Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

इस साल का सरोज स्मृति सम्मान असमिया कवि कविता कर्मकार को

शिवसागर असम की निवासी कविता कर्मकार असमिया, बांग्ला, हिंदी और अंग्रेजी में लिखती हैं। असमिया भाषा में उनके दो कविता संग्रह तथा बांग्ला में एक संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। हिंदी कविताओं का एक संग्रह प्रकाशनाधीन है।
Kavita Karmakar

वर्ष 2023 का जनकवि मुकुट बिहारी सरोज स्मृति सम्मान असमिया भाषा की कवि कविता कर्मकार को प्रदान किया जायेगा।

जनकवि मुकुट बिहारी सरोज स्मृति न्यास के सचिव मान्यता सरोज की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। यह सम्मान समारोह हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सरोज जी के जन्मदिन 26 जुलाई को ग्वालियर में आयोजित होगा।

शिवसागर असम की निवासी कविता कर्मकार असमिया, बांग्ला, हिंदी और अंग्रेजी में लिखती हैं। असमिया भाषा में उनके दो कविता संग्रह तथा बांग्ला में एक संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। हिंदी कविताओं का एक संग्रह प्रकाशनाधीन है ।

इनके अलावा उनके द्वारा अनुवादित 17 किताबें भी हैं जिनका प्रकाशन नेशनल बुक ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया और साहित्य अकादमी ने किया है ! वे 7 किताबों का सम्पादन भी कर चुकी हैं। उनकी कहानियों तथा यात्रा वृतांतों को असम की अनेक प्रतिष्ठित पत्रिकाओं ने स्थान दिया है ।

कविता कर्मकार मानती हैं कि वर्तमान समाज में “कमज़ोर निर्बल लोगो का इतिहास नहीं लिखा जाता है बल्कि इतिहास के वह पन्ने ही गायब कर दिए जाते हैं जहाँ उनका वर्चस्व स्थापित होता नजर आये। जब कभी उभरता है उनका स्वर तो दबा दिया जाता है उनकी समस्या, उनके संघर्ष को अनसुना किया जाता है। बचपन से उनकी सम्वेदनाओं को व्यक्त करते लोकगीत और उनके प्रति हो रहे सामूहिक दमन, सामूहिक प्रतिरोध और सामूहिक मुक्ति की कामना ने मुझे बहुत ज्यादा प्रभावित किया है। इसी प्रभाव ने मुझे उनके मौन को स्वर और शब्द देने के लिए प्रेरित किया है। ”

(दिवंगत) मुकुट बिहारी सरोज। आपके नाम से ही यह सम्मान दिया जाता है। फ़ाइल फ़ोटो

जनकवि मुकुट बिहारी सरोज सम्मान सम्मान हिंदी के अलावा अब तक उर्दू, संथाली, बुंदेली, अंग्रेजी, ओरांव भाषा के कवियों को दिया जा चुका है। न्यास की विज्ञप्ति के अनुसार कविता कर्मकार को दिया जाने वाला यह 19वां सरोज सम्मान है तथा इससे सम्मानित होने वाली वे 20वीं कवि हैं ।

यह सम्मान उनकी रचनाधर्मिता के उत्तरोत्तर विकास की कामना के साथ उत्तरपूर्व की समृद्ध भाषाओं तथा उनमे सृजन करने वाले समर्थ रचनाकारों के प्रति आदर और कृतज्ञता की निर्मल अभिव्यक्ति भी है।

जनकवि मुकुट बिहारी सरोज स्मृति सम्मान से अभी तक सीताकिशोर खरे (सेंवढ़ा), निर्मला पुतुल (दुमका झारखण्ड), निदा फ़ाज़ली (मुम्बई), कृष्ण बक्षी (गंज बासौदा), अदम गोंडवी (गोंडा), उदय प्रताप सिंह (दिल्ली-मैनपुरी), नरेश सक्सेना (लख़नऊ), राजेश जोशी (भोपाल), डॉ. सविता सिंह (दिल्ली), राम अधीर (भोपाल), प्रकाश दीक्षित (ग्वालियर), कात्यायनी (लख़नऊ), महेश कटारे 'सुगम' (बीना), शुभा तथा मनमोहन (रोहतक) मालिनी गौतम (गुजरात) विष्णु नागर(दिल्ली) , जसिंता केरकट्टा (राँची) तथा देवेन्द्र आर्य (गोरखपुर) को अभिनंदित किया जा चुका है।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest