Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

महाराष्ट्र से पैदल ही अपने गांव-घर लौट रहे 14 प्रवासी मज़दूरों की मालगाड़ी से कुचलकर मौत

महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में रेल की पटरियों पर सो रहे कम से कम 14 प्रवासी मज़दूरों की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। ये सभी पैदल ही अपने गृह राज्य मध्यप्रदेश लौट रहे थे।
महाराष्ट्र
प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली/औरंगाबाद। कोरोना काल में अब हर दिन की शुरुआत एक दुखद ख़बर से हो रही है। कल गुरुवार सुबह की शुरुआत विशाखापत्तनम गैस हादसे से हुई तो आज प्रवासी मज़दूरों की मौत से। रोज़ सुबह कोरोना से हुई मौतों के आंकड़े तो मिलते ही हैं।   

आज शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में रेल की पटरियों पर सो रहे कम से कम 14 प्रवासी मज़दूरों की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि करमाड पुलिस थाने के तहत आने वाले क्षेत्र में सुबह सवा पांच बजे हुई इस दुर्घटना में दो अन्य मज़दूर घायल हो गए।

करमाड पुलिस थाने के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मध्य महाराष्ट्र के जालना से भुसावल की ओर पैदल जा रहे मज़दूर अपने गृह राज्य मध्यप्रदेश लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि वे रेल की पटरियों के किनारे चल रहे थे और थकान के कारण पटरियों पर ही सो गए थे। जालना से आ रही मालगाड़ी पटरियों पर सो रहे इन मज़दूरों पर चढ़ गई।

पुलिस अधिकारी संतोष खेतमलास ने बताया, ‘‘जालना में एक इस्पात फैक्ट्री में काम करने वाले मज़दूर गत रात पैदल ही अपने गृह राज्य की ओर निकल पड़े थे। वे करमाड तक आए और थककर पटरियों पर सो गए।’’

उन्होंने बताया कि इस हादसे में 14 मजूदरों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। इस समूह के साथ चल रहे तीन मज़दूर जीवित बच गए क्योंकि वे रेल की पटरियों से कुछ दूरी पर सो रहे थे।

उन्होंने बताया कि विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने शोक जताया

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने मज़दूरों की मौत पर शुक्रवार को शोक जताया। नायडू ने ट्वीट किया, ‘‘महाराष्ट्र के औरंगाबाद में ट्रेन हादसे में गई जिंदगियों के बारे में जानकर दुखी हूं। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘महाराष्ट्र के औरंगाबाद में रेल दुर्घटना में लोगों के मारे जाने से बहुत दुखी हूं। रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात की है और वह स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं।’’

modi.JPG

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताते हुए रेल मंत्री पीयूष गोयल से त्वरित जांच और उचित व्यवस्था की मांग की।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार की तरफ से हरेक मृतक श्रमिक के परिजनों को पांच-पांच लाख रूपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
चौहान ने कहा, ‘‘मैं विशेष विमान से उच्च अधिकारियों की एक टीम भेज रहा हूं, जो वहां पर मृतकों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था करेगी और घायलों की हर सम्भव मदद करेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे जी से भी लगातार बात कर रहा हूं और यह व्यवस्था कर रहा हूं कि घायल श्रमिकों के उपचार में कोई भी कमी न रहे ।’’

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest