Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

युगांडा : राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बॉबी वाइन ने चुनाव से पहले सुरक्षा ख़तरे का आरोप लगाया

लंबे समय से राष्ट्रपति रहे योवरी मुसेवेनी के ख़िलाफ़ प्रमुख उम्मीदवार बॉबी वाइन सरकारी अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न को लेकर लगातार शिकायत करते रहे हैं।
युगांडा

युगांडा के राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी बॉबी वाइन ने चुनावों से पहले आरोप लगाया है कि उनकी निजी सुरक्षा को बुधवार 13 जनवरी की मध्यरात्रि में उनके घर से वापस लेने के लिए मजबूर किया गया था। राष्ट्रपति और युगांडा की संसद के लिए चुनाव गुरुवार 14 जनवरी को होना निर्धारित है।

बॉबी वाइन को लंबे समय से राष्ट्रपति रहे योवरी मुसेवेनी के खिलाफ प्रमुख दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। मुसेवेनी अपने छठे कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। महिला नैंसी कलेंबे सहित नौ और प्रत्याशी हैं जो मुसेवेनी के 35 साल के सत्ता के खिलाफ लड़ रहे हैं।

म्यूजिक स्टार से राजनेता बने 38 वर्षीय बॉबी वाइन जिनका मूल नाम रॉबर्ट क्यागुलानी सेंतामू है उन्होंने आरोप लगाया है कि अक्टूबर महीने में जब से अपना नामांकन दाखिल किए हैं तब से अधिकारियों द्वारा लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्हें कई बार सुरक्षा बलों द्वारा कथित रूप से पीटा गया है। उन्हें नवंबर में जब गिरफ्तार किया गया था तब उनके समर्थकों ने इसका विरोध किया था। इसके कारण बड़े पैमाने पर हिंसा हुई जिसमें सुरक्षा बलों द्वारा कई लोग मारे गए थे। फिलहाल उनकी प्रचार टीम जेल में है।

यूनाइटेड नेशन्स हाइ कमिशनर फॉर ह्यूमन राइट्स ने विपक्ष और उनके समर्थकों पर युगांडा सरकार की हिंसक कार्रवाई पर चिंता व्यक्त की है। सरकार ने कहा है कि बॉबी वाइन के खिलाफ कार्रवाई COVID-19 से संबंधित प्रतिबंधों के लगातार उल्लंघन से जुड़ा था।

"नई पीढ़ी के अफ्रीकी नेताओं" के रूप में जाने गए मुसेवेनी की अब उनके विरोधियों ने उन्हें "निरंकुश" बताते हुए आलोचना की है। उनकी सरकार ने राष्ट्रपति पद के लिए कार्यकाल और आयु सीमा को हटाने के लिए संविधान में संशोधन किया था ताकि वह फिर से चुनाव लड़ सकें।

43 मिलियन से अधिक की आबादी वाले देश युगांडा में कुल 18.1 मिलियन पंजीकृत मतदाताओं में से युवा मतदाताओं की संख्या अधिक है। देश की संसद के लिए चुनाव भी इसी दिन होने हैं। मतदाता संसद के 529 सदस्यों का चुनाव करेंगे।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest