होंने किसानों का अपमान किया, आज देखो लोगों की भावनाएं और जमीन से जुड़ा हुआ आंदोलन फिर वापस उठ खाद्य हुआ है। आज फिर जनमानस वापस आ रहा है। जो 26 जनवरी बना कर वापस गए थे, वो एक बार फिर बड़ी तादाद में प्रदर्शन स्थल पर लौट रहे हैं।" 

आइए आपको तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से दिखाते हैं गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार सुबह तक का नज़ारा

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest